Munger News: ड्यूटी के 'खेल' में लपेटे गए 27 दारोगा, जानें एसपी ने क्यों चलाया सस्पेंशन का डंडा

बिहार के मुंगेर में एक साथ 27 दारोगा सस्पेंड होने से पुलिस महकमें में हड़कंप मचा हुआ है। सस्पेंड होने वाले ये सभी दारोगा 2020 बैच के बताए जा रहे हैं।

मुंगेर में 27 दारोगा सस्पेंड

मुंगेर: जिले में ड्यूटी में लापरवाही और मनमानी बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुंगेर पुलिस अधीक्षक ने बड़ा एक्शन लिया है। शुक्रवार को एसपी जेजे रेड्डी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 27 प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों (ट्रेनी दारोगा) को सस्पेंड कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, छठ पूजा में विधि व्यवस्था संधारण को लेकर सस्पेंड होने वाले सभी पुलिसकर्मियों ने अपने ड्यूटी वाले स्थान पर योगदान नहीं दिया था। लिहाजा, एसपी ने एक साथ इतनी बड़ी कार्रवाई की है।

ये है निलंबन का कारण

निलंबित किए गए सभी को दारोगा को राजगीर पुलिस अकादमी से मुंगेर भेजा गया था। दरअसल, बिहार पुलिस मुख्यालय के आदेश पर बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में प्रशिक्षणरत कुल- 39 प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों को छठ पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संबंधी व्यवहारिक प्रशिक्षण के लिए मुंगेर जिला में प्रतिनियुक्त किया गया था। सभी पीएसआई इस माह की 16 तारीख को मुंगेर पहुंचे और पुलिस केन्द्र मुंगेर में योगदान कर रहे थे। योगदान करने वाले सभी प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षकों को छठ पूजा में विधि-व्यवस्था संधारण के लिए विभिन्न थाना / ओ0पी0 में प्रतिनियुक्त किया गया, लेकिन इन 39 पीएसआई में से 27 पीएसआई की ओर से संबंधित थाना में योगदान नहीं किया गया।

2020 बैच के दारोगा

इतनी बड़ी लापरवाही और मनमानी से मुंगेर एसपी नाराज हो गए। उन्होंने, छठ पर्व जैसे महत्वपूर्ण पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण ड्यूटी में ससमय अपने कर्त्तव्य पर योगदान नहीं करने के आरोप में कुल 27 प्रशिक्षु पुलिस अवर निरीक्षक को निलंबित किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। साथ ही बताया कि सस्पेंड होने के बाद कई पीएसआई अपने तय स्थान पर जाकर योगदान दे रहे हैं। निलंबित होने वाले सभी पीएसआई 2020 बैच के दारोगा हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | शहर (cities News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |
End Of Feed