UP Lok Sabha Chunav 2024 Phase 2: नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और अलीगढ़ सहित दूसरे चरण में जानिए UP की 8 सीटों पर कौन हैं प्रत्याशी

UP Lok Sabha Chunav 2024 Phase 2 Voting Schedule in Hindi, Key Candidates, Constituency : लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होगा। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर मतदान होगा। इन 8 में से 5 सीटें NCR में आती हैं। चलिए जानते हैं सभी आठ सीटों के प्रमुख उम्मीदवार कौन-कौन हैं। किस पार्टी ने किस पर दांव लगाया है, 26 April 2024 को नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और अलीगढ़ सहित दूसरे चरण में वोट डालें जाएंगे।

Noida Ghaziabad meerut Loksabha Election.

लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में यूपी की 8 सीटों के प्रमुख उम्मीदवार

UP Lok Sabha Chunav 2024 Phase 2 Schedule in Hindi, Key Candidates, Constituency: देश 18वीं लोससभा के लिए हो रहे लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में शुक्रवार 26 अप्रैल मतदान होगा। इस चरण में उत्तर प्रदेश की कुल 8 सीटों पर मतदान होगा। पहले चरण में भी उत्तर प्रदेश की 9 सीटों पर ही मतदान हुआ था। दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की ज्यादातर दिल्ली-एनसीआर की सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में एनसीआर के गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), मेरठ, बागपत, बुलंदशहर के अलावा अमरोहा, अलीगढ़ और मथुरा में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। लोकसभा चुनाव के इस दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की इन 8 सीटों पर कई बड़े नेताओं की किस्मत दांव पर है। इस आर्टिकल में जानते हैं किस सीट पर कौन-कौन प्रमुख उम्मीदवार हैं -

गाजियाबाद (Ghaziabad Lok Sabha Elections 2024: Voting Date, Results, Candidates, Main parties)

दिल्ली से सटी उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद लोकसभा सीट पारंपरिक तौर पर केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) का गढ़ रही है। राजनाथ सिंह (2009) और जनरल वीके सिंह (2014-2019) जैसे बड़े नेता यहां से चुनकर संसद पहुंचे हैं। हालांकि लोकसभा चुनाव 2024 में सत्तारूढ़ NDA गठबंधन की ओर से भाजपा ने अतुल गर्ग को यहां से अपना उम्मीदवार बनाया है। भाजपा के अतुल गर्ग के सामने विपक्षी गठबंधन INDIA की ओर से कांग्रेस ने डॉली शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। उधर मायावती की पार्टी बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने नंदकिशोर पुंडीर को टिकट दी है। जातीय गणित की बात करें तो गाजियाबाद में राजपूत वोटों को निर्णायक माना जाता है। इस बार भाजपा ने वैश्य, कांग्रेस ने ब्राह्मण और बीएसपी ने राजपूत समाज से अपना प्रत्याशी चुना है।

तीन रिश्तेदारों की टक्कर

गाजियाबाद सीट पर इस बार चुनावी समीकरण बड़ा ही रोचक है, क्योंकि यहां कुल 14 उम्मीदवारों में से तीन रिश्तेदार हैं। नंदकिशोर पुंडीर के अलावा उनकी पत्नी कविता और भतीजे अभिषेक पुंडीर भी चुनाव लड़ रहे हैं और दोनों निर्दलीय के तौर पर मैदान में हैं। साल 2008 में अस्तित्व में आई थी और 2009 में हुए पहले चुना से ही यह सीट लगातार भाजपा जीतती रही है। इसके अंतर्गत लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद और धौलाना विधानसभा सीटें आती हैं। यहां पर कुल 29 लाख से ज्यादा वोटर्स हैं।

प्रमुख उम्मीदवार

  • अतुल गर्ग - भाजपा/NDA
  • डॉली शर्मा - कांग्रेस/INDIA
  • नंदकिशोर पुंडीर - BSP

गौतमबुद्ध नगर (Gautambudh Nagar Lok Sabha Elections 2024: Voting Date, Results, Candidates, Main parties)

गौतमबुद्ध नगर जिले के प्रमुख शहरों की बात करें तो इसमें नोएडा और ग्रेटर नोएडा शामिल हैं। यह सीट साल 2008 में अस्तित्व में आई। पहले यह क्षेत्र खुर्जा लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा था। इस लोकसभा क्षेत्र में बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर जिले के कई इलाके आते हैं। इसके अंतर्गत कुल पांच विधानसभा सीटें आती हैं, जिनके नाम नोएडा, जेवर, दादरी, सिकंदराबाद और खुर्जा हैं। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट अस्तित्व में आने के बाद यहां पर तीन बार चुनाव हो चुके हैं। साल 2009 में हुए पहले चुनाव में यहां से उस समय राज्य में सत्तारूढ़ बहुजन समाज पार्टी को जीत मिली। जबकि साल 2014 और 2019 में भाजपा नेता महेश शर्मा इस सीट से चुनाव जीते।
जब बात गौतमबुध नगर लोकसभा सीट की होती है तो आमतौर पर लोग इसे नोएडा लोकसभा सीट कहकर भी पुकारते हैं। ऐसा इसलिए भी क्योंकि नोएडा इस लोकसभा क्षेत्र का सबसे बड़ा शहर है। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा लगातार तीसरी बार इस सीट से भाग्य आजमा रहे हैं। अब देखना होगा कि वह जीत की हैट्रिक लगाते हैं या किसी अन्य को जनता का आशीर्वाद मिलता है।

प्रमुख उम्मीदवार

  • डॉ. महेश शर्मा - भाजपा/NDA
  • राजेंद्र सिंह सोलंकी - BSP
  • डॉ. महेंद्र नागर - समाजवादी पार्टी/INDIA

बुलंदशहर (Bulandshahr Lok Sabha elections 2024: Voting Date, Results, Candidates, Main parties)

NCR की लोकसभा सीटों में से एक बुलंदशहर भी है। इस लोकसभा क्षेत्र में बुलंदशहर, अनूपशहर, खुर्जा, स्याना, डिबाई, सिकंदराबाद और शिकारपुर जैसे शहर आते हैं। साल 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में बुलंदशहर लोकसभा सीट पर करीब 17 लाख, 88 हजार मतदाता थे। लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में यहां 26 अप्रैल को मतदान होगा। पिछले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार डॉ. भोला सिंह ने यहां से जीत दर्ज की थी। उन्हें कुल 6 लाख, 81 हजार से ज्यादा वोट मिले थे, जबकि BSP उम्मीदवार योगेश वर्मा को 3 लाख, 91 हजार से ज्यादा मत मिले ते। लोकसभा चुनाव 2024 में भी बुलंदशहर सीट पर मुख्य मुकाबला NDA और India गठबंधन के अलावा BSP के बीच है।

प्रमुख उम्मीदवार

  • डॉ. भोला सिंह - भाजपा/NDA
  • शिवराम वाल्मीकि - कांग्रेस/INDIA
  • गीरीश चंद्र जाटव - BSP

मेरठ (Meerut Lok Sabha elections 2024: Voting Date, Results, Candidates, Main parties)

मेरठ, NCR में एक खास स्थान रखता है। मेरठ को लेकर केंद्र सरकार का रुख भी काफी स्पष्ट है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद जैसे शहरों से भीड़ कम करने और मेरठ के लोगों को दिल्ली आने में सहूलियत के लिए दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे के अलावा नमो भारत ट्रेन भी चलाई जा रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की यह सीट काफी अहम है, क्योंकि मेरठ पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख जिला और शहर है। मेरठ लोकसभा सीट में मेरठ और हापुड़ जिले के कुछ इलाके आते हैं। साल 1996 से लगातार भारतीय जनता पार्टी यहां से चुनाव जीत रही है। साल 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में BJP उम्मीदवार राजेंद्र अग्रवाल करीब 5000 मतों ये चुनाव जीत पाए थे। उन्होंने सपा-बसपा के उम्मीदवार हाजी याकूब कुरैशी को हराया था।
इस बार भारतीय जनता पार्टी ने 80 के दशक के मशहूर टीवी सीरियल रामायण के प्रमुख किरदार यानी राम बने अरुण गोविल को अपना उम्मीदवार बनाया है। अरुण गोविल मेरठ में ही पले बढ़े हैं और ग्रेजुएशन तक यहीं रहे हैं। उधर समाजवादी पार्टी ने यहां से पूर्व मेयर सुनीत वर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है। उनका नाम तय करने से पहले पार्टी ने पहले सुप्रीम कोर्ट के वकील भानू प्रताप सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया था, जिन्हें बदलकर सरधना से विधायक अतुल प्रधान का नाम तय किया गया। लेकिन अंतिम क्षणों में पार्टी ने उन्हें हटाकर सुनीता वर्मा को प्रत्याशी बनाया।

प्रमुख उम्मीदवार

  • अरुण गोविल - भाजपा/NDA
  • सुनीत वर्मा - समाजवादी पार्टी/INDIA
  • देवव्रत त्यागी - BSP

बागपत (Baghpat Lok Sabha elections 2024: Voting Date, Results, Candidates, Main parties)

बागपत भी यूपी में NCR की एक प्रमुख सीट है। किसान बहुल इस सीट पर मतदाता किस पार्टी या गठबंधन को अपना समर्थन देते हैं इसका इंतजार हर किसी को है। केंद्र में सत्तारूढ़ NDA गठबंधन में शामिल होने के बाद यह सीट राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के हिस्से गई है। RLD का किसानों के बीच अच्छा जनसमर्थन माना जाता है। RLD ने यहां से राजकुमार सांगवान को अपना उम्मीदवार बनाया है। विशेषतौर पर किसान आंदोलन के बाद विपक्षी गठबंधन India और समाजवादी पार्टी किसानों की नाराजगी को अपने हित में मान रही है। लेकिन RLD की NDA में वापसी के बाद NDA भी बागपत सीट को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है। साल 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा के सत्यपाल मलिक यहां से चुनाव जीते थे। उन्हें कुल 5 लाख 25 हजार से ज्यादा वोट मिले थे, दूसरे नंबर पर RLD के मौजूद प्रमुख जयंत चौधरी 5 लाख, 2 हजार से कुछ ज्यादा वोट लाकर दूसरे नंबर पर रहे थे।

प्रमुख उम्मीदवार

  • राजकुमार सांगवान - RLD/NDA
  • मनोज चौधरी - समाजवादी पार्टी/INDIA
  • प्रवीण बंसल - BSP

मथुरा (Mathura Lok Sabha elections 2024: Voting Date, Results, Candidates, Main parties)

अयोध्या के राम जन्मभूमि में राम लला का मंदिर बनने के बाद मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि को लेकर भी कयास लगाए जाने लगे। इस लोकसभा सीट पर भी चुनाव काफी हद तक कृष्ण जन्मभूमि मंदिर विवाद से प्रभावित होता है। पिछले दो लोकसभा चुनाव यानी 2014 और 2019 में भारतीय जनता पार्टी की नेता और फिल्म एक्ट्रेस हेमा मालिनी यहां से चुनाव जीती हैं। 2019 में 6 लाख, 71 हजार से ज्यादा (60.88 प्रतिशत) वोट मिले थे, जबकि 2014 में वह 5 लाख, 74 हजार से अधिक (52.11 फीसद) मत पाने में सफल रही थीं।

प्रमुख उम्मीदवार

  • हेमा मालिनी - BJP/NDA
  • मुकेश ढांगर - कांग्रेस/INDIA
  • सुरेश सिंह - BSP

अलीगढ़ (Aligarh Lok Sabha elections 2024: Voting Date, Results, Candidates, Main parties)

उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से एक अलीगढ़ भी है, जिस पर शुक्रवार 26 अप्रैल को मतदान होगा। साल 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में यहां 61.68 फीसद मतदान हुआ था। भारतीय जनता पार्टी ने अपने दो बार के सांसद सतीश कुमार गौतम पर ही एक बार फिर भरोसा जताया है। सतीश कुमार गौतम ने साल 2014 में यहां से5 लाख, 14 हजार से ज्यादा (44.24 फीसद) मत हासिल किए थे। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें कुल 6 लाख, 56 हजार से अधिक (56.42 प्रतिशत) वोट मिले। अलीगढ़ लोकसभा क्षेत्र में अलीगढ़ जिले के अलावा एटा, कासगंज और हाथरस के कुल 17 विधानसभा क्षेत्र आते हैं।
बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अलीगढ़ सीट से AIMIM के पूर्व अध्यक्ष गुरफान नूर को अपना उम्मीदवार बनाया था। लेकिन उन्हें हार्ट अटैक आने के बाद पार्टी ने हितेंद्र उपाध्याय को अपना प्रत्याशी बनाया है। माना जा रहा है कि भाजपा के सतीश गौतम के सामने हितेंद्र उपाध्याय एक मजबूत ब्राह्मण चेहरा साबित हो सकते हैं।

प्रमुख उम्मीदवार

  • सतीश गौतम - BJP/NDA
  • ब्रिजेंद्र सिंह - समाजवादी पार्टी/INDIA
  • हितेंद्र उपाध्याय उर्फ बंटी - BSP

अमरोहा (Amroha Lok Sabha elections 2024: Voting Date, Results, Candidates, Main parties)

लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की जिन 8 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से एक अमरोहा सीट भी है। अमहोरा में मुख्य मुकाबला NDA और INDIA दो गठबंधनों के बीच है। हालांकि, BSP भी यहां मजबूत पार्टी है। विपक्षी गठबंधन INDIA की ओर कांग्रेस नेता दानिश अली अमरोहा से उम्मीदवार हैं, जबकि NDA की ओर से भाजपा नेता कंवर सिंह तंवर चुनावी मैदान में हैं। बहुजन समाज पार्टी ने मुजाहिद हुसैन को अपना प्रत्याशी बनाया है। दानिश अली ने साल 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में BSP की टिकट पर यहां से चुनाव जीता था, लेकिन इस बार वह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। अमरोहा उत्तर प्रदेश की उन 17 सीटों में से एक है, जिस पर INDIA गठबंधन की ओर से कांग्रेस नेता चुनाव लड़ रहे हैं।

प्रमुख उम्मीदवार

  • कंवर सिंह तंवर - BJP/NDA
  • दानिश अली - कांग्रेस/INDIA
  • मुजाहिद हुसैन - BSP

ये हैं दूसरे चरण की सभी 8 सीटों के प्रमुख उम्मीदवारों की लिस्ट (Lok Sabha Chunav Phase 2 Voting Key Candidate List)

लोकसभा सीटNDA गठबंधनINDIA गठबंधनबसपा
अमरोहाकंवर सिंह तंवर (भाजपा)दानिश अली (कांग्रेस)मुजाहिद हुसैन
मेरठअरुण गोविल (भाजपा)सुनीत वर्मा (समाजवादी पार्टी)देवव्रत त्यागी
मथुराहेमा मालिनी (भाजपा)मुकेश ढांगर (कांग्रेस)सुरेश सिंह
बागपतराजकुमार सांगवान (RLD)मनोज चौधरी (मनोज चौधरी)प्रवीण बंसल
अलीगढ़सतीश गौतम (सतीश गौतमब्रिजेंद्र सिंह (समाजवादी पार्टीहितेंद्र उपाध्याय उर्फ बंटी
गाजियाबादअतुल गर्ग (भाजपा)डॉली शर्मा (कांग्रेस)नंद किशोर पुंडीर
गाौतमबुद्ध नगरडॉ. महेश शर्मा (महेश शर्मा)डॉ. महेंद्र नागर (समाजवादी पार्टी)राजेंद्र सिंह सोलंकी
बुलंदशहरडॉ. भोला सिंह (भाजपा)शिवराम वाल्मीकि (कांग्रेस)गीरीश चंद्र जाटव
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | नोएडा (cities News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

लेटेस्ट न्यूज

Digpal Singh author

खबरों की दुनिया में लगभग 19 साल हो गए। साल 2005-2006 में माखनलाल चतुर्वेदी युनिवर्सिटी से PG डिप्लोमा करने के बाद मीडिया जगत में दस्तक दी। कई अखबार...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited