Fatehpur Seat, उत्तर प्रदेश लोकसभा चुनाव 2024: मतदान की डेट, मुख्य उम्मीदवार और चुनाव परिणाम की तारीख

Fatehpur Lok Sabha Seat: उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से एक फतेहपुर की सीट भी है। फतेहपुर लोकसभा सीट पर प्रमुख राजनीतिक पार्टियों ने किसे अपना प्रत्याशी बनाया है, यहां मतदान और मतों की गिनती कब होगी, आइए जानते हैं।

Fatehpur Lok sabha seat.

फतेहपुर लोकसभा सीट

Fatehpur Lok Sabha Polling Date: उत्तर प्रदेश की फतेहपुर लोकसभा सीट गंगा और यमुना नदियों के बीच स्थित है। इस सीट पर पहली बार चुनाव 1957 में हुए थे। फतेहपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस, सपा, बसपा और जनता दल सभी ने जीत का स्वाद चखा हुआ है। फतेहपुर सीट महत्वपूर्व लोकसभा सीटों में से एक है। साल 1989 में पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह फतेहपुर लोकसभा सीट से ही जीते थे। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के बेटे हरिकिशन शास्त्री भी इस सीट से दो बार सांसद रह चुके हैं। पिछले दो लोकसभा चुनाव में भाजपा ने फतेहपुर सीट पर जीत दर्ज की है। इस बार बीजेपी जीत की हैट्रिक लगाने की तैयारी में है। वहीं सपा और बसपा ने इस बार ओबीसी के एक ही वर्ग के प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा है। जिसके कारण मतों के ध्रुवीकरण की संभावनाएं बन रही हैं।

फतेहपुर लोकसभा क्षेत्र में मतदान की तारीख (Fatehpur Lok Sabha election polling date)

लोकसभा चुनाव के 5वें चरण में फतेहपुर लोकसभा सीट पर मतदान होंगे। इस सीट पर 20 मई को जनता वोट डालने के लिए अपने नजदीकी मतदान केंद्रों में जाएगी और तमाम प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेगी।

फतेहपुर लोकसभा क्षेत्र में मतगणना की तारीख (Fatehpur Lok Sabha election result date)

फतेहपुर लोकसभा सीट पर मतों की गिनती 4 जून 2024 को होगी। इसी दिन देशभर की लोकसभा सीटों पर मतगणना होगी और चुनाव का रिजल्ट घोषित किया जाएगा। 4 जून को पता चल जाएगा कि फतेहपुर के लोगों ने किसे अपना प्रतिनिधि चुना है।

फतेहपुर के प्रमुख उम्मीदवार (Key Candidates of Fatehpur Lok Sabha seat)

फतेहपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी ने पिछली बार की तरह इस बार भी साध्वी निरंजन ज्योति (Niranjan Jyoti) पर भरोसा जताया है और उन्हें उम्मीदवार बनाया है। निरंजन ज्योति 2014 और 2019 में फतेहपुर सीट से लोकसभा का चुनाव जीती हैं। वहीं सपा ने नरेश उत्तम पटेल (Naresh Uttam Patel) को अपना उम्मीदवार चुना है। बसपा की ओर से डॉ. मनीष सिंह सचान (Manish Singh Sachan) इस सीट से प्रत्याशी हैं।
उम्मीदवारराजनीतिक पार्टी
साध्वी निरंजन ज्योतिभाजपा/NDA
नरेश उत्तम पटेलसपा/INDIA
डॉ. मनीष सिंह सचानबहुजन समाज पार्टी

फतेहपुर लोकसभा क्षेत्र में जातीय समीकरण

साल 2011 की जनगणना के अनुसार फतेहपुर लोकसभा क्षेत्र में कुल जनसंख्या 26 लाख, 32 हजार, 733 है। इसमें ग्रामीण आबादी 87.77 फीसदी और शहरी आबादी 12.23 फीसदी है। फतेहपुर सीट पर अनुसूचित जाति की आबादी 24.75 प्रतिशत है, वहीं मुस्लिम वोटर्स करीब 13 फीसदी हैं। इसके अलावा निषाद, कुर्मी और लोधी समुदाय के वोटर्स निर्णायक की भूमिका में हैं।

फतेहपुर लोकसभा क्षेत्र में पिछले चुनाव का रिजल्ट:2019

पिछले लोकसभा चुनाव में फतेहपुर लोकसभा सीट से बीजेपी ने साध्वी निरंजन ज्योति को चुनावी मैदान में उतारा था। उन्हें 5 लाख, 66 हजार, 40 वोट मिले थे। वहीं बसपा की ओर से सुखदेव प्रसाद वर्मा इस सीट से उम्मीदवार चुने गए थे। उन्हें 3 लाख, 67 हजार, 835 वोट हासिल हुए थे। कांग्रेस के प्रत्याशी राकेश सचान को 66 हजार 77 वोट मिले थे।

विधानसभा की स्थिति

विधानसभा सीटसदस्यराजनीतिक पार्टी
जहानाबादराजेंद्र सिंह पटेलभारतीय जनता पार्टी
बिंदकीजय कुमार सिंह जैकीअपना दल (सोनेलाल)
फतेहपुरचन्द्र प्रकाश लोधीसमाजवादी पार्टी
अयाह शाहविकास गुप्ताभारतीय जनता पार्टी
हुसैनगंजउषा मौर्यसमाजवादी पार्टी
खागा (एससी)कृष्णा पासवानभारतीय जनता पार्टी
फतेहपुर लोकसभा क्षेत्र में 6 विधानसभा सीटें आती हैं- फतेहपुर, जहानाबाद, बिंदकी, अयाह शाह, खागा, हुसैनगंज। पिछले लोकसभा चुनाव में सिर्फ तीन सीटों पर ही भाजपा को जीत मिली थी। दो सीटों पर समाजवादी पार्टी ने जीत का परचम लहराया था। सपा को हुजैनगंज और फतेहपुर विधानसभा सीट पर जीत मिली थी। वहीं बीजेपी ने जहानाबाद, अयाह शाह और खागा में जीत दर्ज की थी। बिंदकी सीट पर अपना दल से जय कुमार सिंह जैकी जीते थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | इलेक्शन (elections News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

Pooja Kumari author

पूजा सितंबर 2023 से Timesnowhindi.com से जुड़ी हुई हैं। यहां बतौर कॉपी एडिटर सिटी न्यूज, मेट्रो- रेल और रोड इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited