Jharkhand Assembly Election 2024: झारखंड में 2 चरणों में होंगे चुनाव, 23 नवंबर को आएंगे नतीजे; जानें क्या है वोटिंग डेट

Jharkhand Assembly Election 2024: निर्वाचन आयोग ने झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। राज्य में 2 चरणों क्रमश: 13 और 20 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर नतीजे आएंगे।

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024

मुख्य बातें
  • झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान
  • झारखंड में 2 चरणों में विधानसभा चुनाव का मतदान
  • 23 नवंबर को नई सरकार के गठन पर होगी बात
Jharkhand Assembly Election 2024: निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। दोनों ही राज्यों में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक दलों के बीच मुकाबले का मंच अब तैयार हो जाएगा। झारखंड में दो चरणों में मतदान का ऐलान हुआ है। राज्य में पहले चरण के लिए 13 नवंबर को वोटिंग होगी और दूसरे चरण के लिए 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं, मतों की गणना 23 नवंबर को होगी। इस लिहाज से 23 नवंबर को तय होगा राज्य में किसकी सरकार बनने वाली है?
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया, "झारखंड में चुनाव दो चरण में संपन्न होगा। पहले चरण में 43 सीटों पर मतदान 13 नवंबर और दूसरे चरण में 38 विधानसभा सीटों पर मतदान 20 नवंबर को होगा। मतगणना 23 नवंबर को होगी। झारखंड में कुल मतदाताओं की संख्या 2.6 करोड़ है, जिनमें से 1.31 करोड़ पुरुष और 1.29 करोड़ महिला मतदाता हैं। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 11.84 लाख है। झारखंड में इस बार चुनाव में 29,562 पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के मुताबिक, पहली बार मतदान करने वाले 11.84 लाख युवा मतदाताओं की उम्र 18 से 19 साल है। इसके अलावा 66.84 लाख मतदाताओं की उम्र 20 से 29 साल के बीच है। 3.67 लाख मतदाता दिव्यांग हैं, जबकि 1.14 लाख मतदाताओं की उम्र 85 साल से अधिक है। इसके साथ ही 448 थर्ड जेंडर मतदाता हैं, वहीं 1,706 मतदाताओं की उम्र 100 साल से अधिक है।

43 सीटों पर पहले चरण में वोटिंग

पहले चरण में जिन 43 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, उनमें कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बड़कागांव, हजारीबाग, सिमरिया, चतरा, बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, ईचागढ़, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, खरसावां, तमाड़, तोरपा, खूंटी, रांची, हटिया, कांके, मांडर, सिसई, गुमला, बिशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबिरा, लोहरदगा, मनिका, लातेहार, पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा और भवनाथपुर की सीटें शामिल हैं।

दूसरे चरण में 38 सीटों पर वोटिंग

वहीं, दूसरे चरण में जिन 38 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, उनमें राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, मधुपुर, सारठ, देवघर, पोड़ैयाहाट, गोड्डा, महगामा, रामगढ़, मांडू, धनवार, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, गोमिया, बेरमो, बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी, बाघमारा, सिल्ली और खिजरी की सीटें शामिल हैं।
End Of Feed