मुंबई की एक बिल्डिंग में लगी आग, धुएं के कारण 13 लोगों को सांस लेने में तकलीफ, अस्पताल में भर्ती

मुंबई के घाटकोपर इलाके में एक बिल्डिंग में आग लगने से 13 लोग घायल हो गए। इन लोगों का दम घुटने लगा। जिसके बाद इन्हें अस्पताल भेजा गया। वहीं लगभग 90 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। आग पर भी काबू पा लिया गया है।

fire brigade

बिल्डिंग में लगी आग पर पाया काबू (सांकेतिक फोटो)

महाराष्ट्र में मुंबई के घाटकोपर इलाके में बीती रात को सात मंजिला इमारत के भूतल पर आग लग गई। जिससे 13 लोगों का दम घुटने लगा, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ितों में नौ महिलाएं शामिल हैं। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

बिजली रूम में लगी थी आग

अधिकारी ने बताया कि घाटकोपर के पूर्वी क्षेत्र में पंतनगर की रमाबाई कॉलोनी स्थित शांति सागर नामक इमारत में बीती रात 1.35 बजे आग लग गई, जिसके बाद वहां से करीब 90 निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्होंने कहा, ‘‘आग भूतल के बिजली कक्ष में लगी थी। हालांकि आग तारों और अन्य उपकरणों तक ही सीमित रही। आग के कारण पूरी इमारत में धुआं फैल गया।’’

एक व्यक्ति को मिली अस्पताल से छुट्टी

अधिकारी ने कहा, ‘‘इस घटना के बाद इमारत की विभिन्न मंजिलों पर फंसे 80 से 90 लोगों को सुरक्षित बचाकर सीढ़ियों के जरिए नीचे उतारा गया। देर रात दो बजकर पांच मिनट पर आग पर काबू पा लिया गया। इमारत में धुआं फैल जाने के कारण 13 लोगों ने सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की, जिनमें से 12 को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि एक को बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।’’
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | मुंबई (cities News) और बजट 2024 (Union Budget 2024) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

Pooja Kumari author

पूजा सितंबर 2023 से Timesnowhindi.com से जुड़ी हुई हैं। यहां बतौर कॉपी एडिटर सिटी न्यूज, मेट्रो- रेल और रोड इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited