केजरीवाल ने दिया खूब साथ, लेकिन दिल्ली में आप के कैंपेन से कांग्रेस के बड़े नेता रहे गायब, राहुल-केजरीवाल की संयुक्त रैली का इंतजार करते रह गए समर्थक

राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और यहां तक ​​कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी दिल्ली में आप के एक भी उम्मीदवार के लिए प्रचार नहीं किया है।

AAP - Congress

दिल्ली में आप-कांग्रेस गठबंधन

Delhi Lok Sabha Election 2024: दिल्ली में 25 मई को मतदान होना है और आज शाम 5 बजे प्रचार थम जाएगा। गौर करने लायक बात है कि कांग्रेस के शीर्ष नेता अभी तक दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के अभियान से पूरी तरह से गायब हैं। जहां आप ने दिल्ली में सभी सात इंडिया ब्लॉक उम्मीदवारों के पीछे अपना पूरा जोर लगा दिया है, वहीं कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने सिर्फ अपने उम्मीदवारों पर ही ध्यान केंद्रित किया है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और यहां तक कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी दिल्ली में आप के एक भी उम्मीदवार के लिए प्रचार नहीं किया है। इसके अलावा, दिल्ली में समर्थक केजरीवाल और राहुल गांधी की संयुक्त रैली का इंतजार ही करते रह गए।

बीजेपी ने लगाया पूरा जोर

पीएम नरेंद्र मोदी ने जहां दिल्ली में दो रैलियां की हैं, वहीं गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रोड शो किए हैं। दिल्ली में चुनावी प्रचार के लिए अलग-अलग राज्यों के बीजेपी मुख्यमंत्रियों को लगाया गया है। बीजेपी ने दिल्ली में पूरा जोर लगाया है कि 2019 की तरह सभी सात सीटों पर कब्जा जमाया जाए। इस बार पार्टी ने सात में से छह उम्मीदवार भी बदल दिए हैं। सिर्फ मनोज तिवारी को ही दोबारा टिकट दिया गया है।

कांग्रेस की क्या रणनीति?

इंडिया ब्लॉक के तहत कांग्रेस ने दिल्ली के उत्तर-पूर्व, चांदनी चौक और उत्तर-पश्चिम लोकसभा क्षेत्रों से कन्हैया कुमार, जेपी अग्रवाल और उदित राज को मैदान में उतारा है। बाकी चार सीटों पर आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं। दिल्ली आप संयोजक गोपाल राय, कन्हैया कुमार सहित कांग्रेस उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने के दौरान मौजूद रहे। जब आप प्रमुख तिहाड़ जेल में थे तब कन्हैया कुमार, अग्रवाल और उदित राज ने अपने अभियान के लिए समर्थन मांगने सीएम आवास पर सुनीता केजरीवाल से मुलाकात करने पहुंचे थे। सुनीता केजरीवाल तब आप चुनाव अभियान की अगुवाई कर रही थीं।

केजरीवाल ने किए कई रोड शो

इन घटनाक्रमों के बीच आप ने दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों के लिए अपनी समन्वय समिति का गठन किया, जिसके अध्यक्ष दुर्गेश पाठक हैं। वहीं, कांग्रेस की समन्वय टीम का नेतृत्व दिल्ली कांग्रेस के पूर्व प्रमुख सुभाष चोपड़ा कर रहे हैं। जब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अंतरिम जमानत पर तिहाड़ जेल से बाहर निकले, तो उन्होंने साफ कर दिया कि वह आप उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने और बाकी जगहों पर इंडिया ब्लॉक के अभियान को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली और पंजाब में प्रचार करेंगे। वह गठबंधन के सभी उम्मीदवारों के लिए दिल्ली में रोड शो और नुक्कड़ सभाएं कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के कन्हैया कुमार के लिए दो रोड शो भी किए। लेकिन कांग्रेस की प्रतिक्रिया ठंडी ही रही।

सोमनाथ भारती ने खरगे से की मुलाकात

आप के नई दिल्ली से उम्मीदवार सोमनाथ भारती बुधवार सुबह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पहुंचे थे। भारती ने खरगे से मुलाकात के बाद कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष हैं। वह मेरे निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता भी हैं। मैं उनसे इंडिया अलायंस के उम्मीदवार के रूप में मिला था। भारती ने कहा कि हमने सभी संभावनाओं पर चर्चा की है। उम्मीद है कि कल कुछ सकारात्मक होगा। इस बीच आप के प्रचार अभियान से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और खरगे की अनुपस्थिति को लेकर कांग्रेस समय की कमी का हवाला दे रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | इलेक्शन (elections News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

अमित कुमार मंडल author

करीब 18 वर्षों से पत्रकारिता के पेशे से जुड़ा हुआ हूं। इस दौरान प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल का अनुभव हासिल किया। कई मीडिया संस्थानों में मिले अनुभव ने ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited