MP चुनाव: छोटी दिवाली पर BJP का संकल्प पत्र, 10 बड़े प्रण में गरीबों और महिलाओं पर जोर

BJP Manifesto For Madhya Pradesh Election: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया। इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे। सीएम शिवराज ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 'भगवान राम को 13 साल के वनवास के लिए भेजती हैं।'

MP Chunav BJP Manifesto

MP चुनाव के लिए भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र।

MP Chunav News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया। इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे। भारतीय जनता पार्टी ने अपने घोषणापत्र में गरीबों को मुफ्त राशन, बहनों को आर्थिक मदद और किसानों के हित से जुड़े कई मुख्य वादे किए।

मध्य प्रदेश के लिए भाजपा के प्रमुख 10 संकल्प

1. पांच वर्षों के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का क्रियान्वयन करते हुए सभी गरीब परिवार को मुफ्त राशन के साथ रियायती दर पर दाल, सरसों का तेल एवं चीनी उपलब्ध करवाएंगे।
2. मध्य प्रदेश का कोई भी परिवार बेघर नहीं रहेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ ही मुख्यमंत्री जन आवास योजना शुरू करेंगे।
3. लाड़ली बहनों को मासिक आर्थिक सहायता के साथ आवास का लाभ मिलेगा।
4. एमएसपी के साथ बोनस ₹2,700 प्रति क्विंटल पर गेहूं एवं ₹3,100 प्रति क्विंटल पर धान की खरीद की व्यवस्था करेंगे।
5. पीएम किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के लाभार्थियों को वार्षिक ₹12,000 देंगे।
6. तेंदूपदूत्ता संग्रहण दर ₹4,000 प्रति बोरा देना सुनिश्चि त करेंगे।
7. गरीब परिवार के सभी छात्रों को 12वीं कक्षा तक मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था करेंगे।
8. सरकारी स्कूल में मिड-डे मील के साथ अब पौष्टिक नाश्ता भी उपलब्ध कराया जाएगा।
9. प्रत्येक संभाग में आईआईटी के तर्ज पर मध्य प्रदेश इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी एवं एम्स की तर्ज पर मध्य प्रदेश इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस स्थापित किया जाएगा।
10. प्रत्येक परिवार में कम से कम एक रोजगार अथवा स्वरोजगार के अवसर सुनिश्चि त करेंगे।

शिवराज ने प्रियंका गांधी पर साधा निशाना

संकल्प पत्र में का शीर्षक 'भाजपा पर भरोसा' रखा गया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "कांग्रेस ने टिप्पणी की कि भाजपा 'नरक चतुर्दशी' के दिन अपना संकल्प पत्र क्यों ला रही है। कांग्रेस के नेताओं को भारत के इतिहास या भारत की संस्कृति का कोई ज्ञान नहीं है... हमारी एक बहन (प्रियंका गांधी वाड्रा) आती हैं और भगवान राम को 13 साल के वनवास के लिए भेजती हैं।" वहीं पूर्व AAP नेता अखंड प्रताप सिंह पार्टी प्रमुख जे.पी. नड्डा, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और अन्य भाजपा नेताओं की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए।

मोदी ने दीं ये गारंटियां

- ग्रामीण महिलाओं को लखपति बनाएंगे। 15 लाख महिलाओं को लखपति योजना के अंतर्गत कौशल प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा।
- लाड़ली लक्ष्मियों को कुल ₹2 लाख - सभी जरूरतमंद बालिकाओं को जन्म से 21 वर्ष तक लाभ।
- पीएम उज्ज्वला योजना एवं लाड़ली बहना योजना की लाभार्थियों को ₹450 में सिलेंडर मिलेगा।
- सभी छात्राओं केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा का मिलेगा लाभ।
- जनजातीय समुदाय के सशक्तिकरण के लिए अगले 5 वर्षो में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक सशक्तिकरण पर ₹3 लाख करोड़ व्यय करेंगे।
- प्रत्येक एसटी ब्लॉक में एकलव्य विद्यालय की स्थापना के साथ ही 3,800 शिक्षकों की भर्ती करेंगे।
- एसटी बहुल जिलों मंडला, खरगोन, धार, बालाघाट एवं सीधी में मेडिकल कॉलेज का निर्माण करेंगे।
-₹100 करोड़ के निवेश के साथ जनजातीय श्रद्धा-स्थल संरक्षण मिशन के तहत पूजा स्थलों का विस्तार एवं नवीनीकरण करेंगे।
- गरीब परिवारों के छात्रों कक्षा 1 से 12 तक मुफ्त शिक्षा के साथ ₹1,200 की वार्षिक सहायता स्कूल बैग, किताबें एवं यूनिफॉर्म के लिए देंगे।
- वन डिस्ट्रिक्ट-वन स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स योजना के अंतर्गत प्रत्येक जिले में एक स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स की स्थापना करेंगे।
- वरिष्ठ एवं दिव्यांग नागरिकों को ₹1,500 की मासिक पेंशन दी जाएगी।
- कारीगरों को ₹15,000 की वित्तीय सहायता, ₹500 का दैनिक भुगतान किया जाएगा।
-पिछड़े क्षेत्रों के विकास के लिए 3 विकास बोर्ड बुंदेलखंड, विंध्य एवं महाकौशल विकास बोर्ड की स्थापना करेंगे।
- अटल गृह ज्योति योजना के अंतर्गत सभी घरों को लाभ प्रदान करते हुए ₹100 में 100 यूनिट बिजली देंगे।
- 6 नए एक्सप्रेस वे - विंध्य एक्सप्रेस वे, नर्मदा पथ, अटल प्रगति पथ, मालवा-निमाड़ पथ, बुंदेलखंड पथ एवं मध्य भारत विकास पथ का निर्माण शीघ्र करेंगे।
- आयुष्मान भारत के सभी लाभार्थियों को 5 लाख से ज्यादा व्यय होने पर सीएम रिलीफ फंड के अंतर्गत प्रदेश सरकार खर्चा उठाएगी।
- कमिश्नर प्रणाली का विस्तार करते हुए भोपाल एवं इंदौर के बाद जबलपुर और ग्वालियर में लागू करेंगे।
-भोपाल में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय स्थापित करेंगे।
- सभी जनजातीय नायकों के भव्य स्मारकों का निर्माण करेंगे। साथ ही चौगान किला, देवगढ़ किला, मंडला किला, चौरागढ़ किला एवं मदन महल किला का नवीनीकरण करेंगे।
- भाषाई साहित्य अकादमियों की स्थापना के उद्देश्य से बघेली, बुंदेली, गोंडी एवं भीली साहित्य अकादमी की स्थापना करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | इलेक्शन (elections News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited