आज से खुल रहा कोस्टल रोड से बांद्रा-वर्ली सी लिंक, अब मरीन ड्राइव से वर्ली सिर्फ 15 मिनट में पहुंचेंगे

कोस्टल रोड के माध्यम से दक्षिण मुंबई से बांद्रा की ओर जाने वाले वाहन सुबह सात बजे से रात 11 बजे के बीच सीधे सी लिंक में प्रवेश कर सकते हैं।

बांद्रा-वर्ली सी लिंक

Coastal Road to Bandra-Worli Sea Link: मुंबई में कोस्टल रोड पर उत्तर की ओर जाने वाले वाहन आज से बांद्रा-वर्ली ‘सी लिंक’ में सीधे प्रवेश कर सकेंगे। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने यह जानकारी दी। कोस्टल रोड की अनुमानित लागत करीब 14 हजार करोड़ रुपये है, यह मोटरमार्ग बांद्रा-वर्ली सी लिंक के साथ सीधा संपर्क प्रदान करेगी, जिससे दक्षिण मुंबई और उपनगरों के बीच यात्रा का समय कम हो जाएगा और यातायात सुगम होगा।

सुबह सात बजे से रात 11 बजे के बीच सीधे प्रवेश

बीएमसी अधिकारियों ने बताया था कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार कोस्टल रोड और सी लिंक को जोड़ने वाले मार्ग का गुरुवार को निरीक्षण करेंगे। इसके बाद इसे अगले दिन यानी शुक्रिवार को वाहनों के आवागमन के लिए खोला जाएगा। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि कोस्टल रोड के माध्यम से दक्षिण मुंबई से बांद्रा की ओर जाने वाले वाहन सुबह सात बजे से रात 11 बजे के बीच सीधे सी लिंक में प्रवेश कर सकते हैं, जबकि दक्षिण की ओर जाने वाले वाहनों को कोस्टल रोड के दोनों छोर को सी लिंक से जुड़ने तक मौजूदा मार्ग से ही जाना होगा।

मरीन ड्राइव से वर्ली तक 15 मिनट से भी कम

इससे अब वाहन चालक मरीन ड्राइव से वर्ली तक 15 मिनट से भी कम समय में पहुंच सकते हैं। महत्वाकांक्षी 10.58 किलोमीटर लंबी परियोजना का निर्माण अक्टूबर 2018 में शुरू हुआ था। उत्तर की ओर जाने वाला कैरिजवे 10 जून को केवल मरीन ड्राइव से हाजी अली तक खोला गया था, इसके बाद 11 जुलाई को हाजी अली से वर्ली तक खोला गया था।
End Of Feed