जमशेदपुर से उड़ान भरते ही गायब हो गया विमान, सात घंटे बाद भी नहीं चला पता; प्रशिक्षण में होता था प्रयोग

झारखंड में उड़ान भरने के बाद एक प्लेन के क्रैश होने की संभावना है। 2 सीटर यह विमान पायलटों को प्रशिक्षित करने के काम में आता था।

jharkhand plane crash

झारखंड में ट्रेनी विमान क्रैश (प्रतीकात्मक फोटो- Pixabay)

मुख्य बातें
  • झारखंड में प्लेन हुआ गायब
  • प्रशिक्षण विमान उड़ान भरने के बाद गायब
  • अधिकारी चला रहे सर्च ऑपरेशन
झारखंड के जमशेदपुर से उड़ा एक प्लेन कहां गायब हो गया है, उसका पता नहीं चल पा रहा है। प्लेन के गायब हुए सात घंटे से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन न तो पायलट का पता चला है और न ही विमान का। आशंका जताई जा रही है कि प्लेन क्रैश हो गया होगा, हालांकि मलबा कहीं नहीं मिला है। इस प्लेन का प्रयोग पायलटों का प्रशिक्षण देने में किया जाता है।

अलकेमिस्ट एविएशन का था विमान

रिपोर्ट्स के अनुसार जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से मंगलवार सुबह उड़ान भरने के बाद लापता अलकेमिस्ट एविएशन के प्रशिक्षण विमान के बारे में सात घंटे बाद भी पता नहीं चल सका है। विमान के क्रैश होने की आशंका जताई जा रही है। विमान में पायलट के अलावा एक ट्रेनी सवार था। एयरपोर्ट प्रबंधन ने पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला जिला प्रशासन की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।

दो सीटों वाला विमान

हवाई अड्डे के सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि यह दो सीटों वाला सेसना 152 विमान था जिसने सुबह 10.30 बजे सोनारी हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। इसके 50 मिनट बाद 11.20 बजे विमान का संपर्क टूट गया। उन्होंने बताया कि विमान का अंतिम लोकेशन जमशेदपुर से उत्तर-पश्चिम में चांडिल-दलमा की तरफ मिला था।

क्रैश की संभावना

हादसे की आशंका को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन को सूचना दी गई है और तलाशी अभियान जोर-शोर से जारी है। इस छोटे विमान में इतना ईंधन नहीं था कि यह इतने लंबे समय तक उड़ान भर सके। ऐसे में विमान के क्रैश होने की आशंका काफी प्रबल है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | राँची (cities News) और बजट 2024 (Union Budget 2024) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

शिशुपाल कुमार author

पिछले 10 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करते हुए खोजी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक अपनी समझ विकसित की है। जिसमें कई सीनियर सं...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited