Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड में 2 चरणों में होंगे चुनाव, 23 नवंबर को आएंगे नतीजे; जानें क्या है वोटिंग डेट

Jharkhand Assembly Election 2024: निर्वाचन आयोग ने झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। राज्य में 2 चरणों क्रमश: 13 और 20 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर नतीजे आएंगे।

Jharkhand Assembly Election 2024.

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024

मुख्य बातें
  • झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान
  • झारखंड में 2 चरणों में विधानसभा चुनाव का मतदान
  • 23 नवंबर को नई सरकार के गठन पर होगी बात
Jharkhand Assembly Election 2024: निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। दोनों ही राज्यों में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक दलों के बीच मुकाबले का मंच अब तैयार हो जाएगा। झारखंड में दो चरणों में मतदान का ऐलान हुआ है। राज्य में पहले चरण के लिए 13 नवंबर को वोटिंग होगी और दूसरे चरण के लिए 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं, मतों की गणना 23 नवंबर को होगी। इस लिहाज से 23 नवंबर को तय होगा राज्य में किसकी सरकार बनने वाली है?
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया, "झारखंड में चुनाव दो चरण में संपन्न होगा। पहले चरण में 43 सीटों पर मतदान 13 नवंबर और दूसरे चरण में 38 विधानसभा सीटों पर मतदान 20 नवंबर को होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी। झारखंड में कुल मतदाताओं की संख्या 2.6 करोड़ है, जिनमें से 1.31 करोड़ पुरुष और 1.29 करोड़ महिला मतदाता हैं। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 11.84 लाख है। झारखंड में इस बार चुनाव में 29,562 पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के मुताबिक, पहली बार मतदान करने वाले 11.84 लाख युवा मतदाताओं की उम्र 18 से 19 साल है। इसके अलावा 66.84 लाख मतदाताओं की उम्र 20 से 29 साल के बीच है। 3.67 लाख मतदाता दिव्यांग हैं, जबकि 1.14 लाख मतदाताओं की उम्र 85 साल से अधिक है। इसके साथ ही 448 थर्ड जेंडर मतदाता हैं, वहीं 1,706 मतदाताओं की उम्र 100 साल से अधिक है।

43 सीटों पर पहले चरण में वोटिंग

पहले चरण में जिन 43 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, उनमें कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बड़कागांव, हजारीबाग, सिमरिया, चतरा, बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, ईचागढ़, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, खरसावां, तमाड़, तोरपा, खूंटी, रांची, हटिया, कांके, मांडर, सिसई, गुमला, बिशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा, लोहरदगा, मनिका, लातेहार, पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा और भवनाथपुर की सीटें शामिल हैं।

दूसरे चरण में 38 सीटों पर वोटिंग

वहीं, दूसरे चरण में जिन 38 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, उनमें राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, मधुपुर, सारठ, देवघर, पोड़ैयाहाट, गोड्डा, महगामा, रामगढ़, मांडू, धनवार, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, गोमिया, बेरमो, बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी, बाघमारा, सिल्ली और खिजरी की सीटें शामिल हैं।
बता दें कि झारखंड में इस समय जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार है। वहीं, विपक्ष की भूमिका में भाजपा है।

झारखंड विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की तारीख

  • पहले चरण में 43 विधानसभा सीटों के लिए 13 नवंबर को मतदान
  • 18 अक्टूबर (शुक्रवार)- अधिसूचना जारी करने की तारीख
  • 25 अक्टूबर (शुक्रवार)- नामांकन की अंतिम तिथि
  • 28 अक्टूबर (सोमवार)- नामांकन जांच की तिथि
  • 30 अक्टूबर (बुधवार)- उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि
  • दूसरे चरण में 38 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवंबर को मतदान
  • 22 अक्टूबर (मंगलवार)- अधिसूचना जारी करने की तारीख
  • 29 अक्टूबर (मंगलवार)- नामांकन की अंतिम तिथि
  • 30 अक्टूबर (बुधवार)- नामांकन जांच की तिथि
  • 1 नवंबर (सोमवार)- उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि
  • 23 नवंबर- झारखंड की 81 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना

2019 में झामुमो ने बनाई थी सरकार

झारखंड में साल 2019 के विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के गठबंधन ने राज्य की 81 में से 47 सीट जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। इसके बाद हेमंत सोरेन दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने। इस चुनाव में भाजपा 25 सीट पर सिमट गई थी और तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास भी चुनाव हार गए थे।

राज्य में हुए राजनीतिक उलटफेर

पिछले पांच सालों में झारखंड में महाराष्ट्र की तरह कोई बहुत बड़ा राजनीतिक उलटफेर तो नहीं हुआ लेकिन इस दौरान झामुमो में घटे कुछ राजनीतिक घटनाक्रमों ने पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया। मुख्यमंत्री सोरेन को कथित जमीन घोटाले से जुड़े धन शोधन के एक मामले में जनवरी 2024 में गिरफ़्तार कर लिया गया। सोरेन ने गिरफ्तारी से पूर्व मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया और नए मुख्यमंत्री के रूप में झामुमो संस्थापक शिबू सोरेन के करीबी सिपहसालार चम्पई सोरेन की ताजपोशी हुई।
हालांकि, जून महीने में हेमंत सोरेन के जमानत पर रिहा होने के बाद चम्पई सोरेन को इस्तीफा देना पड़ा और एक बार फिर राज्य की कमान हेमंत सोरेन के हाथों में आई गई। इस घटनाक्रम के कुछ दिनों बाद चम्पई सोरेन ने झामुमो से इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल हो गए। झारखंड में भाजपा का ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) और जनता दल (यूनाईटेड) के साथ गठबंधन है। इस बार तीनों दल साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। इस गठबंधन का मुकाबला झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन से होगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें चुनाव से जुड़ी सभी छोटी बड़ी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। भारत के चुनाव (Elections) अपडेट और विधानसभा चुनाव के प्रमुख समाचार पाएं Times Now Navbharat पर सबसे पहले ।

लेटेस्ट न्यूज

Pushpendra kumar author

पुष्पेंद्र यादव यूपी के फतेहुपुर जिले से ताल्लुक रखते हैं। बचपन एक छोटे से गांव में बीता और शिक्षा-दीक्षा भी उसी परिवेश के साथ आगे बढ़ी। साल 2016 स...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited