अयोध्या गैंगरेप के आरोपी सपा नेता मोईद खान पर गिरी पुलिस-प्रशासन की गाज, बुलडोजर ने बेकरी को किया जमींदोज

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या की सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता बच्ची के परिजनों से अपने सरकारी आवास पर मुलाकात की और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने का उनको भरोसा दिया।

Bulldozer action in UP

अयोध्या गैंगरेप के आरोपी की बेकरी पर पहुंचा बुलडोजर

Ayodhya Gangrape Case: अयोध्या में नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के मुख्य आरोपी सपा नेता मोईद खान पर पुलिस-प्रशासन की गाज गिरना शुरू हो गई है। अयोध्या जिला प्रशासन ने 12 वर्षीय बच्ची से बलात्कार के आरोपी मोईद खान की बेकरी को शनिवार को ध्वस्त कर दिया। अयोध्या के जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने बताया कि मोईद खान की बेकरी को ध्वस्त कर दिया गया है। इस बेकरी में एक बड़ा और एक छोटा कमरा था। बेकरी को अवैध रूप से एक तालाब के ऊपर बनाया गया था, जिसके चलते इसे ध्वस्त कर दिया गया है। इससे पहले, पुलिस ने बच्ची से बलात्कार मामले में 30 जुलाई को अयोध्या जिले के पूराकलंदर इलाके से बेकरी मालिक मोइद खान और उसके कर्मचारी राजू खान को गिरफ्तार किया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोइद और राजू ने दो महीने पहले नाबालिग के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया और इस कृत्य को रिकॉर्ड भी किया। उन्होंने बताया कि यह घटना तब प्रकाश में आई, जब हाल ही में मेडिकल जांच में पीड़िता के गर्भवती होने का पता चला। यह मामला तब राजनीतिक हो गया, जब दावा किया गया कि मोईद समाजवादी पार्टी (सपा) का सदस्य है।

अयोध्या की सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से मिले योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या की सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता बच्ची के परिजनों से अपने सरकारी आवास पर मुलाकात की और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने का उनको भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, आज लखनऊ में जनपद अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान के साथ आए अयोध्या की पीड़ित बच्ची के परिजनों से भेंट की। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, उन पर कठोरतम कार्रवाई होगी। बच्ची को हर कीमत पर न्याय दिलाने हेतु हम प्रतिबद्ध हैं। इस पोस्ट में मुख्यमंत्री ने बच्ची के परिजनों से मुलाकात की एक तस्वीर भी साझा की।

अवैध संपत्तियों पर चलेगा बुलडोजर

बाद में एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित बच्ची की मां को आश्वस्त किया है कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए सरकार उनके साथ खड़ी है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री से मिलने के बाद पीड़िता की मां ने संवाददाताओं से कहा कि उनकी बच्ची के साथ दरिंदगी करने वालों के लिए उन्होंने सरकार से फांसी की सजा की मांग की है, इस पर मुख्यमंत्री ने भी आश्वस्त किया कि बच्ची को हर कीमत पर न्याय दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस बात को लेकर भी आश्वस्त किया है कि आरोपी समाजवादी पार्टी नेता मोईद खान की संपत्तियों की जांच कराई जाएगी और अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलेगा।

30 जून को मोईद और राजू खान गिरफ्तार

आधिकारिक बयान के अनुसार, अयोध्या पुलिस ने 30 जुलाई को जिले के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के भदरसा नगर में बेकरी संचालित करने वाले मोईद खान और उसके कर्मचारी राजू खान को दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि मोईद और राजू खान ने दो महीने पहले नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और इस कृत्य को रिकॉर्ड भी किया। यह घटना तब प्रकाश में आई जब हाल ही में मेडिकल जांच में पीड़िता के गर्भवती होने का पता चला। यह दावा किया जाने के बाद कि मोईद खान सपा का सदस्य है, मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। गुरुवार को विधानसभा में योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का जिक्र किया और सपा पर निशाना साधा।

12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म

सीएम योगी ने कहा, यह अयोध्या का मामला है। मोईद खान सपा से है और अयोध्या सांसद की टीम का सदस्य है। वह 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने के मामले में संलिप्त पाया गया है। सपा ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पीड़ित बच्ची की मां से मिलने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्ची के स्वास्थ्य और उसकी सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंधन किए जाएं। योगी ने राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य अनीता अग्रवाल को अयोध्या जिला महिला चिकित्सालय में दुष्कर्म पीड़िता से मुलाकात करने के निर्देश भी दिया। बयान में कहा गया कि अयोध्या पहुंचीं आयोग की सदस्य ने पीड़िता का हाल-चाल जाना तथा उसके परिजनों से विशेष मुलाकात करते हुए उनको न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में 12 वर्षीय बच्ची के साथ दरिंदगी की यह घटना निंदनीय है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | देश (india News) और बजट 2024 (Union Budget 2024) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

अमित कुमार मंडल author

करीब 18 वर्षों से पत्रकारिता के पेशे से जुड़ा हुआ हूं। इस दौरान प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल का अनुभव हासिल किया। कई मीडिया संस्थानों में मिले अनुभव ने ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited