हरियाणा चुनाव: उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होते ही BJP में इस्तीफों का दौर, रतिया से विधायक लक्ष्मण नापा ने छोड़ी पार्टी

भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए बुधवार को 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसके बाद से ही पार्टी में सियासी हलचल तेज है।

BJP Haryana
मुख्य बातें
  • हरियाणा चुनाव 2024 के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होते ही BJP में घमासान मचा
  • रतिया से विधायक लक्ष्मण नापा ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया
  • हरियाणा बीजेपी किसान मोर्चा अध्यक्ष सुखविंदर श्योराण ने भी इस्तीफा दिया

Haryana Elections 2024: हरियाणा चुनाव 2024 के लिए उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) में घमासान मच गया है और इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। रतिया से विधायक लक्ष्मण नापा ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। बीजेपी विधायक लक्ष्मण नापा ने बीजेपी को अलविदा कहते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा ने आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पूर्व सिरसा सांसद सुनीता दुग्गल को रतिया विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है। इसी से नाराज होकर नापा ने इस्तीफा दिया है।

नेताओं के पार्टी छोड़ने का सिलसिला शुरू

वहीं, चुनाव के लिए बीजेपी की पहली सूची जारी होते ही कई अन्य नेताओं के भी पार्टी छोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। बीजेपी किसान मोर्चा हरियाणा अध्यक्ष सुखविंदर श्योराण ने भी इस्तीफा दे दिया है। इसके अलावा चरखी दादरी किसान मोर्चा अध्यक्ष विकास ने इस्तीफा दे दिया है। माना जा रहा है कि टिकट बंटवारे से असंतुष्ट कई और नेता इस्तीफा दे सकते हैं।

बीजेपी में इस्तीफों का दौर

भाजपा ने घोषित किए 67 उम्मीदवार

भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए बुधवार को 67 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। भाजपा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लाडवा सीट से उम्मीदवार बनाने के साथ पार्टी में हाल ही में शामिल हुए कई लोगों को टिकट दिए हैं। हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रमुख एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को बादली से मैदान में उतारा गया है जबकि पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल विज अपने गढ़ अंबाला कैंट से फिर से चुनाव लड़ेंगे।

किसे-किसे मिला टिकट

कुछ दिन पहले जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए देवेंद्र सिंह बबली, संजय कबलाना और श्रुति चौधरी क्रमश: टोहाना, बेरी और तोशाम सीट से चुनाव लड़ेंगे। श्रुति भाजपा की वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद किरण चौधरी की बेटी हैं। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती सिंह भी अटेली से चुनाव लड़ेंगी। करनाल में, जहां से वर्तमान में मुख्यमंत्री सैनी विधानसभा में प्रतिनिधित्व करते हैं, भाजपा ने वरिष्ठ नेता जगमोहन आनंद को मैदान में उतारा है। उन्हें केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का करीबी माना जाता है।
End Of Feed