'हरियाणा के लोगों ने कमाल कर दिया, फिर कमल-कमल कर दिया'; पीएम मोदी ने कांग्रेस को जमकर सुनाई खरी-खोटी

PM Modi on Elections Result: हरियाणा में भाजपा की जीत को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने फिर कमाल कर दिया है और कमल-कमल कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह विकास और सुशासन की राजनीति की जीत है। मैं यहां के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।

PM Modi on Haryana Elections Result

पीएम मोदी ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के नतीजों पर क्या कहा?

Assembly Elections Result: हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भाजपा सिर्फ दुनिया का सबसे बड़ा दल ही नहीं है, भाजपा दुनिया में सबसे ज्यादा लोगों के दिलों में बसती है। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की जीत को ‘विकास व सुशासन की राजनीति’ की जीत करार दिया और राज्य के लोगों को भरोसा दिया कि वे उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।

'हरियाणा ने फिर कमल-कमल कर दिया'

पीएम मोदी ने पार्टी मुख्यालय, नई दिल्ली में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 'हम सबने सुना है कि जहां दूध दही का खाना, वैसा है अपना हरियाणा। हरियाणा के लोगों ने फिर कमाल कर दिया है और कमल-कमल कर दिया है।' उन्होंने आगे कहा कि आज नवरात्रि का छठा दिन है। मां कात्यायनी की आराधना का दिन है। मां कात्यायनी शेर पर विराजमान होकर हाथ में कमल को धारण किए हुए हम सभी को आशीर्वाद दे रही है। ऐसे पावन दिन हरियाणा में तीसरी बार लगातार कमल खिला है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि गीता की धरती पर सत्य की जीत हुई है। गीता की धरती पर विकास की जीत हुई है। गीता की धरती पर सुशासन की जीत हुई है। हर जाति, हर वर्ग के लोगों ने हमें वोट दिया है।

पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर को लेकर क्या कहा?

जम्मू-कश्मीर में दशकों के इंतजार के बाद आखिरकार शांतिपूर्वक चुनाव हुए, वोटों की गिनती हुई, नतीजे आए। ये भारत के संविधान की जीत है, भारत के लोकतंत्र की जीत है। जम्मू-कश्मीर में जितनी भी पार्टियां चुनाव लड़ रही थीं, उनमें वोट शेयर के हिसाब से भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। मैं हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में जीत हासिल करने वाले सभी उम्मीदवारों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। मैं हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की जनता को भी बहुत बहुत बधाई देता हूं। मैं सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके तप और तपस्या के लिए नमन करता हूं।
हरियाणा की ये जीत कार्यकर्ताओं के अथाह परिश्रम का परिणाम है। हरियाणा की ये जीत नड्डा जी और हरियाणा की टीम के प्रयासों की जीत है। हरियाणा की ये जीत नम्र-विनम्र हमारे मुख्यमंत्री जी के कर्तव्यों की भी जीत है। आज हरियाणा में झूठ की घुट्टी पर विकास की गारंटी भारी पड़ी है। हरियाणा की जनता ने नया इतिहास रच दिया है।

'हरियाणा के लोगों ने हर 5 साल के बाद सरकार बदली'

हरियाणा में अब तक 13 चुनाव हुए हैं। इनमें से 10 चुनाव में हरियाणा के लोगों ने हर 5 साल के बाद सरकार बदली। लेकिन इस बार हरियाणा के लोगों ने जो किया है, वो अभूतपूर्व है। पहली बार ऐसा हुआ है कि 5-5 साल के दो कार्यकाल पूरा करने वाली किसी सरकार को हरियाणा में फिर से मौका मिला है। भाजपा दुनिया का सिर्फ सबसे बड़ा दल ही नहीं है… भाजपा सबसे ज्यादा दिलों में भी बसी हुई है। हरियाणा में जनता ने विकास के मुद्दे पर भाजपा की हैट्रिक लगाई। भाजपा ने कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति दिलाई, इसलिए गुजरात और मध्य प्रदेश की जनता दो दशक से भी ज्यादा समय से अपना आशीर्वाद बनाए हुए है।

'लोगों ने कांग्रेस के लिए No Entry का बोर्ड लगा दिया'

प्रधानमंत्री ने बोला कि देश के ज्यादातर राज्यों के लोगों ने कांग्रेस के लिए No Entry का बोर्ड लगा दिया है। पहले कांग्रेस सोचती थी कि वो चाहे काम करे या न करे, लोग तो उसको वोट देंगे ही। लेकिन अब कांग्रेस की पोल खुल चुकी है। उसका डिब्बा गोल हो चुका है। कांग्रेस सत्ता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानती है। सरकार में न रहने पर कांग्रेस की हालत जल बिन मछली जैसी हो जाती है। इसलिए वो सरकार में आने के बाद देश और समाज को दांव पर लगाने से नहीं हिचकती।

'समाज में जाति का जहर फैलाने पर उतर आई है कांग्रेस'

पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज पूरा देश देख रहा है कि कैसे कांग्रेस हमारे समाज में जाति का जहर फैलाने पर उतर आई है। जो लोग सोने का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए, वो गरीब को जाति के नाम पर लड़वाना चाहते हैं। हमारे दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज को भूलना नहीं है कि ये कांग्रेस ही है, जिसने उनपर सबसे ज्यादा अत्याचार किया है। ये कांग्रेस है, जिसने उन्हें इतने दशकों तक रोटी, पानी, मकान से वंचित रखा। कांग्रेस का परिवार दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों से नफरत करता है, उनसे चिढ़ता है। आज जब दलित, पिछड़े, आदिवासी शीर्ष स्थान पर जा रहे हैं, तो इनके पेट में चूहे दौड़ने लगते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस शाही परिवार ने तो डंके की चोट पर कहा कि वो आरक्षण खत्म कर देंगे। दलितों और पिछड़ों का आरक्षण छीनकर कांग्रेस अपने वोटबैंक को देना चाहती थी। हरियाणा में भी वो यही करने जा रही थी।

हरियाणा में भाजपा की जीत पर क्या बोले जेपी नड्डा?

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आपने (मोदी जी ने) पिछले 23 सालों में जिस कार्यकर्ता भाव से, जिस समर्पण भाव से देश की तस्वीर को बदलने के लिए अथक प्रयास किया है, ये उसका नतीजा है कि आज हरियाणा और देश का मिजाज 'मोदीमय' है। यह बात फिर से साबित होती है कि 'मोदी है तो मुमकिन है।' ये मोदी की गारंटी है। आज मोदी जी के नेतृत्व में हरियाणा भाजपा का गढ़ बन गया है और वहां बिना किसी रोकटोक के लगातार तीसरी बार हमारी सरकार बन रही है। मोदी जी के नेतृत्व में हरियाणा में हमारा सीट शेयर भी बढ़ा है और वोट शेयर भी बढ़ा है।
भाजपा ने हरियाणा के इतिहास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 48 सीट पर जीत दर्ज की। इससे पहले, भाजपा ने 2014 के विधानसभा चुनाव में 47 सीट जीतकर पहली बार अपने बूते हरियाणा में सरकार बनाई थी। साल 2019 के चुनाव में उसे 40 सीट मिली थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें चुनाव से जुड़ी सभी छोटी बड़ी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। भारत के चुनाव (Elections) अपडेट और विधानसभा चुनाव के प्रमुख समाचार पाएं Times Now Navbharat पर सबसे पहले ।

लेटेस्ट न्यूज

आयुष सिन्हा author

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रक...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited