क्यों पड़ रही उत्तर भारत पर भीषण गर्मी की मार, पारा कैसे पहुंचा 47 पार? जान लीजिए वजह

पिछले कुछ दिनों में दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। क्या है इसकी वजह?

Heatwave in North India

उत्तर भारत में भीषण गर्मी

Heatwave in India: समूचे उत्तर भारत में पड़ रही प्रचंड गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने कहा कि उत्तर भारत का एक बड़ा हिस्सा अगले सप्ताह तक भीषण गर्मी की चपेट में रहेगा। इन दिनों तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जाएगी। आईएमडी ने कहा है कि इस क्षेत्र में तापमान में बढ़ोतरी मुख्य कारण प्रशांत महासागर में अल नीनो का कमजोर होना है। इसके अलावा, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से भारत की ओर आने वाली गर्म हवाएं भी पूरे उत्तर भारत में गर्मी की लहरें बढ़ाने में अहम योगदान दे रही हैं।

तापमान 47 डिग्री पहुंचा

पिछले कुछ दिनों में दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। दिल्ली के नजफगढ़ जैसे कुछ स्थानों पर तो तापमान 47 डिग्री से भी अधिक पहुंच गया। प्री-मानसून की स्थिति नहीं बनने से फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इस बार गर्मी की मार से मध्य प्रदेश और बिहार भी नहीं बचे हैं। मौसम विभाग ने फिर बताया है कि फिलहाल हीटवेव से राहत नहीं मिलने जा रही है और अगले पांच दिनों तक हालात ऐसे ही बने रहेंगे।

दिल्ली और यूपी में रेड अलर्ट

आईएमडी ने राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, गुजरात और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार के बाकी हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर भारत में भीषण गर्मी के कारणों पर आईएमडी के एक अध्ययन के अनुसार, इस क्षेत्र में मई में सूर्य की स्थिति सीधे सिर के ऊपर होती है। इसके अतिरिक्त, पाकिस्तान से उत्तर भारत की ओर हवा की दिशा तापमान में तेजी से बढ़ोतरी में योगदान करती है।

दक्षिण के बाद अब उत्तर भारत में भीषण गर्मी

आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र के अनुसार, भारत में लू की स्थिति आमतौर पर लगभग 10 दिनों तक रहती है। इस साल अप्रैल के दौरान दक्षिणी राज्यों में भीषण गर्मी पड़ी और अब इसका असर उत्तर भारत में पड़ रहा है। अगले पांच दिनों तक राहत की उम्मीद नहीं है। गर्मी का प्रकोप बिहार तक बढ़ सकता है।

अगले पांच दिनों में और बढ़ेगा तापमान

IMD ने कहा है कि अगले पांच दिनों में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इन राज्यों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी करते हुए मौसम विभाग ने यह भी कहा कि इन राज्यों के कई जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के स्तर को पार कर सकता है। आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि वर्तमान में पूरे उत्तर पश्चिम भारत में तापमान सामान्य से ऊपर है और हमने पिछले दो से तीन दिनों में इस क्षेत्र के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया था। उन्होंने कहा कि राज्यवार पूर्वानुमान के संबंध में हमने अगले पांच दिनों के लिए राजस्थान में 'रेड अलर्ट' जारी किया है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 47 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने की संभावना है।

अल नीनो भी प्रमुख वजह

अन्य कारकों के अलावा कमजोर होते अल नीनो को भी उत्तर भारत में बढ़ते तापमान का एक कारण बताया जा रहा है। आईएमडी के अध्ययन में कहा गया है कि जब अल नीनो कमजोर पड़ने लगता है तो भारत में तापमान सामान्य से अधिक हो जाता है। भारतीय उपमहाद्वीप दो जलवायु पैटर्न दिखाई देते हैं- अल नीनो और ला नीना। ये पैटर्न एक दूसरे के विपरीत हैं। जब एक सक्रिय होता है, तो दूसरा कमजोर होता है। वर्तमान में अल नीनो प्रशांत महासागर में सक्रिय है, लेकिन यह धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है और जुलाई तक इसके समाप्त होने की उम्मीद है, जिससे ला नीना की स्थिति शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, ला नीना आमतौर पर सामान्य से थोड़ी अधिक बारिश लाता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | एक्सप्लेनर्स (explainer News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

अमित कुमार मंडल author

करीब 18 वर्षों से पत्रकारिता के पेशे से जुड़ा हुआ हूं। इस दौरान प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल का अनुभव हासिल किया। कई मीडिया संस्थानों में मिले अनुभव ने ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited