बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी, लुधियाना से एक और आरोपी गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने पंजाब पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में मुंबई निवासी सुजीत सुशील सिंह को पकड़ लिया, जो बाबा सिद्दीकी की हाई प्रोफाइल हत्या में वांछित था। सुजीत हत्या की साजिश में शामिल था...

Baba siddiqui

बाबा सिद्दीकी मर्डर केस

Baba Siddique murder case- एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में पुलिस को एक और कामयाबी मिली है। पंजाब पुलिस ने लुधियाना से एक शख्स को गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस प्रमुख गौरव यादव ने शनिवार को कहा कि एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में लुधियाना से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पंजाब पुलिस और मुंबई पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में सुरजीत सुशील सिंह को पकड़ा गया। पंजाब पुलिस के महानिदेशक यादव ने बताया कि उसे मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है।

सुजीत सुशील सिंह गिरफ्तार

गौरव यादव ने एक्स पर कहा, एक बड़ी सफलता में मुंबई पुलिस ने पंजाब पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में मुंबई निवासी सुजीत सुशील सिंह को पकड़ लिया, जो बाबा सिद्दीकी की हाई प्रोफाइल हत्या में वांछित था। सुजीत हत्या की साजिश में शामिल था और उसे एक अन्य आरोपी नितिन गौतम सप्रे द्वारा तीन दिन पहले बाबा सिद्दीकी को मारने की योजना के बारे में बताया गया था। उसने साजो-सामान में मदद भी की थी। उसे आगे की जांच के लिए मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है।

66 वर्षीय सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को मुंबई के बांद्रा इलाके के खेर नगर में तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मुंबई पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस हत्या के सिलसिले में कई नए खुलासे भी हो रहे हैं।

हत्यारोपियों की रिमांड बढ़ी

वहीं, मुंबई की एक अदालत ने बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में नौ आरोपियों की पुलिस रिमांड शुक्रवार को 26 अक्टूबर तक बढ़ा दी। बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के बांद्रा स्थित दफ्तर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अलग-अलग तारीखों पर गिरफ्तार किए गए नौ लोगों को शुक्रवार को उनकी प्रारंभिक रिमांड समाप्त होने पर अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (एस्प्लेनेड अदालत) वी आर पाटिल के समक्ष पेश किया गया था।

9 आरोपियों ने दिया अंजाम

पुलिस ने उनकी रिमांड तीन दिन बढ़ाने की मांग की, वहीं अदालत ने शनिवार तक एक दिन के लिए रिमांड बढ़ाई। इस मामले के नौ आरोपियों में गुरमेल बलजीत सिंह (23), धर्मराज कश्यप (21), हरीश कुमार निसाद (26), प्रवीण लोनकर (30), नितिन गौतम सप्रे (32), संभाजी किसन पारधी (44), प्रदीप दत्तू थोम्ब्रे (37), चेतन दिलीप पारधी और राम फूलचंद कनौजिया (43) हैं।

पुलिस के अनुसार, हरियाणा निवासी गुरमेल सिंह और उत्तर प्रदेश निवासी कश्यप के साथ-साथ वांछित आरोपी शिवकुमार गौतम ने सिद्दीकी पर गोली चलाई, जबकि पुणे निवासी प्रवीण लोनकर का भाई शुभम कथित तौर पर जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का सहयोगी है। उसने और अन्य वांछित आरोपियों ने हत्या की साजिश रची थी और सभी शूटर को हथियार मुहैया कराए थे।

पुलिस के अनुसार पुणे निवासी कबाड़ विक्रेता निसाद ने इस काम के लिए पैसों का बंदोबस्त किया था। नितिन सप्रे डोंबिवली का रहने वाला है, वहीं संभाजी पारधी, प्रदीप थोम्ब्रे और चेतन पारधी ठाणे जिले के अंबरनाथ के रहने वाले हैं। कनौजिया रायगढ़ के पनवेल का निवासी है। मुख्य हमलावर शिवकुमार गौतम के साथ ही प्रमुख आरोपी शुभम लोनकर तथा मोहम्मद जीशान अख्तर इस समय फरार हैं। तीनों के खिलाफ एक लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। क्राइम (Crime News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

लेटेस्ट न्यूज

अमित कुमार मंडल author

करीब 18 वर्षों से पत्रकारिता के पेशे से जुड़ा हुआ हूं। इस दौरान प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल का अनुभव हासिल किया। कई मीडिया संस्थानों में मिले अनुभव ने ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited