महिलाओं में अधिक तनाव के क्या कारण हैं? क्यों पुरुषों से ज्यादा रहता है महिलाओं को स्ट्रेस, डॉक्टर से जानें इसकी प्रमुख वजह

भागदौड़ भरी जिंदगी में आज ऐसा कौन है जो किसी न किसी तरह का तनाव न झेल रहा हो। स्टूडेंट्स को पढ़ाई लिखाई का तनाव है, तो कामकाजी लोगों को ऑफिस के काम का तनाव। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पुरुषों की तुलना में महिलाएं ज्यादा तनाव में रहती हैं। आइए जानते हैं एक्सपर्ट् से इसके पीछे क्या कारण है।

Causes of high stress in women

Causes of high stress in women

तनाव आज सभी की जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन गया है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि महिलाएं पुरुषों की तुलना में ज्यादा तनाव झेलती हैं। अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन के सर्वे में सामने आई एक रिपोर्ट की मानें तो महिला अपने जीवन में एक साथ कई तरह के रोल प्ले करती है, जो उसके जीवन में आने वाले तनाव की वजह बन जाते हैं। यही कारण है कि आमतौर पर महिलाओं को पुरुषों से ज्यादा तनाव झेलना पड़ता है। आज हमने महिलाओं से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर बात की Dr. Samant Darshi - Consultant Psychiatrist Yatharth Hospitals से। उन्होंने बताया कि महिलाओं के ज्यादा तनाव में रहने के पीछे क्या कारण है?

महिलाओं को क्यों रहता है ज्यादा तनाव? - Why do women feel more stressed?

इस सवाल का जवाब देते हुए Dr.Samant Darshi कहते हैं कि इसके पीछे कोई एक कारण नहीं है बल्कि इसके 3 मुख्य कारण हैं। जैविक (Biological), सामाजिक (Social) और मनोवैज्ञानिक (Psychological) कारकों के संयोजन के कारण महिलाएं अक्सर पुरुषों की तुलना में अधिक तनाव का अनुभव करती हैं। आइए जानते हैं इन कारणों को विस्तार से..

तनाव का जैविक कारण - Biological Reasons of Stress in Women

डॉक्टर सामंत दर्शी बताते हैं कि महिलाओं में पुरुषों से ज्यादा तनाव होने का एक बड़ा कारण जैविक भी है। दरअसल महिलाएं प्राकृतिक रूप से पुरुषों की अपेक्षा ज्यादा हार्मोनल उतार-चढ़ाव का सामना करती हैं। जिससे वह अक्सर तनाव में बनी रहती हैं। विशेष रूप से मासिक धर्म, गर्भावस्था और रजोनिवृत्ति से संबंधित, मूड स्विंग्स महिलाओं के तनाव के स्तर को प्रभावित कर सकते हैं। इन विशेष समय पर महिलाओं को थोड़ा ज्यादा ख्याल रखने की जरूरत होती है। जिसमें यदि उनका ख्याल न रखा जाए तो उनके तनाव का स्तर बढ़ने लगता है। हालांकि जैसा ख्याल वह घर में किसी को परेशानी होने पर रखती हैं वैसा उनके लिए कर लगभग असंभव हो जाता है।

तनाव का सामाजिक कारण - Social Reasons of Stress in Women

डॉक्टर सामंत दर्शी की मानें तो सामाजिक रूप से, महिलाओं से अक्सर देखभालकर्ता, पेशेवर और गृहिणी सहित कई भूमिका निभाने की अपेक्षा की जाती है। इस मल्टीटास्किंग प्रक्रिया को फॉलो करते करते महिलाएं अक्सर तनाव की शिकार हो जाती हैं। क्योंकि महिलाएं इन सभी भूमिकाओं को एक साथ बखूबी पूरा करने का प्रयास करती हैं। महिलाओं के एक साथ कई काम करने होते हैं, चाहे वह मन से किए जा रहे हों या मजबूरी बस। यही कारण है कि इस प्रोसेस में शारीरिक और मानसिक थकान काफी ज्यादा बढ़ जाती है। इसके अलावा, सामाजिक दबाव और लिंग-आधारित अपेक्षाएं तनाव को बढ़ाने में योगदान कर सकती हैं। महिलाओं को अक्सर दिखावे, व्यवहार और सफलता के संबंध में उच्च मानकों पर रखा जाता है, जिससे उनका मानसिक बोझ बढ़ जाता है। इसके अतिरिक्त, महिलाओं को वर्कप्लेस में अधिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, जैसे लिंग भेदभाव या वेतन असमानता, जो उनके तनाव के स्तर को और बढ़ा देते हैं।

तनाव का मनोवैज्ञानिक कारण - Psychological Reasons of Stress in Women

डॉक्टर सामंत दर्शी के अनुसार, मनोवैज्ञानिक रूप से महिलाओं में तनाव और चिंता को दबाकर रखने की अधिक संभावना होती है, जिससे वह धीरे-धीरे अवसाद जैसी स्थितियों में भी पहुंच जाती हैं। दूसरों की जरूरतों को अपनी जरूरतों से ज्यादा प्राथमिकता देने की प्रवृत्ति के कारण महिलाओं के पास खुद की देखभाल के लिए कम समय रह जाता है, जिससे उनका तनाव और बढ़ जाता है।

महिलाओं में तनाव के अन्य कारण - Causes of Stress in Women in Hindi

महिलाओं से रहती हैं ज्यादा अपेक्षाएं

बात करें भारतीय समाज की तो यहां महिलाओं से पुरुषों के मुकाबले ज्यादा अपेक्षा की जाती है। ऐसा सामाजिक ताना बाना है कि कामकाजी महिलाओं को अपने वर्क लाइफ बैलेंस को बनाने में बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। यदि कभी पत्नी की तबियत खराब होने पर पति एक दिन परिवार को खाना बनाकर खिला देता है, तो उसे बहुत केयरिंग पति माना जाता है, लेकिन महिलाएं रोजाना यही काम करती है। इसके बदले में उन्हें कोई स्पेशल ट्रीटमेंट नहीं दिया जाता है। महिलाएं अपने साथ-साथ बच्चे और पूरे परिवार का ध्यान एक साथ रखती हैं, जो उनके जीवन में तनाव को थोड़ा ज्यादा करने का काम करता है।

ज्यादातर घर में रहना

एक ही जगह पर रहकर एक जैसे माहौल में काम करना भी महिलाओं की मानसिक हालत को काफी बिगाड़ देता है। जो महिलाएं कामकाजी नहीं है और ऑफिस नहीं जाती हैं, उनकी मानसिक स्थिति का अंदाजा लगाना बहुत मुश्किल है। इसलिए जरूरी है कि घर संभालने वाली महिलाओं को महीने में एक बार कहीं बाहर जरूर घूमने जाना चाहिए।

नींद की कमी

हेल्थ एक्सपर्ट्स मानते हैं कि नींद की कमी होना तनाव का सबसे बड़ा कारण बन जाता है। इसके बाद भी शारीरिक कारणों से महिलाओं को पुरुषों की तुलना में ज्यादा नींद की आवश्यकता होती है। लेकिन अक्सर महिलाएं बिना नींद पूरी किए ही बिस्तर छोड़ देती हैं। क्योंकि रात में सभी के सो जाने के बाद वह बिस्तर पर जाती हैं, और सुबह सभी के लिए व्यवस्था बनाने के लिए वह सबसे पहले उठ जाती हैं। इसके साथ ही यदि महिला ग्रहणी है तो दिन में थोड़ी देर सोने का मौका मिल जाता है, लेकिन कामकाजी महिला के लिए तो ऐसा कर पाना भी संभव नहीं होता है।

ध्यान देने की बात...

उपरोक्त लेख से स्पष्ट है कि महिलाओं को पुरुषों की तुलना में तनाव अधिक होने की संभावना होती है। ऐसे में पुरुषों की जिम्मेदारी बन जाती है कि वह इस तनाव से निपटने के लिए महिलाओं की मदद करें। आइए जानते हैं कुछ ऐसे टिप्स जिससे आप महिलाओं के तनाव के स्तर को कम करने में मदद कर सकते हैं।
  1. यदि आप घर में किसी महिला (मां, बहन, पत्नी या बेटी) को तनाव में देखते हैं, तो उसे कुछ भी समझाते समय अपने लहजे में हमेशा नरमी रखें।
  2. यदि आपकी किसी बात से महिला को बुरा लगा है, तो उस बात को छोड़कर आगे बढ़ने की जगह सॉरी बोल कर बात को खत्म करने की कोशिश करें।
  3. महिलाओं को भी चाहिए कि वह ऐसे इंसान से कोई उम्मीद न रखें जो मदद का रवैया न रखता हो।
  4. महिलाओं के मुश्किल समय (मासिक धर्म, प्रेग्नेंसी और रजोनिवृत्ति) के समय आपको उनका ख्याल अधिक रखना चाहिए, क्योंकि वह इस समय काफी हार्मोनल चेंजेस से जूझ रही होती हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | हेल्थ (health News) और बजट 2024 (Union Budget 2024) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

गुलशन कुमार author

पॉटरी नगरी के नाम से मशहूर खुर्ज़ा शहर का रहने वाला हूं। हेल्थ, लाइफस्टाइल और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखने-पढ़ने का शौक है। Timesnowhindi.com में ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited