1 अक्टूबर से बढ़ जाएगा यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स, जानें पर किलोमीटर कितना लगेगा चार्ज

यमुना एक्सप्रेसवे पर 1 अक्टबूर से टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी होने वाली है। मंगलवार से टोल की दरों में 12 फीसदी का इजाफा हो रहा है। इस एक्सप्रेसवे के टोल रेट को तीन सालों के बाद बढ़ाया गया है। आइए जानते हैं कि इस टोल की नई दरें क्या होंगी।

yamuna expressway toll price

यमुना एक्सप्रेसवे

Yamuna Expressway Toll Price: यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करना लोगों के लिए महंगा होने वाला है। मंगलवार से इस एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स बढ़ जाएगा। इस एक्सप्रेसवे का रखरखाव करने वाली एजेंसी यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने (YEIDA) ने 1 अक्टूबर से टोल टैक्स में इजाफा करने का फैसला किया है। यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल की दरों में 12 फीसदी की बढ़ोत्तरी की गई है। तीन सालों में यह पहली बार है जब इस एक्सप्रेसवे का टोल रेट बढ़ाया गया है।

टोल टैक्स में 12 फीसदी का इजाफा

यीडा के सीईओ डॉ. अरुण वीर सिंह ने कहा कि टोल ऑपरेटर जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड साल 2021-22 से यमुना एक्सप्रेव पर टोल रेट बढ़ाने का अनुरोध कर रहे हैं। लेकिन हमने जनता को लाभ पहुंचाने के लिए तीन सालों तक टोल टैक्स में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की। उन्होंने टोल रेट को बढ़ाने के फैसले का बचाव करते हुए यह भी कहा कि तीन सालों से टोल रेट बदला नहीं गया था। इस कारण इस बार टोल रेट में 12 फीसदी की बढ़ोत्तरी को सालाना 4 प्रतिशत के तौर पर देखना चाहिए।

दो पहिया वाहनों पर कितना लगेगा टोल टैक्स

यमुना एक्सप्रेसव पर टोल की नई दरें लागू होने के बाद कार और जीप के लिए एक तरफ से करीब 500 रुपये लगेंगे। वहीं दोपहिया वाहनों को करीब 250 रुपये टोल टैक्स देना होगा। अन्य वाहनों को कार और बाइक की तुलना में अधिक टोल टैक्स देना होगा। यमुना एक्सप्रेसवे पर 1 अक्टूबर से भारी व्यावसायिक वाहनों के लिए टोल रेट 14.25 रुपये प्रति किमी कर दिया गया है। अभी यह रेट 12.90 रुपये प्रति किमी है। वहीं बड़े आकार के वाहनों के लिए भी टोल टैक्स को बढ़ाया गया है। इन वाहनों को 18.35 रुपये प्रति किमी टोल रेट देना होगा। यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स में बदलाव के बाद एजेंसी को कुल वार्षिक संग्रह से करीब एक करोड़ रुपये का लाभ होगा।

यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल की नई दरें

अरुण वीर सिंह ने बताया कि टोल के नए रेट के अनुसार आगरा से ग्रेटर नोएडा के बीच चार पहिया वाहन, हल्के वाहन और जीप को 486.75 रुपये टोल टैक्स देना होगा। वहीं छोटे वाहनों और हल्के व्यावसायिक वाहनों के लिए 759 रुपये टोल लगेगा। बस-ट्रक के लिए 1542.75 रुपये, भारी निर्माण कार्य की मशीनों के लिए 2186.25 रुपये और बहुत बड़े वाहनों के लिए 3027.75 रुपये टोल टैक्स देना होगा। गौरतलब है कि टोल टैक्स के रूप में लिए जाने वाले पैसों को सड़क निर्माण, रखरखाव, यातायात प्रबंधन, रोड सेफ्टी समेत कई जरूरी कार्यों में इस्तेमाल किया जाता है।

यमुना एक्सप्रेसवे पर तीन टोल बूथ

छह लेन वाला यमुना एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश का सबसे पुराना एक्सप्रेसवे है। यह एक्सप्रेसवे मथुरा, अलीगढ़ जैसे पश्चिमी यूपी के प्रमुख शहरों से होकर गुजरता है और आगरा को नोएडा से जोड़ता है। यह एक्सप्रेसवे नोएडा से आगरा के बीच के सफर के समय को घटा देता है। यमुना एक्सप्रेसवे से चार घंटे की जगह सिर्फ 2:30 घंटे में ही नोएडा और आगरा के बीच की दूरी तय हो जाती है। इस एक्सप्रेसवे पर तीन टोल बूथ जेवर, मथुरा और आगरा में बने हैं। वर्तमान में इस एक्सप्रेसवे से हर घंटे रोजाना करीब 35 हजार वाहन गुजरते हैं। जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद इस एक्सप्रेसवे का महत्व हो और ज्यादा हो जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। नोएडा (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

लेटेस्ट न्यूज

Pooja Kumari author

पूजा सितंबर 2023 से Timesnowhindi.com से जुड़ी हुई हैं। यहां बतौर कॉपी एडिटर सिटी न्यूज, मेट्रो- रेल और रोड इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited