BJP का वोट शेयर 50% के पार ले जाएंगे ये छोटे दल, UP में मिशन 80 के लिए भगवा पार्टी का समझें दांव

Loksabha Election 2024: 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन की अगर बात करें तो एनडीए 80 सीटों पर चुनाव लड़ा और उसे 64 सीटों पर जीत मिली। एनडीए का वोट प्रतिशत 50.76 प्रतिशत रहा। भाजपा ने 78 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे।

Loksabha Election 2024

लोकसभा चुनाव 2024।

Loksabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 में यूपी की सभी 80 सीटों पर अपना जीत का परचम लहराने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना पूरा दम-खम लगा दिया है। इस लक्ष्य को पाने में जितने भी 'कील-कांटे' हो सकते हैं, वह उन्हें दुरुस्त कर रही है। समाज के हर वर्ग और एक-एक वोट को वह अपने साथ जोड़ रही है। पिछले लोकसभा चुनाव में एनडीए को 16 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था। इन सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों की हार का अंतर बहुत ज्यादा नहीं था। भाजपा ने इस बार इन हारी हुई सभी सीटों को जीतने की रणनीति पर किया है। इसके लिए उसने यूपी खासकर पूर्वांचल के उन छोटे दलों को अपने साथ लाई है जिनका वोट प्रतिशत तो कम है लेकिन इनके एक साथ आने पर भाजपा के वोट बैंक में पांच प्रतिशत से ज्यादा का इजाफा हो सकता है।

यूपी में मंत्रिमंडल का विस्तार कर साधा जातीय समीकरण

लोकसभा चुनाव से पहले यूपी कैबिनेट के विस्तार में गठबंधन के साथियों को जगह देकर भाजपा ने जातीय समीकरण तो साधे ही हैं, इसके जरिए उसने यह संदेश भी दिया कि वह गठबंधन के सभी साथियों का सम्मान करती है। मंगलवार को योगी कैबिनेट का विस्तार हुआ और इसमें सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर, भाजपा एमएलसी दारा सिंह चौहान, साहिबाबाद से भाजपा विधायक सुनील शर्मा और रालोद के अनिल कुमार को मंत्री बनाया गया। बता दें कि अनिल रालोद का दलित चेहरा हैं।

2019 लोकसभा चुनाव में दलों का प्रदर्शन

पार्टीचुनाव लड़ाजीतवोट शेयर
BJP786249.56
अपना दल-एस221.20
बसपा381019.26
सपा37517.96
रालोद301.67
कांग्रेस6716.31

50% वोट बैंक के आंकड़े को पार कर सकती है BJP

पिछले लोकसभा चुनाव में निषाद पार्टी और अपना दल (एस) भाजपा के साथ थे लेकिन राजभर इस खेमे में नहीं थे। निषाद पार्टी और अपना दल (एस) के साथ होने के बावजूद भाजपा बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाई। अब राजभर के साथ आने पर भाजपा 50 फीसदी वोट बैंक के जादुई आंकड़े को पार कर सकती है। ऐसा होने पर प्रदेश की अधिकांश सीटों पर उसकी जीत का दावा मजबूत हो जाएगा। यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा का वोट प्रतिशत 41 फीसदी के करीब था। सपा ने छोटी पार्टियों के दम पर ही यूपी चुनाव 2022 में 32 फीसदी वोट के करीब पहुंच गई। छोटे दलों की इसी ताकत को देखते हुए भाजपा ने इस बार यूपी में अपना कुनबा बढ़ाया है। पश्चिमी यूपी में भाजपा के साथ इस बार रालोद भी है।

पूर्वांचल में राजभर समाज का वोट

पूर्वांचल में लोकसभा की ऐसी कई सीटें हैं जहां राजभार समाज का वोट निर्णायक हो सकता है। 2019 में राजभर समाज का वोट गाजीपुर में 33877, बलिया में 35900, सलेमपुर में 33568, लालगंज में 17927, चंदौली में 18985 और आजमगढ़ में 10078 था। इनमें से कई सीटों पर भाजपा को हार झेलनी पड़ी।

2019 के चुनाव में पार्टियों की सीटें और उनका वोट प्रतिशत

2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन की अगर बात करें तो एनडीए 80 सीटों पर चुनाव लड़ा और उसे 64 सीटों पर जीत मिली। एनडीए का वोट प्रतिशत 50.76 प्रतिशत रहा। भाजपा ने 78 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे और 62 सीटों पर उसे जीत मिली। भाजपा का इस चुनाव में वोट प्रतिशत 49.56 था। जबकि उसकी सहयोगी पार्टी अपना दल (एस) दो सीटों पर चुनाव लड़ी और दोनों सीटें जीतीं। अपना दल का वोट शेयर 1.20 प्रतिशत था। इस चुनाव में सपा, बसपा और रालोद गठबंधन 78 सीटों पर चुनाव लड़ा। बसपा 38 सीटों, सपा 37 और रालोद तीन सीटों पर चुनाव लड़े। बसपा 10 सीटों, सपा पांच सीटों पर विजयी हुई। इस गठबंधन का वोट प्रतिशत 38.89 फीसद था। बसपा को 19.26, सपा को 17.96 और रालोद को 1.67 प्रतिशत वोट मिल। कांग्रेस ने 67 सीटों पर चुनाव लड़ा था और इसे मात्र एक सीट रायबरेली पर जीत मिली। इस चुनाव में कांग्रेस का वोट प्रतिशत गिरकर 6.31 फीसदी पर आ गया।

2019 में इन 16 सीटों पर हारी BJP

1-बिजनौर
बिजनौर सीट पर बसपा के मलूक नागर विजयी हुए। नागर को 559824 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के राजा भारतेंद्र सिंह रहे। भाजपा उम्मीदवार को 488061 वोट हासिल हुए।
2-अमरोहा
अमरोहा सीट पर बसपा के कुंवर दानिश अली को जीत मिली। अली को इस सीट पर 600744 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के कंवर सिंह तंवर रहे। तंवर को 536380 वोट मिले।
3-मुरादाबाद
मुरादाबाद सीट पर सपा के एसटी हसन विजयी हुए। हसन को 648817 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के कुंवर सर्वेश कुमार रहे। भाजपा प्रत्याशी को यहां 549729 वोट मिले।
4-संभल
संभल सीट पर सपा के खाते में गई। इस सीट पर सपा उम्मीदवार शफीकुर रहमान बर्क विजयी हुए। उन्हें 657505 वोट मिले। बर्क ने भाजपा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी को हराया। सैनी को इस सीट पर 482466 वोट मिले।
5-रायबरेली
रायबरेली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सोनिया गांधी विजयी हुईं। सोनिया को यहां 533687 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह रहे। दिनेश को इस सीट पर 365839 वोट मिले।
6-घोसी
घोसी सीट पर बसपा उम्मीदवार अतुल कुमार सिंह विजयी हुए। अतुल को इस सीट पर 572459 वोट मिले। इस सीट पर दूसरे स्थान पर भाजपा के हरिनारायण रहे। भाजपा उम्मीदवार को 449212 वोट मिले।
7-लालगंज
लालगंज सीट पर बसपा उम्मीदवार संगीता आजाद विजयी हुईं। इस सीट पर संगीता को 517545 वोट मिले। सपा उम्मीदवार ने भाजपा की नीलम सोनकर को हराया। सोनकर को यहां 356328 वोट मिले।
8-जौनपुर
जौनपुर सीट पर बसपा के श्याम सिंह यादव विजयी हुए। इस सीट पर श्याम सिंह को 520046 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के कृष्ण प्रताप सिंह रहे। सिंह को यहां 439292 वोट मिले।
9-अंबेडकर नगर
अंबेडकर नगर सीट पर बसपा के रितेश पांडे विजयी हुए। पांडे को 563445 वोट मिले। रितेश ने इस सीट पर भाजपा के मुकुट बिहारी को हराया। भाजपा उम्मीदवार को 467287 वोट हासिल हुए।
10-गाजीपुर
गाजीपुर सीट पर बसपा के अफजल अंसारी विजयी हुए। अंसारी को 564144 वोट मिले। अंसारी ने भाजपा उम्मीदवार मनोज सिन्हा को हराया। सिन्हा को इस सीट पर 443188 वोट मिले।
11-श्रावस्ती
श्रावस्ती सीट पर बसपा के राम शिरोमणि विजयी हुए। इस सीट पर शिरोमणि को 441505 वोट मिले। इन्होंने भाजपा उम्मीदवार दद्दन मिश्रा को हराया। मिश्रा को इस सीट पर 436228 वोट मिले।
12-मैनपुरी
मैनपुरी सीट पर सपा से मुलायम सिंह यादव विजयी हुए। इस चुनाव में उन्हें 523145 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के प्रेम सिंह शाक्य रहे। शाक्य को 428559 वोट मिले।
13-सहारनपुर
सहारनपुर सीट पर बसपा के हाजी फजलुर रहमान विजयी हुए। बसपा उम्मीदवार को 513268 वोट मिले। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी राघव लखनपाल दूसरे स्थान पर रहे। लखनपाल को 489942 वोट मिले।
14-आजमगढ़
आजमगढ़ सीट पर सपा के अखिलेश यादव विजयी हुए। इस सीट पर अखिलेश को 619594 वोट मिले जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाले भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ को 360255 वोट मिले।
15-रामपुर
रामपुर सीट पर सपा के आजम खान विजयी हुए। इस चुनाव में आजम को 559018 वोट और भाजपा प्रत्याशी जयाप्रदा नहाटा को 448630 वोट मिले।
16-नगीना
नगीना सीट पर बसपा के गिरीश चंद्र विजयी हुए। चंद्र को इस सीट पर 567195 वोट मिले। दूसरे स्थान पर भाजपा के डॉक्टर यशवंत सिंह रहे। सिंह को 399348 वोट मिले।

उपचुनाव में आजमगढ़, रामपुर जीता

2022 में आजमगढ़ की सीट से अखिलेश यादव के इस्तीफा देने और रामपुर सीट पर आजम खान की संसद सदस्यता जाने के बाद दोनों सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की। आजमगढ़ में निरहुआ ने धर्मेंद्र यादव और रामपुर में भाजपा के घनश्याम लोधी ने सपा प्रत्याशी आसिम राजा को हराया। 2022 में ही मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी सीट पर उपचुनाव हुआ। इस उपचुनाव में सपा से डिंपल यादव विजयी हुईं। डिंपल ने भाजपा के रघुराज शाक्य को 2.8 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | इलेक्शन (elections News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

आलोक कुमार राव author

करीब 20 सालों से पत्रकारिता के पेशे में काम करते हुए प्रिंट, एजेंसी, टेलीविजन, डिजिटल के अनुभव ने समाचारों की एक अंतर्दृष्टि और समझ विकसित की है। इ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited