UP Big Fight Lok Sabha Seat Result 2024 Live Updates: ​गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर से BJP आगे, अमरोहा से दानिश अली आगे

UP Big Fight Lok Sabha Seat Result 2024 Live Updates: उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर सात चरणों में वोट डाले गए थे। दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश के दिल्ली-एनसीआर की सीटों पर भी मतदान हुआ था। देश की सबसे अधिक लोकसभा सीटों वाले राज्य उत्तर प्रदेश पर सभी की नजरें जमी हैं। सभी सीटों पर वोटों की गिनती जारी है।

UP Big Fight Seast Lok Sabha Election Result

UP Big Fight Seast Lok Sabha Election Result

देश की 543 लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल से एक जून के बीच सात चरण में वोट डाले गए। 19 अप्रैल से शुरू हुआ लोकसभा चुनाव का सफर अब परिणाम के दिन तक आ पहुंचा है। वोटों की गिनती हो रही है। देश की सबसे अधिक लोकसभा सीटों वाले राज्य उत्तर प्रदेश पर सभी की नजरें जमी हैं। उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर सात चरणों में वोट डाले गए थे। दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश के दिल्ली-एनसीआर की सीटों पर भी मतदान हुआ था। गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), मेरठ, बागपत, बुलंदशहर के अलावा अमरोहा, अलीगढ़ और मथुरा के वोटरों ने दूसरे चरण में मतदान किया था। आज नतीजों की बारी है। वोटों की गिनती जारी है।
उत्तर प्रदेश की इन 8 सीटों पर कई बड़े नेताओं की किस्मत दांव पर है।

गाजियाबाद (Ghaziabad Lok Sabha Elections Result 2024)

दिल्ली से सटी उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद लोकसभा सीट पारंपरिक तौर पर केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) का गढ़ रही है। राजनाथ सिंह (2009) और जनरल वीके सिंह (2014-2019) जैसे बड़े नेता यहां से चुनकर संसद पहुंचे हैं। हालांकि लोकसभा चुनाव 2024 में सत्तारूढ़ NDA गठबंधन की ओर से भाजपा ने अतुल गर्ग को यहां से अपना उम्मीदवार बनाया है। भाजपा के अतुल गर्ग के सामने विपक्षी गठबंधन INDIA की ओर से कांग्रेस ने डॉली शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया है। उधर मायावती की पार्टी बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने नंदकिशोर पुंडीर को टिकट दी है। जातीय गणित की बात करें तो गाजियाबाद में राजपूत वोटों को निर्णायक माना जाता है। इस बार भाजपा ने वैश्य, कांग्रेस ने ब्राह्मण और बीएसपी ने राजपूत समाज से अपना प्रत्याशी चुना है।
गाजियाबाद सीट पर इस बार चुनावी समीकरण बड़ा ही रोचक है, क्योंकि यहां कुल 14 उम्मीदवारों में से तीन रिश्तेदार हैं। नंदकिशोर पुंडीर के अलावा उनकी पत्नी कविता और भतीजे अभिषेक पुंडीर भी चुनाव लड़ रहे हैं और दोनों निर्दलीय के तौर पर मैदान में हैं। साल 2008 में अस्तित्व में आई थी और 2009 में हुए पहले चुना से ही यह सीट लगातार भाजपा जीतती रही है। इसके अंतर्गत लोनी, मुरादनगर, साहिबाबाद, गाजियाबाद और धौलाना विधानसभा सीटें आती हैं।
वोट काउंटिंग के ताजा अपडेट्स
गाजियाबाद सीट से बीजेपी के अतुल गर्ग आगे चल रहे हैं। उन्हें अभी तक 512267 वोट मिले हैं। वे कांग्रेस की डॉली शर्मा से 190267 वोटों से आगे चल रहे हैं। डॉली शर्मा को अभी तक कुल 322000 वोट मिले हैं।
प्रमुख उम्मीदवार
अतुल गर्ग - भाजपा/NDA डॉली शर्मा - कांग्रेस/INDIA नंदकिशोर पुंडीर - BSP

गौतमबुद्ध नगर (Gautambudh Nagar Lok Sabha Elections Result 2024)

गौतमबुद्ध नगर जिले के प्रमुख शहरों की बात करें तो इसमें नोएडा और ग्रेटर नोएडा शामिल हैं। यह सीट साल 2008 में अस्तित्व में आई। पहले यह क्षेत्र खुर्जा लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा था। इस लोकसभा क्षेत्र में बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर जिले के कई इलाके आते हैं। इसके अंतर्गत कुल पांच विधानसभा सीटें आती हैं, जिनके नाम नोएडा, जेवर, दादरी, सिकंदराबाद और खुर्जा हैं। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट अस्तित्व में आने के बाद यहां पर तीन बार चुनाव हो चुके हैं। साल 2009 में हुए पहले चुनाव में यहां से उस समय राज्य में सत्तारूढ़ बहुजन समाज पार्टी को जीत मिली। जबकि साल 2014 और 2019 में भाजपा नेता महेश शर्मा इस सीट से चुनाव जीते।
जब बात गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट की होती है तो आमतौर पर लोग इसे नोएडा लोकसभा सीट कहकर भी पुकारते हैं। ऐसा इसलिए भी क्योंकि नोएडा इस लोकसभा क्षेत्र का सबसे बड़ा शहर है। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा लगातार तीसरी बार इस सीट से भाग्य आजमा रहे हैं। अब देखना होगा कि वह जीत की हैट्रिक लगाते हैं या किसी अन्य को जनता का आशीर्वाद मिलता है।
गौतमबुद्ध नगर से बीजेपी के डॉ. महेश शर्मा आगे चल रहे हैं। उन्हें अभी तक 674011 वोट मिले हैं और वो सपा के प्रत्याशी महेंद्र सिंह नागर से 420288 वोटों से आगे चल रहे हैं। महेंद्र सिंह नागर को अभी तक कुल 253723 वोट मिले हैं।

प्रमुख उम्मीदवार

डॉ. महेश शर्मा - भाजपा/NDA, राजेंद्र सिंह सोलंकी - BSP डॉ. महेंद्र नागर - समाजवादी पार्टी/INDIA

बुलंदशहर (Bulandshahr Lok Sabha elections Result 2024)

NCR की लोकसभा सीटों में से एक बुलंदशहर भी है। इस लोकसभा क्षेत्र में बुलंदशहर, अनूपशहर, खुर्जा, स्याना, डिबाई, सिकंदराबाद और शिकारपुर जैसे शहर आते हैं। साल 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में बुलंदशहर लोकसभा सीट पर करीब 17 लाख, 88 हजार मतदाता थे। लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में यहां 26 अप्रैल को मतदान होगा। पिछले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार डॉ. भोला सिंह ने यहां से जीत दर्ज की थी। उन्हें कुल 6 लाख, 81 हजार से ज्यादा वोट मिले थे, जबकि BSP उम्मीदवार योगेश वर्मा को 3 लाख, 91 हजार से ज्यादा मत मिले ते। लोकसभा चुनाव 2024 में भी बुलंदशहर सीट पर मुख्य मुकाबला NDA और India गठबंधन के अलावा BSP के बीच है।
भाजपा के भोला सिंह कांग्रेस के शिवराम वाल्मीकि से 273125 वोटों से आगे चल रहे हैं। भोला सिंह को अभी तक कुल 593773 वोट मिले हैं और शिवराम वाल्मीकि के खाते में कुल 320648 वोट गए हैं।
प्रमुख उम्मीदवार
डॉ. भोला सिंह - भाजपा/NDA शिवराम वाल्मीकि - कांग्रेस/INDIA गीरीश चंद्र जाटव - BSP

मेरठ (Meerut Lok Sabha elections Result 2024)

मेरठ, NCR में एक खास स्थान रखता है। मेरठ को लेकर केंद्र सरकार का रुख भी काफी स्पष्ट है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद जैसे शहरों से भीड़ कम करने और मेरठ के लोगों को दिल्ली आने में सहूलियत के लिए दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे के अलावा नमो भारत ट्रेन भी चलाई जा रही है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की यह सीट काफी अहम है, क्योंकि मेरठ पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक प्रमुख जिला और शहर है। मेरठ लोकसभा सीट में मेरठ और हापुड़ जिले के कुछ इलाके आते हैं। साल 1996 से लगातार भारतीय जनता पार्टी यहां से चुनाव जीत रही है। साल 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में BJP उम्मीदवार राजेंद्र अग्रवाल करीब 5000 मतों ये चुनाव जीत पाए थे। उन्होंने सपा-बसपा के उम्मीदवार हाजी याकूब कुरैशी को हराया था।
इस बार भारतीय जनता पार्टी ने 80 के दशक के मशहूर टीवी सीरियल रामायण के प्रमुख किरदार यानी राम बने अरुण गोविल को अपना उम्मीदवार बनाया है। अरुण गोविल मेरठ में ही पले बढ़े हैं और ग्रेजुएशन तक यहीं रहे हैं। उधर समाजवादी पार्टी ने यहां से पूर्व मेयर सुनीत वर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है। उनका नाम तय करने से पहले पार्टी ने पहले सुप्रीम कोर्ट के वकील भानू प्रताप सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया था, जिन्हें बदलकर सरधना से विधायक अतुल प्रधान का नाम तय किया गया। लेकिन अंतिम क्षणों में पार्टी ने उन्हें हटाकर सुनीता वर्मा को प्रत्याशी बनाया।
मेरठ से बीजेपी के अरुण गोविल सपा की सुनिता वर्मा से 4790 वोटों से आगे चल रहे हैं। अरुण गोविल को अभी तक कुल 449985 वोट मिले हैं। सुनिता वर्मा के खाते में अभी तक 445195 वोट गए हैं।

प्रमुख उम्मीदवार

अरुण गोविल - भाजपा/NDA सुनीत वर्मा - समाजवादी पार्टी/INDIA देवव्रत त्यागी - BSP

बागपत (Baghpat Lok Sabha elections Result 2024)

बागपत भी यूपी में NCR की एक प्रमुख सीट है। किसान बहुल इस सीट पर मतदाता किस पार्टी या गठबंधन को अपना समर्थन देते हैं इसका इंतजार हर किसी को है। केंद्र में सत्तारूढ़ NDA गठबंधन में शामिल होने के बाद यह सीट राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के हिस्से गई है। RLD का किसानों के बीच अच्छा जनसमर्थन माना जाता है। RLD ने यहां से राजकुमार सांगवान को अपना उम्मीदवार बनाया है। खासतौर पर किसान आंदोलन के बाद विपक्षी गठबंधन INDIA और समाजवादी पार्टी किसानों की नाराजगी को अपने हित में मान रही है। लेकिन RLD की NDA में वापसी के बाद NDA भी बागपत सीट को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है। साल 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा के सत्यपाल मलिक यहां से चुनाव जीते थे। उन्हें कुल 5 लाख 25 हजार से ज्यादा वोट मिले थे, दूसरे नंबर पर RLD के मौजूद प्रमुख जयंत चौधरी 5 लाख, 2 हजार से कुछ ज्यादा वोट लाकर दूसरे नंबर पर रहे थे।
बागपत सीट से RLD के राजकुमार सांगवान सपा के अमरपाल से 113092 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं। राजकुमार सांगवान को अब तक कुल 312487 वोट मिले हैं। अमरपाल के खाते में 199395 वोट गए हैं।
प्रमुख उम्मीदवार
राजकुमार सांगवान - RLD/NDA मनोज चौधरी - समाजवादी पार्टी/INDIA प्रवीण बंसल - BSP

मथुरा (Mathura Lok Sabha elections Result 2024)

अयोध्या के राम जन्मभूमि में राम लला का मंदिर बनने के बाद मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि को लेकर भी कयास लगाए जाने लगे। इस लोकसभा सीट पर भी चुनाव काफी हद तक कृष्ण जन्मभूमि मंदिर विवाद से प्रभावित होता है। पिछले दो लोकसभा चुनाव यानी 2014 और 2019 में भारतीय जनता पार्टी की नेता और फिल्म एक्ट्रेस हेमा मालिनी यहां से चुनाव जीती हैं। 2019 में 6 लाख, 71 हजार से ज्यादा (60.88 प्रतिशत) वोट मिले थे, जबकि 2014 में वह 5 लाख, 74 हजार से अधिक (52.11 फीसद) मत पाने में सफल रही थीं।
मथुरा लोकसभा सीट से बीजेपी की हेमा मालिनी कांग्रेस के मुकेश ढांगर से 236717 वोटों से आगे चल रही हैं। हेमा मालिनी को अभी तक 393024 वोट मिले हैं। मुकेश ढांगर के खाते में 156307 वोट गए हैं।
प्रमुख उम्मीदवार
हेमा मालिनी - BJP/NDA मुकेश ढांगर - कांग्रेस/INDIA सुरेश सिंह - BSP

अमरोहा (Amroha Lok Sabha elections Result 2024)

लोकसभा चुनाव 2024 के दूसरे चरण में उत्तर प्रदेश की जिन 8 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से एक अमरोहा सीट भी है। अमहोरा में मुख्य मुकाबला NDA और INDIA दो गठबंधनों के बीच है। हालांकि, BSP भी यहां मजबूत पार्टी है। विपक्षी गठबंधन INDIA की ओर कांग्रेस नेता दानिश अली अमरोहा से उम्मीदवार हैं, जबकि NDA की ओर से भाजपा नेता कंवर सिंह तंवर चुनावी मैदान में हैं।
बहुजन समाज पार्टी ने मुजाहिद हुसैन को अपना प्रत्याशी बनाया है। दानिश अली ने साल 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में BSP की टिकट पर यहां से चुनाव जीता था, लेकिन इस बार वह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। अमरोहा उत्तर प्रदेश की उन 17 सीटों में से एक है, जिस पर INDIA गठबंधन की ओर से कांग्रेस नेता चुनाव लड़ रहे हैं।
अमरोहा से कांग्रेस के दानिश अली आगे चल रहे हैं। उन्हें अभी तक 252860 वोट मिले हैं और वो भाजपा उम्मीदवार कंवर सिंह तंवर से 10646 वोटों से आगे चल रहे हैं। कंवर सिंह तंवर को अभी तक कुल 242214 वोट मिले हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | इलेक्शन (elections News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

Rohit Ojha author

रोहित ओझा Timesnowhindi.com में बतौर सीनियर कॉरस्पॉडेंट सितंबर 2023 से काम कर रहे हैं। यहां पर वो बिजेनस और यूटिलिटी की खबरों पर काम करते हैं। मी...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited