दो राज्यों के बॉर्डर पर मौजूद एक रेलवे स्टेशन, जहां टॉयलेट के बाद हाथ धोने दूसरे राज्य में जाना पड़ता है!

एक ही नाम के शहर और कस्बे आपने अलग-अलग राज्यों में देखे होंगे। किसी शहर का विस्तार एक राज्य से शुरू होकर दूसरे राज्य में किसी अन्य नाम से होने के उदाहरण भी कई मिल जाएंगे। लेकिन आज हम एक ऐसे रेलवे स्टेशन की कहानी लेकर आए हैं, जो दो राज्यों के बॉर्डर पर है।

Railway Station

रेलवे स्टेशन

भारतीय रेलवे अनोखी है। यह दुनिया के सबसे बड़े रेल नेटवर्क में से एक है। रेलवे का तेजी से विकास भी हो रहा है। भारतीय रेलवे का रंग-रूप भी तेजी से बदल रहा है। भारतीय रेल के कई स्टेशनों के अजीब-ओ-गरीब नाम भी आपने सुने होंगे। लेकिन यहां हम आज आपको एक ऐसे रेलवे स्टेशन के बारे में बता रहे हैं, जिसके बीच से दो राज्यों की सीमा रेखा गुजरती है। तो फिर देर किस बात की चलिए जानते हैं, इस स्टेशन का नाम क्या है? किन दो राज्यों के बॉर्डर पर मौजूद है यह रेलवे स्टेशन और इसकी खासियत क्या है -

यहां है ये अनोखा स्टेशन

भारतीय रेलवे का यह अनोखा स्टेशन महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में मौजूद है। स्टेशन का नाम नवापुर है और यह भारतीय रेलवे के पश्चिमी रेलवे जोन के अंतर्गत आता है। नवापुर रेलवे स्टेशन का आधा हिस्सा गुजरात के तापी जिले में आता है। 800 मीटर लंबे इस रेलवे स्टेशन का 300 मीटर लंबा हिस्सा महाराष्ट्र और 500 मीटर हिस्सा गुजरात में आता है।

दोनों राज्यों में आधी-आधी बेंच

रेलवे स्टेशन अपने आप में अनोखा है। यहां पर लगी एक बेंच को बीच में पेंट किया गया है, जिसके एक ओर गुजरात और एक ओर महाराष्ट्र है। इतना ही नहीं, स्टेशन पर टिकट काउंटर तो महाराष्ट्र में है, लेकिन स्टेशन मास्टर का कमरा गुजरात में आता है। यहा पर टॉयलेट एक राज्य में तो वॉशबेसिन दूसरे राज्य में है।

चार भाषाओं में घोषणा

नवापुर रेलवे स्टेशन इस मायने में भी अनोखा है कि यहां हिंदी, अंग्रेजी के अलावा गुजराती और मराठी में भी रेलवे अनाउंसमेंट होती है। यहां पर जो सूचना बोर्ड लगे हैं वह भी चार भाषाओं में लगे हैं।

स्टेशन की दिलचस्प कहानी

यह रेलवे स्टेशन दो राज्यों के बीच में कैसे बन गया, इसे पीछे भी दिलचस्प कहानी है। दरअसल स्टेशन पूर्व के बॉम्बे प्रेसिडेंसी में बना था। साल 1961 में बॉम्बे प्रेसिडेंसी दो महाराष्ट्र और गुजरात नाम के दो राज्यों में बंट गया। तभी यह नवापुर रेलवे स्टेशन भी दोनों राज्यों के बीच में बंट गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | शहर (cities News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

लेटेस्ट न्यूज

Digpal Singh author

खबरों की दुनिया में लगभग 19 साल हो गए। साल 2005-2006 में माखनलाल चतुर्वेदी युनिवर्सिटी से PG डिप्लोमा करने के बाद मीडिया जगत में दस्तक दी। कई अखबार...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited