Ram Mandir Ayodhya: लोकसभा चुनाव का नहीं पड़ा कोई फर्क, अयोध्या में पहले की तरह ही आ रहे दर्शनार्थी

Ram Mandir Ayodhya: लोकसभा चुनाव में अयोध्या में भाजपा की हार होने के बाद चर्चा होने लगी थी कि राम मंदिर में दर्शनार्थियों की संख्या में कमी आई है, जबकि सच्चाई से इसका वास्ता नहीं है। राम मंदिर में पहले की तरह ही भक्त आ रहे हैं। गर्मी की वजह से जरूर कुछ फर्क पड़ा है।

ayodhya ram mandir

राम मंदिर/फाइल फोटो।

Ram Mandir Ayodhya: जब सूरज की तपिश अपने चरम पर है और पारा 45 डिग्री को भी पार कर जा रहा है, तो ऐसे में हर कोई यात्रा से बचना ही चाहता है। यही वजह है कि श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शनार्थियों की तादाद में थोड़ी कमी आई है। हालांकि, रविवार, मंगलवार और शनिवार को ये संख्या दोगुनी होकर एक लाख के पार पहुंच जाती है, जबकि तुलना की बात करें तो प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद दर्शनार्थियों की संख्या प्रतिदिन दो लाख के आंकड़े को पार कर जाती थी, लेकिन सूर्य की तपिश जैसे-जैसे बढ़ती गई वैसे-वैसे दर्शनार्थियों की तादाद अपेक्षाकृत कम होती चली गई। इसका असर मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की जाने वाली समर्पण निधि पर भी पड़ा और पहले के मुकाबले यह भी लगभग आधी हो गई है।

भाजपा की हार के बाद होने लगी चर्चा

बता दें कि लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह अयोध्या से हार गए। इस अप्रत्याशित हार को लेकर देश ही नहीं दुनिया भर में चर्चा हुई। इसी के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अयोध्या के लोगों को ट्रोल करना शुरू कर दिया। यहां तक कहा गया कि लोग अयोध्या न जाएं और जाएं तो वहां से कुछ ना खरीदे, लेकिन हमारी पड़ताल के दौरान अयोध्या में सोशल मीडिया पर चल रही इस तरह की खबरें महज अफवाह साबित हुई।

पहले की तरह ही आ रहे भक्त

यह अलग बात है कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद दर्शनार्थियों की तादाद लगातार गिरी है। रविवार, मंगलवार और शनिवार को छोड़ दें, तो बाकी दिनों में यह संख्या लगभग 50 हजार के आसपास ही रहती है। इसका एक कारण प्रचंड गर्मी और तापमान का लगातार बढ़ना है, जिसके कारण रोज औसतन 4 से 5 दर्शनार्थी रोज गर्मी के कारण बेहोश हो रहे है। अब सुनिए श्री राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यालय प्रभारी प्रकाश गुप्ता इस बारे में क्या कहते है।

क्या बोले कार्यालय प्रभारी?

कार्यालय प्रभारी श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट प्रकाश गुप्ता ने कहा कि लोकसभा चुनाव से दर्शनार्थियों का कोई संबंध नहीं है। दर्शनार्थी यहां पूरे देश से जैसे पहले आ रहा था वैसे आज भी आ रहा है। उसका चुनाव से कोई लेना देना नहीं है। वह अपने स्थानीय आधार पर जो जहां वोट किए होंगे, वह किए होंगे, जब गर्मी ज्यादा पड़ रही है, गर्मी के कारण थोड़ा दर्शनार्थियों में कमी आई है और जिसको आना है वह अयोध्या आ रहा है दर्शन कर रहा है। भगवान से जिसको प्रेम है कोई भी कमी नहीं है। आज भी 50 हजार से एक लाख के बीच दर्शनार्थी यहां आ रहे हैं। किसी दिन एक लाख के ऊपर हो जाता है। अभी कल ही एक लाख से ज्यादा लोगों ने दर्शन किया, अभी रविवार को एक लाख से ज्यादा लोगों ने दर्शन किया, सोमवार को किया। आज थोड़ा सा कम हो गया है उससे कोई फर्क दर्शनार्थियों को नहीं पड़ता है। गर्मी इतनी भयंकर है हमारे यहां दो चार दर्शनार्थी बेहोश हो रहे हैं, तो आप समझ लीजिए तो किस स्थिति में लोग भगवान का दर्शन करने आज भी आ रहे हैं। दर्शन कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव से भगवान के दर्शन से अयोध्या से कोई संबंध नहीं है, जो इस तरीके की बात कर रहे हैं, उन्हें पता नहीं है।

मुख्य पुजारी ने अफवाहों पर लगाया विराम

मुख्य पुजारी श्री राम जन्मभूमि मंदिर आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा कि यह कपोल कल्पित है। मैं मुख्य पुजारी हूं। मैं देखता हूं समय-समय पर कम-ज्यादा होता रहता है, क्योंकि जिस समय प्राण प्रतिष्ठा हुई है उस समय अपार भीड़ हुई, लेकिन उसके बाद में बहुत किसान हैं, दूर के हैं और उनके तमाम कार्य हैं और यह नहीं है कि भाजपा अयोध्या में हार गई तो लोगों की श्रद्धा लोगों का विश्वास लोगों की भावनाएं राम से कम हो गई। ऐसा नहीं है, जिसका राम के प्रति आस्था है विश्वास है भक्ति भाव है, वह दर्शन करते हैं। आज भी उसी प्रकार से वहां पर जाकर के वैसे ही जय श्री राम नारा लगाते रहते हैं और श्रद्धालु आते रहते हैं उनको प्रसाद मिलता रहता है।

कब आए कितने दर्शनार्थी

जून (एक जून से 12 जून तक)736000
मई1850000
अप्रैल2500000
मार्च4500000
फरवरी6000000
जनवरी (22 से 31 जनवरी तक)3000000

दुकानदार ने भी 'श्रद्धालुओं की कमी' को नकारा

यह तो दर्शनार्थियों के अयोध्या आने की बात हैं, लेकिन अब हम आपको अयोध्या के उन लोगों की बातें भी सुनाते हैं, जिनका पूरा कारोबार अयोध्या आने वाले दर्शनार्थियों पर ही निर्भर है। अयोध्या में दुकान चलाने वाले संजय मिश्रा ने कहा कि इस प्रचंड गर्मी में 45-50 डिग्री तापमान में कोई आना नहीं चाहता है, दिन में तो बिल्कुल नहीं आते, लोग बीमार पड़ रहे हैं, कितने बेहोश हो जा रहे हैं, श्रद्धालु भरा पड़ा है। सुबह और शाम निकलते हैं और भीड़-भाड़ है कोई भीड़ में कमी नहीं है पहले जैसा ही भीड़ है और सब कुछ सही चल रहा है जैसे पहले चल रहा था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | शहर (cities News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

Devshanker Chovdhary author

देवशंकर चौधरी मार्च 2024 से Timesnowhindi.com के साथ करियर को आगे बढ़ा रहे हैं और बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। टाइम्स नाउ सिटी टीम में वह इंफ्रा...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited