Bihar Floor Test: नीतीश को पटखनी दे पाएंगे लालू? तेजस्वी ने विधायकों को अपने आवास पर रोका, मांझी पर टिकी निगाहें

Bihar Floor Test: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कुछ विधायकों को लेकर सवाल है। जदयू के मुख्य सचेतक श्रवण कुमार आवास पर आज जदयू विधायकों की मीटिंग थी, जहां कुछ विधायकों के नहीं पहुंचने की खबर है।

bihar floor test

लालू यादव और तेजस्वी यादव

Bihar Floor Test: बिहार में 12 फरवरी को नीतीश सरकार का बहुमत परीक्षण होना है। पहले आसान सी लगने वाली यह प्रक्रिया अब नीतीश कुमार के लिए चुनौतीपूर्ण लग रही है। राजद आसानी से हार मानती नहीं दिख रही है। कांग्रेस पहले ही अपने विधायकों को हैदराबाद भेज चुकी है, अब राजद ने अपने विधायकों को तेजस्वी के घर पर रोक लिया है। उधर जदयू में फूट की खबर है और मांझी का सपोर्ट सबसे अहम माना जा रहा है।

मीटिंग के बाद भी राजद विधायक नहीं गए घर

बिहार सरकार के फ्लोर टेस्ट से पहले, राजद विधायकों को पटना में पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के आधिकारिक आवास पर रोका गया है। तेजस्वी के आवास पर राजद विधायकों और विपक्ष के महागठबंधन के विधायकों की बैठक जब खत्म हुई तो राजद विधायकों को वहीं रोक लिया गया।

राजद की तैयारी

राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि विधायकों ने अगले 48 घंटों में एक साथ रहने और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा- "हमारे लिए, 12 फरवरी एक सामान्य तारीख है... हमारे विधायकों ने फैसला किया है कि अगले 48 घंटों तक, वे एक साथ रहेंगे और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। आपको यह बहुत दिलचस्प लगेगा कि वे अंदर 'अंताक्षरी' खेल रहे हैं... 12 फरवरी एक छोटा सा एपिसोड है। हमने इस खेल को शुरू नहीं किया था लेकिन जैसा कि तेजस्वी यादव ने कहा था, हम इसे खत्म करेंगे...नीतीश कुमार खुद गठबंधन (INDIA) के लिए आगे आए थे...।"

मांझी करेंगे खेला?

हालांकि इसकी उम्मीद कम है, लेकिन ऐसी अटकलें हैं कि जीतन राम मांझी, पलटी मार सकते हैं। नीतीश के साथ उनके संबंध हाल के दिनों में सही नहीं रहे हैं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) लिबरेशन के विधायक दल के नेता और बिहार के विपक्षी महागठबंधन की अहम शख्सियत महबूब आलम ने आज जीतन राम मांझी से मुलाकात की। जिसके बाद पलटी वाली अटकलें हैं। हालांकि मांझी ने साफ कर दिया है कि वो एनडीए के साथ हैं।

जदयू को डर

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कुछ विधायकों को लेकर सवाल है। जदयू के मुख्य सचेतक श्रवण कुमार आवास पर आज जदयू विधायकों की मीटिंग थी, जहां कुछ विधायकों के नहीं पहुंचने की खबर है। जिसके बाद ने जदयू ने विश्वास मत हासिल करने के दौरान पार्टी के सभी विधायकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए व्हिप जारी किया गया है।

बीजेपी के विधायक बोधगया में

बिहार में कांग्रेस के नक्शेकदम पर चलते हुए भाजपा ने अपने विधायकों को पटना से 120 किमी दक्षिण में बोधगया में स्थानांतरित कर दिया है। विश्वास मत से एक दिन पहले उनके पटना लौटने की उम्मीद है।

विधानसभा में समीकरण

राज्य की 243 सदस्यीय विधानसभा में राजग के कुल सदस्य 128 हैं, जो बहुमत के लिए आवश्यक संख्या से छह अधिक है। महागठबंधन के पास 114 सदस्य हैं। महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, भाकपा (माले), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | एक्सप्लेनर्स (explainer News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

शिशुपाल कुमार author

पिछले 10 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करते हुए खोजी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक अपनी समझ विकसित की है। जिसमें कई सीनियर सं...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited