Latur News: लातूर में हॉस्टल का खाना खाने से 50 छात्राओं की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

महाराष्ट्र के लातूर में गर्ल्स हॉस्टल में विषाक्त खाना खाने से 50 छात्राएं बीमार पड़ गई। बीमार छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है और लोग कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

सांकेतिक फोटो।

महाराष्ट्र के लातूर शहर में एक सरकारी कॉलेज के छात्रावास में रात का भोजन करने के बाद संदिग्ध खाद्य विषाक्तता के कारण करीब 50 छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। ‘पुरणमल लाहोटी शासकीय पॉलिटेक्निक’ के इस छात्रावास में 324 छात्राएं रहती हैं। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार शाम करीब सात बजे छात्राओं ने चावल, चपाती, ‘ओकरा’ सब्जी खायी और दाल का सूप पीया। रात साढ़े आठ बजे तक उनमें से कई को बेचैनी महसूस हुई तथा कुछ छात्राओं को उल्टी होने लगी।

खाना खाने के बाद छात्राएं बीमार

यह सूचना मिलने पर कॉलेज के प्रधानाचार्य मौके पर पहुंचे और लातूर में विलासराव देशमुख राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डीन डॉ. उदय मोहिते को सूचित किया। पीड़ित छात्राओं को तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। डॉ. मोहिते ने बताया कि मध्यरात्रि तक करीब 50 छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनमें से 20 को देर रात तीन बजे तक अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। 30 अन्य छात्राओं का अस्पताल में उपचार हो रहा है। इनमें से किसी की हालत गंभीर नहीं है।

बीमार पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती

कॉलेज प्रधानाचार्य वी डी नितनावरे ने कहा कि छात्रावास की कुछ छात्राओं की तबीयत खराब होने की खबर मिलने के बाद हम तुरंत मौके पर पहुंचे। सभी पीड़ित छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह सुनिश्चत करने के लिए व्यापक स्वास्थ्य जांच की गयी कि किसी छात्रा को कोई खतरा न हो। चिंता की कोई बात नहीं है।
End Of Feed