हरियाणा चुनाव: उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होते ही BJP में इस्तीफों का दौर, रतिया से विधायक लक्ष्मण नापा ने छोड़ी पार्टी

भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए बुधवार को 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसके बाद से ही पार्टी में सियासी हलचल तेज है।

BJP Haryana

BJP Haryana

मुख्य बातें
  • हरियाणा चुनाव 2024 के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होते ही BJP में घमासान मचा
  • रतिया से विधायक लक्ष्मण नापा ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया
  • हरियाणा बीजेपी किसान मोर्चा अध्यक्ष सुखविंदर श्योराण ने भी इस्तीफा दिया
Haryana Elections 2024: हरियाणा चुनाव 2024 के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) में घमासान मच गया है और इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। रतिया से विधायक लक्ष्मण नापा ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। बीजेपी विधायक लक्ष्मण नापा ने बीजेपी को अलविदा कहते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा ने आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पूर्व सिरसा सांसद सुनीता दुग्गल को रतिया विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है। इसी से नाराज होकर नापा ने इस्तीफा दिया है।

नेताओं के पार्टी छोड़ने का सिलसिला शुरू

वहीं, चुनाव के लिए बीजेपी की पहली सूची जारी होते ही कई अन्य नेताओं के भी पार्टी छोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। बीजेपी किसान मोर्चा हरियाणा अध्यक्ष सुखविंदर श्योराण ने भी इस्तीफा दे दिया है। इसके अलावा चरखी दादरी किसान मोर्चा अध्यक्ष विकास ने इस्तीफा दे दिया है। माना जा रहा है कि टिकट बंटवारे से असंतुष्ट कई और नेता इस्तीफा दे सकते हैं।

भाजपा ने घोषित किए 67 उम्मीदवार

भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए बुधवार को 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। भाजपा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लाडवा सीट से उम्मीदवार बनाने के साथ पार्टी में हाल ही में शामिल हुए कई लोगों को टिकट दिए हैं। हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रमुख एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को बादली से मैदान में उतारा गया है जबकि पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल विज अपने गढ़ अंबाला कैंट से फिर से चुनाव लड़ेंगे।

किसे-किसे मिला टिकट

कुछ दिन पहले जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए देवेंद्र सिंह बबली, संजय कबलाना और श्रुति चौधरी क्रमश: टोहाना, बेरी और तोशाम सीट से चुनाव लड़ेंगे। श्रुति भाजपा की वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद किरण चौधरी की बेटी हैं। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती सिंह भी अटेली से चुनाव लड़ेंगी। करनाल में, जहां से वर्तमान में मुख्यमंत्री सैनी विधानसभा में प्रतिनिधित्व करते हैं, भाजपा ने वरिष्ठ नेता जगमोहन आनंद को मैदान में उतारा है। उन्हें केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का करीबी माना जाता है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई और सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को क्रमश: नारनौंद, आदमपुर और रतिया (एससी) सीट से मैदान में उतारा गया है। हाल ही में भाजपा में शामिल हुईं महापौर शक्ति रानी शर्मा कालका से चुनाव लड़ेंगी जबकि विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता पंचकूला से फिर से चुनाव लड़ेंगे। असीम गोयल को भाजपा ने अंबाला शहर विधानसभा सीट से फिर से उम्मीदवार बनाया है। मंजू हुड्डा गढ़ी सांपला-किलोई सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगी, जहां कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा मौजूदा विधायक हैं।
राज्य सरकार में मंत्री रंजीत सिंह चौटाला को सिरसा जिले की रानिया सीट से मैदान में नहीं उतारा गया है। उन्हें इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार बनाए जाने की उम्मीद थी, लेकिन भाजपा ने उनकी जगह शीशपाल कंबोज को मैदान में उतार दिया है। रंजीत ने लोकसभा चुनाव से पहले रानिया से निर्दलीय विधायक के तौर पर जीत हासिल की थी। लोकसभा चुनाव के समय उन्होंने इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था। वह हिसार संसदीय सीट से चुनाव भी लड़े लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। मंत्री संजय सिंह और पूर्व मंत्री संदीप सिंह सहित कुछ मौजूदा विधायकों का नाम भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची में शामिल नहीं है।
पूर्व मंत्री विपुल गोयल को फरीदाबाद से मैदान में उतारा गया है, जहां नरेंद्र गुप्ता मौजूदा विधायक हैं। हरियाणा के मंत्री कंवर पाल, कमल गुप्ता, जय प्रकाश दलाल, महिपाल ढांडा, आभे सिंह यादव और मूल चंद शर्मा के नाम भी सूची में शामिल हैं और उन्हें उन निर्वाचन क्षेत्रों से मैदान में उतारा गया है जिनका वे प्रतिनिधित्व करते हैं। हाल ही में पाला बदलने वाले जजपा के बागी राम कुमार गौतम को सफीदों से जबकि रोहतक से पूर्व भाजपा सांसद अरविंद शर्मा को गोहाना से चुनाव मैदान में उतारा गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | इलेक्शन (elections News) और बजट 2024 (Union Budget 2024) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

अमित कुमार मंडल author

करीब 18 वर्षों से पत्रकारिता के पेशे से जुड़ा हुआ हूं। इस दौरान प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल का अनुभव हासिल किया। कई मीडिया संस्थानों में मिले अनुभव ने ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited