Assembly Elections 2022 : लगातार 7वीं बार गुजरात में BJP की सरकार बनेगी, हिमाचल प्रदेश में 5 साल बाद सत्ता में लौटी कांग्रेस

Assembly Elections 2022 : बीजेपी गुजरात विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड सातवीं बार जीत हासिल कर सत्ता बरकरार रखी। हिमाचल प्रदेश में कांटे की टक्कर के बाद कांग्रेस से हार गई और राज्य ने करीब चार दशकों से चली आ रही उस परंपरा को बरकरार रखा। हिमाचल में कांग्रेस और बीजेपी के वोट प्रतिशत का अंतर एक प्रतिशत से भी कम था।

Congress, BJP

गुजरात, हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022

Assembly Elections 2022 : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करिश्मे के दम पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने गुरुवार को गुजरात विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड सातवीं बार जीत हासिल कर सत्ता बरकरार रखी और राज्य में अब तक का सबसे बड़ा बहुमत हासिल किया। बीजेपी ने जहां मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य में ऐतिहासिक जीत के साथ नया कीर्तिमान स्थापित किया, वहीं वह भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा के गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में कांटे की टक्कर के बाद कांग्रेस से हार गई और पर्वतीय राज्य ने लगभग चार दशकों से चली आ रही उस परंपरा को बरकरार रखा, जिसमें वह बीजेपी और कांग्रेस को बारी-बारी से शासन करने का मौका देती है।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के वोट प्रतिशत का अंतर एक प्रतिशत से भी कम था, यह बात मोदी और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शाम को दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को अपने संबोधन में भी कही। कांग्रेस ने 43.9 प्रतिशत वोट प्राप्त किए, जबकि नड्डा के गृह राज्य में भाजपा को 43 प्रतिशत वोट मिले।
गुजरात में मोदी की लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई और उन्होंने 31 चुनावी रैलियों को संबोधित कर अपने गृह राज्य में अपनी पार्टी के लिए जमकर प्रचार किया। राज्य में तीन-चौथाई से अधिक बहुमत हासिल कर भाजपा ने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। भाजपा की आंधी में कांग्रेस राज्य में अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर चली गई तथा बड़े-बड़े दावे करने वाली आम आदमी पार्टी (आप) भी उसे कोई टक्कर नहीं दे पाई।
भाजपा की गुजरात इकाई के अध्यक्ष सी आर पाटिल ने कहा कि राज्य में पार्टी के 60 वर्षीय मृदुभाषी चेहरे भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री बने रहेंगे और उनका शपथग्रहण समारोह 12 दिसंबर को होगा। पटेल ने अहमदाबाद की घाटलोडिया सीट से पटेल ने 1.92 लाख मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज की है।
गुजरात में कांग्रेस ने 2017 में 77 सीट जीतकर भाजपा को अच्छी टक्कर दी थी, लेकिन इस बार वह ऐसा कुछ नहीं कर पाई। करीब 28 फीसदी मत प्रतिशत के साथ कांग्रेस ने 17 सीट पर जीत हासिल की है। दलित नेता और मौजूदा कांग्रेस विधायक जिग्नेश मेवाणी ने मतगणना के शुरुआती दौर में पिछड़ने के बाद मामूली अंतर से अपनी वडगाम सीट बरकरार रखी। गांधीनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में बड़ा जश्न मनाया।
मंडी जिले की सिराज विधानसभा सीट से छठी बार चुनाव जीतने वाले हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वह लोगों के जनादेश का सम्मान करते हैं। उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
कांग्रेस और भाजपा के मत प्रतिशत में एक प्रतिशत से भी कम अंतर रहा। कांग्रेस को जहां 43.9 फीसदी वोट मिले, वहीं भाजपा को 43 फीसदी वोट मिले हैं। कांग्रेस नेताओं- राहुल गांधी, राजीव शुक्ला, रणदीप सुरजेवाला और आनंद शर्मा सहित अन्य नेताओं ने कांग्रेस की जीत पर हिमाचल प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त किया।
निर्वाचन आयोग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, राज्य में कांग्रेस ने 68 में से 40 सीट पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा ने 25 सीट जीती। तीन सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे। आप, जिसने 67 सीट पर उम्मीदवार उतारे थे, खाता खोलने में विफल रही और उसे केवल 1.1 प्रतिशत वोट मिले हैं।
मोदी ने कहा कि वह गुजरात में प्रचंड जीत से वह अभिभूत हैं। उन्होंने राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता ‘चैंपियन’ है। उन्होंने कहा, ये ऐतिहासिक जीत हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत के बिना संभव नहीं थी जो हमारी पार्टी की वास्तविक ताकत हैं। उन्होंने ट्वीट किया, लोगों ने विकास की राजनीति को आशीर्वाद दिया और साथ ही इच्छा व्यक्त की कि वे चाहते हैं कि यह तेज गति से जारी रहे। मैं गुजरात की जन शक्ति को नमन करता हूं। पार्टी के कार्यक्रम में मोदी ने कहा कि गुजरात ने सभी रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रच दिया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | इलेक्शन (elections News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

लेटेस्ट न्यूज

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited