Bird Flu को लेकर रांची में हाई अलर्ट, क्वॉरेंटाइन में पांच लोग, अस्पतालों का लिया गया जायजा

रांची में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। दिल्ली से संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम स्थिति का जायजा लेने के लिए रांची पहुंच चुकी है। ​​रांची के क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र को बर्ड फ्लू का एपिक सेंटर बताया गया है।

रांची में बर्ड फ्लू का अलर्ट (फोटो साभार - ट्विटर)

Bird Flu in Ranchi: रांची में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद दिल्ली से पहुंची केंद्रीय टीम ने स्वास्थ्य सेवाओं की आपात स्थिति और संक्रमण के प्रसार पर रोक के लिए की जा रही कार्रवाई का जायजा लिया। टीम में संयुक्त सचिव के स्तर के अधिकारी और विशेषज्ञ डॉक्टर हैं। उन्होंने रांची स्थित मेडिकल कॉलेज और सदर हॉस्पिटल का निरीक्षण कर आइसोलेशन वार्ड, ऑक्सीजन बेड, पीपीई किट, एंटी वायरल एवं अन्य व्यवस्था की जानकारी ली।

बर्ड फ्लू का एपिक सेंटर

रांची के होटवार स्थित क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र को बर्ड फ्लू का एपिक सेंटर बताया गया है। यहां करीब ढाई हजार मुर्गियों और बत्तखों को मारा गया है। इस कार्य में लगाए गए पांच कर्मियों को क्वारंटाइन किया गया है। यह एहतियाती कदम इसलिए उठाया गया कि पक्षियों से एवियन इन्फ्लूएंजा का वायरस इंसानों में न पहुंचे। एपिक सेंटर के एक किलोमीटर के दायरे में मुर्गी, बत्तख, अंडे की आवाजाही और खरीद बिक्री पर रोक लगा दी गयी है। इन क्षेत्रों में मुर्गियों, बत्तख की कलिंग भी कराई जा रही है।

दो दर्जन चूजों की मौत

बता दें कि होटवार स्थित क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र में बीते 12-13 अप्रैल को दो दर्जन चूजों की मौत के बाद उनके सैंपल जांच के लिए भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान भेजे गए थे, जहां बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। शनिवार को रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग और डिस्ट्रिक्ट सर्विलांस यूनिट की टीम ने होटवार क्षेत्रीय कुक्कुट प्रक्षेत्र पहुंचकर उन सभी लोगों के सैंपल लिए, जिन्हें पक्षियों के निस्तारण के काम में लगाया गया था। पक्षियों के संपर्क में रहने वालों के भी सैंपल लिए गए हैं।
End Of Feed