कांग्रेस ने 8 राज्यों में गठित कीं चुनाव समितियां, इन नेताओं पर जताया भरोसा; जानें पूरा प्लान

Congress News: लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी उठापटक के साथ-साथ तैयारियों का दौर तेज हो चुका है। इसी बीच कांग्रेस ने राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत आठ राज्यों के लिए चुनाव समितियां गठित कर दी हैं। आपको इस रिपोर्ट में बताते हैं कि किस राज्य में किसके कंधों पर कौन सी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Congress Plan For Lok Sabha Chunav 2024

लोकसभा चुनाव के लिए क्या है कांग्रेस का प्लान?

Congress Plan For Lok Sabha Chunav: लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने अपनी कमर कस ली है। चुनावी मैदान में मजबूती के साथ उतरने के लिए कांग्रेस ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, हिमाचल प्रदेश और कुछ पूर्वी राज्यों सहित कई राज्यों के लिए शनिवार को चुनाव समितियां तथा मध्य प्रदेश के लिए राजनीतिक मामलों की समिति का गठन किया।

इन 8 राज्यों में कांग्रेस ने गठित कीं चुनाव समितियां

पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया, 'कांग्रेस अध्यक्ष ने राजस्थान, केरल, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा की प्रदेश चुनाव समितियों और मध्य प्रदेश की प्रदेश चुनाव समिति एवं राजनीतिक मामलों की समिति के गठन के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी है।'

कांग्रेस ने राजस्थान में किस-किस पर जताया भरोसा?

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा को राज्य में प्रदेश चुनाव समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट तथा जितेंद्र सिंह समिति के सदस्य हैं। इनके अलावा महेंद्रजीत सिंह मालवीय, मोहन प्रकाश, सी पी जोशी, हरीश चौधरी, रामलाल जाट, प्रमोद जैन भाया, प्रताप सिंह खाचरियावास, ममता भूपेश, भजन लाल जाटव, मुरारी लाल मीणा, अशोक चांदना, नीरज डांगी, जुबैर खान, धीरज गुर्जर, राजकुमार शर्मा, रोहित बोहरा, इंद्रा मीणा, डूंगर राम गेदार, शिमला देवी नायक और ललित यादव इस समिति में शामिल हैं। उनके अलावा, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, एनएसयूआई अध्यक्ष, सेवा दल के मुख्य आयोजक और प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष समिति की सदस्य हैं।

कांग्रेस ने केरल में किस-किस पर जताया भरोसा?

के. सुधाकर को केरल के लिए प्रदेश चुनाव समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।केरल समिति में ए के एंटनी, के सी वेणुगोपाल, रमेश चेन्निथला, वायलार रवि, वी डी सतीशन, के सुरेश, शशि थरूर और मुल्लापल्ली रामचंद्रन जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हैं।

कांग्रेस ने तेलंगाना में किस-किस पर जताया भरोसा?

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी को राज्य की प्रदेश चुनाव समिति का अध्यक्ष घोषित किया गया है। समिति में उपमुख्यमंत्री बी वी मल्लू, उत्तम कुमार रेड्डी और वी हनुमंत राव शामिल हैं।

कांग्रेस ने हिमाचल में किस-किस पर जताया भरोसा?

हिमाचल प्रदेश में पार्टी प्रमुख प्रतिभा सिंह को प्रदेश चुनाव समिति का अध्यक्ष बनाया गया और इसमें सदस्यों के तौर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और आनंद शर्मा, विप्लव ठाकुर, आशा कुमारी, राम लाल ठाकुर, ठाकुर कौल सिंह, धनीराम शांडिल्य और चंदर कुमार सहित अन्य को शामिल किया गया है।

कांग्रेस ने एमपी में किस-किस पर जताया भरोसा?

जीतू पटवारी मध्य प्रदेश के लिए प्रदेश चुनाव समिति के प्रमुख होंगे और इसमें दिग्विजय सिंह, विवेक तन्खा, सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया और पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ सदस्य होंगे। पार्टी ने मध्य प्रदेश के लिए राजनीतिक मामलों की समिति भी गठित की है, जिसके अध्यक्ष जितेंद्र सिंह होंगे। पटवारी पैनल के संयोजक होंगे, जिसमें कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, विवेक तन्खा और नकुल नाथ शामिल हैं।

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में किस पर जताया भरोसा?

पीसीसी चीफ दीपक बैज को छत्तीसगढ़ प्रदेश चुनाव समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस ने मणिपुर में किस-किस पर जताया भरोसा?

मणिपुर में, के. मेघचंद्र सिंह को प्रदेश चुनाव समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया,पूर्व मुख्यमंत्री इबोबी सिंह और पूर्व उपमुख्यमंत्री गइखंगम समेत कई को सदस्य नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस ने नगालैंड और त्रिपुरा में किस पर जताया भरोसा?

एस एस जमीर को नगालैंड प्रदेश चुनाव समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि आशीष कुमार साहा को त्रिपुरा प्रदेश चुनाव समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

समझिए क्या है कांग्रेस का असल प्लान

लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्षी पार्टियों के गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस (INDIA) के बीच अब तक समझौता नहीं हो सका है। ऐसे में राज्यों में कांग्रेस जमीनी स्तर की हकीकत समझना चाहती है। ये समितियां चुनावी रणनीति के साथ-साथ हर सीट पर लोगों का मिजाज समझने की कोशिश करेंगी। कहीं न कहीं कांग्रेस भी ये बात जानती है कि विपक्षी गठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते उसे जरा भी कोताही भारी पड़ सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | इलेक्शन (elections News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited