रोजाना 3500 किमी. का सफर, हर रोज चार रैलियां..हीटवेब के बीच पीएम मोदी का तूफानी प्रचार

ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान के साथ भीषण गर्मी की चपेट में हैं। इसी के बीच पीएम मोदी रैलियां करने में जुटे हैं.।

Narendra Modi

पीएम मोदी की रैलियां

PM Modi Rallies: एक तरफ हीटवेब का असर, तो दूसरी तरफ देश में लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार की गर्मी। राजनेता लगातार चुनावी दौरे कर इस गर्मी को और बढ़ा रहे हैं। इस चुनावी माहौल ने देश में पड़ रही गर्मी में और इजाफा कर दिया है। उत्तर से लेकर पूर्व और दक्षिण तक चुनाव प्रचार की सरगर्मी तापमान को और बढ़ा रही है। खास तौर पर खास तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तूफानी चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। चढ़ते पारे के बीच वह एक दिन में हजारों किलोमीटर का सफर तय कर कई रैलियां कर रहे हैं।

भीषण गर्मी के बीच प्रचार में जुटे मोदी

ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान के साथ भीषण गर्मी की चपेट में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दिन में चार-चार रैलियों को अंजाम दे रहे हैं। वह हर दिन औसतन 3,500 किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं। भीषण गर्मी में भी उनका तूफानी प्रचार जोर पकड़े हुए है।

सोमवार को 3,650 किलोमीटर की यात्रा की

उदाहरण के लिए, सोमवार को पीएम मोदी की चार रैलियां निर्धारित थीं। कर्नाटक में एक रैली और उसके बाद महाराष्ट्र में तीन रैलियां। उनके दिन की शुरुआत कर्नाटक के बागलकोट से हुई, उसके बाद महाराष्ट्र के सोलापुर, सतारा और पुणे में रैली की। मोटे तौर पर पीएम मोदी ने दिन भर में 3,650 किलोमीटर से अधिक की यात्रा की। शाम को एकमात्र रैली पुणे में हुई। बाकी सभी जनसभाएं चिलचिलाती दोपहर में हुईं। बाकी दिनों में भी उनका कुछ ऐसा ही शेड्यूल है। ऐसे समय में जब आईएमडी ने हीटवेव प्रभावित राज्यों के लोगों को सलाह दी है कि जब तक अपरिहार्य न हो, बाहर निकलने से बचें, पीएम मोदी धुआंधार प्रचार में जुटे हैं।

रविवार को कर्नाटक में चार रैलियां कीं

इसी तरह रविवार को पीएम मोदी ने अकेले कर्नाटक में चार रैलियां कीं- बेलगावी, उत्तर कन्नड़, देवनगेरे और बल्लारी। उनकी पहली रैली सुबह 11 बजे और आखिरी शाम 5 बजे थी। जब उत्तर कन्नड़ में सूरज आग उगल रहा था, 73 वर्षीय मोदी भीड़ से पूछा, जिन्होंने राम मंदिर के निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया, क्या देश उन्हें अस्वीकार करेगा या नहीं? कर्नाटक उन्हें अस्वीकार करेगा या नहीं? आप उन्हें अस्वीकार करेंगे या नहीं? उनकी आवाज में दहाड़ थी।
रविवार को बल्लारी में अपनी चौथी रैली में उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने कैसे सुनिश्चित किया कि पीएफआई सदस्य जेल में हों। साथ ही बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में हाल ही में हुए विस्फोट का भी जिक्र किया। वे आक्रामक लग रहे थे। पीएम मोदी ने रविवार को लगभग 4,300 किलोमीटर की यात्रा की थी।

महाराष्ट्र भी पहुंचे पीएम मोदी

हालांकि, शनिवार शाम को उनकी सिर्फ दो रैलियां थीं। महाराष्ट्र के कोलापुर और दक्षिण गोवा में। कोलापुर अत्यधिक गर्मी से जूझ रहा है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने तीन रैलियों को संबोधित किया और तीन राज्यों - पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश में रोड शो में भाग लिया। उनका पहला कार्यक्रम सुबह 10.45 बजे था और दिन का समापन एक रोड शो के साथ हुआ जो शाम 6.30 बजे शुरू हुआ और एक घंटे से अधिक समय तक चला।

सुबह बंगाल-बिहार में गरजे मोदी

वहीं, शुक्रवार को पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के उत्तरी मालदा से शुरुआत की, जहां उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा। इसके बाद बिहार में लगातार दो रैलियां कीं- अररिया और मुंगेर में। यहां उन्होंने लोगों को "लालटेन (राजद का चुनावी चिह्न) के अंधेरे युग" की याद दिलाते हुए लालू प्रसाद यादव की पार्टी पर निशाना साधा। मुंगेर की भरी दोपहरी में पीएम मोदी ने खचाखच भरी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुंगेर जंगलराज का सबसे बड़ा शिकार रहा है।

शाम को योगी संग यूपी के बरेली में थे

शाम तक वह उत्तर प्रदेश के बरेली में थे, जहां वह सड़क यात्रा कर पहुंचे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ एक गाड़ी के ऊपर खड़े होकर भाजपा का चुनावी प्रतीक कमल हाथ में लिया। उत्साह से सराबोर भीड़ अपने स्मार्टफोन लेकर घंटों तक इंतजार करती रही। सुबह 11 बजे से पहले अपनी पहली रैली शुरू करने के बाद पीएम मोदी ने भीड़ को निराश नहीं किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन पर हमला करते हुए भीड़ की ओर लगातार हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

3,000 किलोमीटर से अधिक की यात्रा

इस तरह पीएम मोदी ने शुक्रवार को 3,000 किलोमीटर से अधिक की यात्रा की। यह लोकसभा चुनाव 2024 का दूसरा चरण भी था। भाजपा सूत्रों की मानें, तो आने वाले हफ्तों में पीएम मोदी के रोजमर्रा के कार्यक्रमों में और तेजी आने वाली है। देश में कुल सात चरणों में चुनाव हो रहा है। दो चरण का मतदान पूरा हो चुका है। तीसरे चरण का मतदान 7 मई को है। पीएम मोदी जबरदस्त प्रचार में जुटे हैं ताकि 4 जून को आने वाले नतीजे में भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का मौका मिले।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | इलेक्शन (elections News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

अमित कुमार मंडल author

करीब 18 वर्षों से पत्रकारिता के पेशे से जुड़ा हुआ हूं। इस दौरान प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल का अनुभव हासिल किया। कई मीडिया संस्थानों में मिले अनुभव ने ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited