UP First Glass Bridge: धनुष-बाण आकार में बन रहा यूपी का पहला ग्लास ब्रिज, यहां से देख सकेंगे चित्रकूट का अद्भुत नजारा

उत्तर प्रदेश का पहला ग्लास ब्रिज चित्रकूट में बन रहा है। यह ग्लास ब्रिज धनुष-बाण के आकार का बनाया गया है। जिसका 95 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। लोकसभा चुनाव के बाद इसके उद्घाटन होने की उम्मीद है।

UP Glass Bridge

यूपी का पहला ग्लास ब्रिज (फोटो साभार - ट्विटर)

UP First Glass Bridge: ग्लास ब्रिज यानी कांच से बने पुल का क्रेज भारत में बढ़ता जा रहा है। इस तरह के पुल आपने सोशल मीडिया पर भी बहुत देखे होंगे। ये ग्लास ब्रिज सिर्फ विदेशों में ही नहीं बल्कि भारत के भी कई शहरों में बन चुके हैं। जहां से अद्भुत नजारा देखने को मिलता है। हमारे देश में आंध्र प्रदेश, केरल, बिहार, सिक्किम और उत्तराखंड के बाद अब उत्तर प्रदेश को भी जल्द ही ग्लास ब्रिज मिलने वाला है। जिसके बाद उत्तर प्रदेश के लोग भी कांच के पुल का लुत्फ उठा सकेंगे। यूपी के चित्रकूट में प्रदेश का पहला ग्लास ब्रिज बनाया जा रहा है। यह ब्रिज लगभग बनकर तैयार हो गया है। लोकसभा चुनाव के बाद इस ग्लास ब्रिज के उद्घाटन होने की उम्मीद है।

ग्लास ब्रिज से दिखेगा वॉटरफॉल का नजारा

चित्रकूट में तुलसी झरने में इस ग्लास ब्रिज का निर्माण किया गया है। इस वॉटरफॉल को शबरी जलप्रपात के नाम से भी जाना जाता है। इस ग्लास ब्रिज की एक खासियत ये भी है कि यह भगवान राम के धनुष-बाण के आकार में बनाया गया है। जिसका 95 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही यह जनता को समर्पित भी कर दिया जाएगा। जिसके बाद लोग इस ग्लास स्काई वाक ब्रिज से वाटर फॉल की खूबसूरती को सैकड़ों फीट की ऊंचाई से निहार सकेंगे। इसके साथ ही यहां से जंगल का खूबसूरत नजारा भी देखने को मिलेगा।

18 महीने में बनकर तैयार

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में बन रहे इस ग्लास ब्रिज का निर्माण बिहार के राजगीर में बने पुल की तर्ज पर किया गया है। यूपी का यह पहला ग्लास ब्रिज 18 महीने में बनकर तैयार हुआ है। इस ग्लास ब्रिज में खाई की ओर बाण 25 मीटर लंबा है और दोनों पिलर के बीच धनुष की चौड़ाई 35 मीटर है। इस ग्लास ब्रिज की भार क्षमता 500 किग्रा प्रति वर्ग मीटर रखी गई है। इस पुल के निर्माण में 3.7 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसके शुरू होने के बाद चित्रकूट में आने वाले लाखों टूरिस्ट इस ग्लास स्काई वॉक ब्रिज का लुत्फ ले सकेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | शहर (cities News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

लेटेस्ट न्यूज

Pooja Kumari author

पूजा सितंबर 2023 से Timesnowhindi.com से जुड़ी हुई हैं। यहां बतौर कॉपी एडिटर सिटी न्यूज, मेट्रो- रेल और रोड इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited