LIVE

हिंदी समाचार, 15 जून 2024: वायनाड या रायबरेली? राहुल गांधी सोमवार को ले सकते हैं फैसला; छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में 8 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद

<b>हिंदी समाचार, 15 जून 2024:</b> वायनाड या रायबरेली? राहुल गांधी सोमवार को ले सकते हैं फैसला; छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में 8 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद

हिंदी समाचार, 15 जून 2024: वायनाड या रायबरेली? राहुल गांधी सोमवार को ले सकते हैं फैसला; छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में 8 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद

हिंदी न्यूज़ 15 जून 2024 और बड़ी खबरें: कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को फैसला कर लेंगे कि वो वायनाड रखेंगे या रायबरेली। वो दोनों जगह से जीत कर लोकसभा पहुंचे हैं। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी सोमवार को अपने फैसले की जानकारी देंगे। राहुल गांधी ने दोनों सीटों पर भारी मतों से जीत दर्ज की है। राहुल गांधी फिलहाल वायनाड से लोकसभा सदस्य थे। लोकसभा चुनाव 2024 में इसी सीट से चुनाव लड़ कर वो फिर जीत गए। राहुल गांधी रायबरेली सीट से भी चुनावी मैदान में उतरे और जीत हासिल की। इस सीट को गांधी परिवार की पारंपरिक सीट माना जाता है। आखिरी बार इस सीट का प्रतिनिधित्व उनकी मां सोनिया गांधी ने किया था। वहीं छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए। इस घटना में एसटीएफ का एक जवान शहीद हो गया तथा दो अन्य घायल हैं। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरों को ताजा अपडेट्स...

Jun 15, 2024 | 06:29 PM IST

वायनाड या रायबरेली? राहुल गांधी सोमवार को ले सकते हैं फैसला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को फैसला कर लेंगे कि वो वायनाड रखेंगे या रायबरेली। वो दोनों जगह से जीत कर लोकसभा पहुंचे हैं। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी सोमवार को अपने फैसले की जानकारी देंगे। राहुल गांधी ने दोनों सीटों पर भारी मतों से जीत दर्ज की है। राहुल गांधी फिलहाल वायनाड से लोकसभा सदस्य थे। लोकसभा चुनाव 2024 में इसी सीट से चुनाव लड़ कर वो फिर जीत गए। राहुल गांधी रायबरेली सीट से भी चुनावी मैदान में उतरे और जीत हासिल की। इस सीट को गांधी परिवार की पारंपरिक सीट माना जाता है। आखिरी बार इस सीट का प्रतिनिधित्व उनकी मां सोनिया गांधी ने किया था। सोनिया गांधी ने इस सीट से चुनाव नहीं लड़ा, वह राज्यसभा सदस्य बन गई हैं। राहुल गांधी बुधवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं का आभार जताने के लिए पहुंचे थे। यहां पर उन्होंने कहा था कि वह दुविधा में हैं कि कौन सी सीट रखें और कौन सी सीट छोड़ दें। उन्होंने कहा कि वह जो भी फैसला लेंगे, उससे सभी खुश होंगे। इस बयान के बाद अटकलें तेज हो गईं कि उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को यहां से चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है। कलपेट्टा में एक जनसभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और कन्नूर से लोकसभा सदस्य के. सुधाकरन ने बुधवार को कहा था, 'राहुल गांधी पार्टी के हित में वायनाड सीट खाली करेंगे।' हालांकि, कांग्रेस विधायक और पूर्व राज्य मंत्री एपी अनिल कुमार ने कहा कि सभी लोग चाहते हैं कि राहुल गांधी वायनाड सीट बरकरार रखें।
Jun 15, 2024 | 06:28 PM IST

मुख्यमंत्री के ग्वालियर दौरे से पहले दो अज्ञात व्यक्तियों की हत्या

मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के बाहरी इलाके में शनिवार को दो व्यक्तियों के सिर कुचले हुए शव मिले हैं। ग्वालियर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि मृतकों में से एक शारीरिक रूप से दिव्यांग है। उन्होंने बताया कि दोनों शव शिवपुरी की ओर जाने वाले शीतला माता मंदिर रोड पर 20 मीटर की दूरी पर मिले। निरंजन शर्मा ने कहा, "दोनों व्यक्तियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि उनके सिर को पत्थर से कुचला गया है। कंपू पुलिस थाने के कर्मी और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम घटनास्थल पर है।" एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पास में खून से सने दो पत्थर मिले हैं और इनकी जांच की जा रही है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के शाम को यहां क्रिकेट स्टेडियम और मध्य प्रदेश क्रिकेट लीग का उद्घाटन करने आने वाले हैं। कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के प्रमुख जीतू पटवारी आरोप लगा रहे हैं कि मुख्यमंत्री यादव के शासनकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है। यादव के पास गृह विभाग भी है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ भोपाल में पुलिस मुख्यालय में बैठक की थी और अधिकारियों को अपराध पर अंकुश लगाने के लिए ठोस प्रयास करने के निर्देश दिए थे।
Jun 15, 2024 | 05:26 PM IST

द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने अमेरिकी कांग्रेस का शिष्टमंडल आएगा भारत

विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष माइकल मैककॉल के नेतृत्व में एक द्विदलीय अमेरिकी कांग्रेस शिष्टमंडल द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा से मुलाकात करने के लिए भारत का दौरा करेगा। भारत में, शिष्टमंडल 14वें दलाई लामा, भारतीय सरकारी अधिकारियों और देश में अमेरिकी व्यवसायों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा। मैककॉल ने कहा, 'भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और अमेरिका का एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है।' उन्होंने कहा, 'मैं सरकारी अधिकारियों और अमेरिकी व्यापार समुदाय के साथ बैठक करने के लिए उत्सुक हूं ताकि यह जान सकूं कि हम भारत के साथ अपने संबंधों को कैसे मजबूत बना सकते हैं।' मैककॉल ने कहा, 'मैं दलाई लामा से मिलने का अवसर पाकर सम्मानित महसूस हो रहा है। तिब्बती लोग लोकतंत्र-प्रेमी लोग हैं जो अपने धर्म का स्वतंत्र रूप से पालन करना चाहते हैं। इस यात्रा से अमेरिकी कांग्रेस में तिब्बत के भविष्य के बारे में अपनी राय रखने के लिए मदद मिलेगी।' अमेरिकी बयान में यात्रा की तारीखों का उल्लेख नहीं किया गया है। नयी दिल्ली में आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि शिष्टमंडल 18 और 19 जून को धर्मशाला की यात्रा करेगा।
Jun 15, 2024 | 05:24 PM IST

इटली की पीएम मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ साझा किया वीडियो

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने हाल में संपन्न जी7 शिखर बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अपना एक सेल्फी वीडियो साझा किया है। मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी मित्रता को जाहिर करते हुए इस वीडियो का शीर्षक 'नमस्ते दोस्तों, मेलोडी की ओर से' दिया है। दोनों नेताओं ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी की दक्षिणी इटली के अपुलिया की एक दिवसीय यात्रा के अंत में मुलाकात की थी। इस दौरान मोदी ने जी 7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के वास्ते निमंत्रण देने के लिए मेलोनी को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री के रूप में ऐतिहासिक तीसरे कार्यकाल के लिये कार्यभार संभालने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा थी। पांच सेकंड का यह वीडियो मेलोनी ने शनिवार को अपने ‘एक्स’ अकाउन्ट पर साझा किया था। देश की पहली महिला प्रधानमंत्री मेलोनी (47) ने वीडियो में कहा, 'मेलोडी टीम की ओर से नमस्कार।' वीडियो में 73 वर्षीय मोदी हंसते हुए नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो को फिर से साझा करते हुए लिखा, 'भारत-इटली की मित्रता कायम रहे!' इससे पहले शनिवार को जी-7 शिखर सम्मेलन में दोनों नेताओं की एक सेल्फी वायरल हुई थी। शुक्रवार को यहां द्विपक्षीय वार्ता के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा था, 'प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ बहुत अच्छी बैठक हुई।' बैठक के बाद मोदी ने कहा था, 'हमने वाणिज्य, ऊर्जा, रक्षा, दूरसंचार आदि क्षेत्रों में भारत-इटली संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। दोनों देश जैव ईंधन, खाद्य प्रसंस्करण और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे।'
Jun 15, 2024 | 05:18 PM IST

बरेली में पुलिस चौकी प्रभारी रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश पुलिस के भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) की टीम ने बरेली जिले के थाना शीशगढ़ की पुलिस चौकी बंजरिया के प्रभारी जितेंद्र सिंह को शनिवार को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। भ्रष्टाचार निवारण संगठन-बरेली मंडल के पुलिस उपाधीक्षक यशपाल सिंह ने बताया कि जिले के शीशगढ़ थाना क्षेत्र के लालू नगला में रहने वाले हामिद अली ने अवगत कराया था कि उसके भाई के विरुद्ध एक शिकायत हुई थी, जिसके निस्तारण के लिए बंजरिया पुलिस चौकी के प्रभारी जितेंद्र सिंह ने 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी, लेकिन उसने रिश्वत नहीं दी। उपाधीक्षक सिंह के अनुसार चौकी प्रभारी ने नाराज होकर 12 जून को हामिद अली के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 504 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दी। इस मुकदमे में अंतिम रिपोर्ट लगाने के लिए चौकी प्रभारी सिंह ने दस हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। हामिद अली ने एसीओ में इसकी शिकायत की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हामिद अली की शिकायत का संज्ञान लेते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन की बरेली टीम ने एक रणनीति के तहत शनिवार को अपराह्न में चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ चौकी में ही गिरफ्तार कर लिया। उन्‍होंने बताया कि जिले के भोजीपुरा थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आरोपी चौकी प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
Jun 15, 2024 | 05:16 PM IST

वाराणसी में पीएम मोदी किसानों के लिए जारी करेंगे 20,000 करोड़ रुपये

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सत्ता संभालने के बाद पहली बार 18 जून को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का दौरा करेंगे। इस दौरान वह देश भर के 9.26 करोड़ लाभार्थी किसानों के लिए 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की पीएम-किसान योजना की 17वीं किस्त जारी करेंगे। मोदी स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के 30,000 से अधिक सदस्यों को प्रमाण पत्र भी प्रदान करेंगे, जिन्हें कृषि सखियों के रूप में प्रशिक्षित किया गया है, ताकि वे पैरा-विस्तार कार्यकर्ता के रूप में काम कर सकें और साथी किसानों को खेती में मदद कर सकें। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संवाददाताओं से बात करते हुए कृषि क्षेत्र के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। चौहान ने कहा, “पिछले दो कार्यकालों में कृषि हमेशा से ही प्रधानमंत्री मोदी की प्राथमिकता रही है। उन्होंने किसानों के हित में कई अहम फैसले लिए। प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मोदी जी ने सबसे पहले पीएम-किसान योजना की 17वीं किस्त जारी करने से जुड़ी फाइल पर हस्ताक्षर किए।” साल 2019 में शुरू की गई पीएम-किसान एक प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) पहल है। इसके तहत लाभार्थी किसानों को उनकी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए तीन समान किस्तों में 6,000 रुपये की वार्षिक राशि प्राप्त होती है। चौहान ने कहा कि योजना की शुरूआत के बाद से केंद्र ने देश भर में 11 करोड़ से अधिक किसानों को 3.04 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की है।
Jun 15, 2024 | 05:15 PM IST

छत्तीसगढ़ में मुठभेड़ में 8 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद; दो अन्य घायल

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए। इस घटना में एसटीएफ का एक जवान शहीद हो गया तथा दो अन्य घायल हैं। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस महीने की 12 तारीख को जिले के अबुझमाड़ क्षेत्र में स्थित कुतुल, फरसबेड़ा और कोड़तामेटा गांव के जंगल में नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि अभियान में नारायणपुर-कोण्डागांव-कांकेर- दन्तेवाड़ा जिले का डीआरजी, विशेष कार्य बल, भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के 53वीं वाहिनी और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 135वीं वाहिनी का बल शामिल है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने आठ नक्सलियों को मार गिराया। उन्होंने बताया कि इस घटना में एसटीएफ का एक जवान शहीद हुआ है तथा एसटीएफ के दो अन्य जवान घायल हैं। अधिकारियों ने बताया कि घायल जवानों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उन्हें चिकित्सा के लिए रायपुर ले जाया जाएगा। घायल जवानों की स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर है।
Jun 15, 2024 | 05:13 PM IST

गुजरात के सूरत में अपार्टमेंट में तीन बहनों समेत चार लोग मृत मिले

गुजरात के सूरत शहर के एक अपार्टमेंट में शनिवार को 58 वर्षीय एक महिला, उसकी दो बहन और बहनोई मृत मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आर.पी. बरोट ने बताया कि प्रथम दष्टया गैस से चलने वाले गीजर को चालू छोड़ने के कारण दम घुटने से मौत होने की आशंका है। मौत के वास्तविक कारणों का हालांकि अभी कारण पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस को सुबह नौ बजे के आस-पास शवों के बारे में सूचना मिली। अधिकारी ने बताया कि फ्लैट मालिक जसुबेन वधेल, उनकी बहन शांताबेन बधेल (53), गौरीबेन मेवाड़ (55) और गौरीबेन के पति हीराभाई (60) के शव अपार्टमेंट में पाए गए। उन्होंने बताया कि पीड़ित शुक्रवार रात करीब 10 बजे सो गए थे। बारोट ने कहा, 'जसुबेन का बेटा सुबह करीब आठ बजे उन्हें देखने गया और उन्हें बेहोश पाते ही पुलिस को सूचना दी। पीड़ितों ने उल्टी की थी। घटनास्थल से नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।' उन्होंने बताया कि हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी पता नहीं लगा है, लेकिन पीड़ितों की मौत दम घुटने के कारण होने की आशंका है, क्यूंकि वहां गैस से संचालित गीजर चल रहा था। बारोट ने कहा कि आत्महत्या की आशंका कम है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
Jun 15, 2024 | 05:12 PM IST

पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा की जांच के लिए BJP ने बनाई समिति

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने पश्चिम बंगाल में कथित राजनीतिक हिंसा की जांच के लिए शनिवार को चार सदस्यीय समिति गठित की। पार्टी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया। इस समिति में पार्टी सांसद बिप्लब कुमार देब, रविशंकर प्रसाद, बृजलाल और कविता पाटीदार शामिल हैं। देब इस समिति के संयोजक हैं। पार्टी ने एक बयान में कहा, 'ममता बनर्जी मूकदर्शक बनी हुई हैं, उनकी पार्टी के अपराधी बेखौफ होकर विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं पर हमला करते हैं और उन्हें डराते-धमकाते हैं। यहां तक ​​कि कलकत्ता उच्च न्यायालय ने भी इन ज्यादतियों पर संज्ञान लिया है और 21 जून तक केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की तैनाती बढ़ा दी है तथा मामले की सुनवाई 18 जून को तय की है।' भाजपा ने कहा कि देशभर में लोकसभा चुनाव हुए, लेकिन पश्चिम बंगाल को छोड़कर कहीं से भी राजनीतिक हिंसा की कोई घटना सामने नहीं आई। भाजपा ने आरोप लगाया, 'राज्य चुनाव बाद की हिंसा की चपेट में है। इसी तरह की हिंसा हमने 2021 के विधानसभा चुनावों के बाद देखा थी।'
Jun 15, 2024 | 05:10 PM IST

पाकिस्तान में पेट्रोल 10.20 रुपये प्रति लीटर हुआ सस्ता

पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में महंगाई की मार झेल रहे लोगों को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने ईद-उल-अजहा से पहले पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (एचएसडी) की कीमतों में क्रमश: 10.20 पाकिस्तानी रुपये और 2.33 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री कार्यालय के एक बयान के हवाले से बताया कि कटौती के बाद पेट्रोल की कीमत 258.16 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और एचएसडी की कीमत 267.89 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर होगी। कटौती शनिवार से प्रभावी है। पाकिस्तान का वित्त विभाग आमतौर पर हर 15 दिन में ईंधन की कीमतों की समीक्षा करता है। विभाग ने ताजा मूल्य कटौती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की और कहा कि नई कीमतें अगले पखवाड़े तक लागू रहेंगी।
Jun 15, 2024 | 05:10 PM IST

ओडिशा के नए मुख्यमंत्री मोहन मांझी ने की कानून व्यवस्था की समीक्षा

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को पुलिस महानिदेशक अरुण कुमार सारंगी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस से लोगों की शिकायतें सुनने को कहा। सारंगी ने संवाददाताओं से कहा, "मुख्यमंत्री ने हमें अच्छा काम करने और पुलिस थानों में आने वाले लोगों की शिकायतें सुनने का निर्देश दिया है।" उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को राज्य में कानून व्यवस्था से जुड़े कई मुद्दों और पुलिस बल की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। सारंगी के अलावा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, आर के शर्मा, अरुण बोथरा और अमिताभ ठाकुर सहित कई अन्य अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे।
Jun 15, 2024 | 05:09 PM IST

केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने इंदिरा गांधी को बताया 'मदर ऑफ इंडिया'

केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को 'मदर ऑफ इंडिया' करार दिया वहीं कांग्रेस के दिवंगत नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री के. करुणाकरण को 'साहसी प्रशासक' बताया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने करुणाकरण और मार्क्सवादी नेता ई.के. नयनार को अपना 'राजनीतिक गुरु' भी बताया। गोपी यहां पुनकुन्नम स्थित करुणाकरण के स्मारक 'मुरली मंदिर'जाने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे। दिलचस्प बात है कि सुरेश गोपी ने करुणाकरण के बेटे एवं कांग्रेस नेता के मुरलीधरन को त्रिशूर लोकसभा क्षेत्र से हराया है। मुरलीधरन 26 अप्रैल के चुनावों में त्रिकोणीय मुकाबले में तीसरे स्थान पर रहे थे। भाजपा नेता ने मीडियाकर्मियों से करुणाकरण स्मारक के उनके दौरे का कोई भी राजनीतिक मतलब नहीं निकालने का आग्रह करते हुए कहा कि वह यहां अपने 'गुरु' को श्रद्धांजलि देने आए हैं। उन्होंने कहा कि नयनार और उनकी पत्नी शारदा टीचर की तरह उनके करुणाकरण और उनकी पत्नी कल्याणीकुट्टी अम्मा के साथ भी घनिष्ठ संबंध थे। वह 12 जून को कन्नूर में नयनार के घर भी गये थे। गोपी ने कहा कि वह इंदिरा गांधी को 'मदर ऑफ इंडिया' मानते हैं, जबकि करुणाकरण उनके लिए 'राज्य में कांग्रेस पार्टी के पिता' थे।
Jun 15, 2024 | 04:45 PM IST

कुवैत अग्निकांड में मारे गए झारखंड के व्यक्ति का शव घर पहुंचाया गया

कुवैत में आग लगने की घटना में मारे गए मोहम्मद अली हुसैन का शव शनिवार सुबह झारखंड की राजधानी रांची के हिंदपीरी स्थित उनके आवास पर लाया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शव को दिल्ली से एक विमान से रांची लाया गया और फिर सुबह करीब 10.15 बजे शव को घर लाया गया। अली का शव लाए जाने के दौरान रांची के उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर मौजूद थे। अली के पिता मुबारक हुसैन (57) ने बताया कि तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा बेटा अली (24) करीब 20 दिन पहले पश्चिम एशियाई देश गया था। अली का शव पहुंचने पर परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और मित्र रो पड़े, उन्होंने कभी सोचा नहीं था कि अली के साथ ऐसा कुछ होगा। मुबारक ने कहा कि उनका पुत्र अपने परिवार की सहायता के लिए पैसे कमाने पहली बार देश से बाहर गया था। झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने भी कुवैत अग्निकांड में अली के निधन पर दुख जताया। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।' उन्होंने मृतकों के परिजन को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। रांची के उपायुक्त ने अली के परिवार को शनिवार को पांच लाख रुपये का चेक प्रदान किया। कुवैत में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने की घटना में 45 भारतीयों समेत कुल 49 लोगों की मौत हो गई।
Jun 15, 2024 | 04:44 PM IST

अदालत ने बिभव कुमार की न्यायिक हिरासत 22 जून तक बढ़ाई

स्वाति मालीवाल मारपीट मामले में दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार की न्यायिक हिरासत 22 जून तक बढ़ा दी। कुमार पर 13 मई को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल से मारपीट करने का आरोप है। कुमार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ड्यूटी मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने उनकी हिरासत अवधि बढ़ा दी और दिल्ली पुलिस को उन्हें 22 जून को पेश करने का निर्देश दिया। इससे पहले शुक्रवार को अदालत ने जांच अधिकारी की अनुपस्थिति को देखते हुए कुमार की हिरासत एक दिन के लिए बढ़ा दी थी। कुमार को 18 मई को गिरफ्तार किया गया था। मजिस्ट्रेट अदालत ने उन्हें उसी दिन पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था। अदालत ने कहा था कि उनकी गिरफ्तारी के कारण अग्रिम जमानत याचिका का कोई मतलब नहीं रह जाता। उन्हें 24 मई को चार दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था, जिसके बाद उन्हें फिर से तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया था। कुमार के खिलाफ 16 मई को दर्ज की गई प्राथमिकी में आपराधिक धमकी देना, महिला को निर्वस्त्र करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल प्रयोग तथा गैर इरादतन हत्या का प्रयास करने से संबंधित धाराएं शामिल की गई हैं।
Jun 15, 2024 | 04:43 PM IST

कुवैत अग्निकांड: बंगाल के द्वारिकेश पटनायक का शव लाया गया

दक्षिणी कुवैत के मंगाफ क्षेत्र में बुधवार को एक बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग में मारे गए पश्चिम बंगाल के द्वारिकेश पटनायक का शव शनिवार सुबह यहां लाया गया और यहां से शव को मेदिनीपुर ले जाया गया । सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पटनायक (52) के परिजनों को शव सौंपा गया। इस दौरान राज्य के अग्निशमन मंत्री सुजीत बोस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता अग्निमित्र पॉल भी मौजूद थीं। सुजीत बोस ने कहा, 'द्वारिकेश पटनायक का शव हवाई अड्डे पर लाया गया और यहां से शव को पटनायक के पैतृक घर ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।' द्वारिकेश पटनायक मेदिनीपुर जिले के तुर्का गढ़ गांव से थे। कुवैत अग्निकांड में उनकी मौत की खबर से पूरे गांव में मातम छा गया। सुबह से ही उनके अंतिम दर्शन के लिए सैंकड़ों ग्रामीण गांव पहुंच रहे हैं। पटनायक 19 वर्ष की आयु में कुवैत चले गए थे और वहां 'मैकेनिकल सुपरवाइजर' के तौर पर काम करते थे। कुवैत के मंगाफ क्षेत्र में सात मंजिला इमारत की रसोई में बुधवार को आग लगी थी। इस हादसे में 45 भारतीयों सहित 49 लोगों की मौत हो गई थी और 50 अन्य घायल हो गए थे।
Jun 15, 2024 | 04:42 PM IST

पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी और बोम्मई ने विधायक पद से दिया इस्तीफा

लोकसभा चुनाव में निर्वाचित हुए जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) के नेता एच.डी. कुमारस्वामी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बसवराज बोम्मई ने शनिवार को राज्य विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। आधिकारिक बयान में कहा गया कि कुमारस्वामी और बोम्मई ने विधानसभा अध्यक्ष यू.टी खादर को यहां उनके कार्यालय में अपना इस्तीफा सौंपा। कुमारस्वामी चन्नापटना और बोम्मई शिग्गांव विधानसभा सीट से विधायक थे। मांड्या लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित हुए कुमारस्वामी अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में केंद्रीय इस्पात और भारी उद्योग मंत्री हैं, जबकि बोम्मई हावेरी लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। संबंधित दोनों विधानसभा सीट रिक्त होने के बाद निर्वाचन आयोग को अब इन सीट पर उपचुनाव की घोषणा करनी होगी।
Jun 15, 2024 | 04:41 PM IST

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने को कहा

बोलेरो वाहन में सादे कपड़ों में सवार हथियारबंद लोगों का एक वीडियो वायरल होने से लोगों में दहशत फैल गई। इसके बाद पुलिस को यह स्पष्ट करना पड़ा कि वाहन में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवान सवार थे। कुछ लोगों ने फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया मंचों पर एक वीडियो साझा किया जिसमें अखबार के टुकड़े से छिपी नंबर प्लेट वाले वाहन में हथियारबंद लोगों के सवार होने को लेकर सवाल उठाया गया। पुलिस प्रवक्ता ने कहा, 'जैसी कि पुष्टि हुई है, वीडियो में दिख रहा वाहन सीएपीएफ कर्मियों को ले जा रहा था और कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ता अनावश्यक रूप से आम नागरिकों में दहशत पैदा करने तथा गलत सूचना फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।' उन्होंने कहा कि लोगों को अफवाहों और भय फैलाने वाली बातों पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी जाती है। सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों को ले जाने वाले वाहनों की नंबर प्लेट ढकी हुई होती हैं। जम्मू- कश्मीर पुलिस ने बुधवार को जम्मू क्षेत्र में 'सतर्कता संबंधी परामर्श' जारी किया, जिसमें निवासियों से संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं के संबंध में सतर्क रहने का आग्रह किया गया। अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने जम्मू और राजौरी के निवासियों को सलाह दी है कि वे अपने वाहन चालू करने से पहले उनकी अच्छी तरह से जांच कर लें।
Jun 15, 2024 | 01:25 PM IST

पंजाब में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास ड्रोन और हेरोइन का पैकेट बरामद

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पंजाब के अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास एक खेत से एक ड्रोन और हेरोइन का एक पैकेट बरामद किया है। अर्धसैनिक बल के एक प्रवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद बीएसएफ और पंजाब पुलिस के जवानों ने शुक्रवार रात तलाशी अभियान को अंजाम दिया।
Jun 15, 2024 | 01:13 PM IST

CM पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर जताया शोक

CM पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर जताते हुए कहा कि जनपद रुद्रप्रयाग में टेम्पो ट्रैवलर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत पीड़ादायक समाचार प्राप्त हुआ। स्थानीय प्रशासन व SDRF की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई है। घायलों को नज़दीकी चिकित्सा केंद्र पर उपचार हेतु भेज दिया गया है। ज़िलाधिकारी को घटना की जाँच के आदेश दे दिए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। बाबा केदार से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
Jun 15, 2024 | 01:09 PM IST

ब्रदीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा, अलकनंदा नदी में गिरा ट्रैवलर; कई लोगों की मौत

रुद्रप्रयाग में बद्रीनाथ हाईवे के पास एक टेम्पो ट्रैवलर गहरी खाई में गिर गया, जिसमें करीब 17 यात्री सवार थे। SDRF और पुलिस की टीम बचाव कार्य कर रही है। अब तक दो घायलों को टीम ने एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया है। इस हादसे में कई लोगों के मरने की खबर भी आ रही है।
Jun 15, 2024 | 11:55 AM IST

अतिशी के ऑफिस के बाहर बीजेपी का 'मटका फोड़' प्रदर्शन

Jun 15, 2024 | 11:55 AM IST

CM अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल को दिल्ली हाई कोर्ट का नोटिस

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल को नोटिस जारी किया है। हाई कोर्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग नियमों का कथित उल्लंघन करने के लिए सुनीता और अन्य के खिलाफ जनहित याचिका पर सुनीत को नोटिस किया है। कोर्ट ने सुनीता को अदालती कार्यवाही का वीडियो हटाने का निर्देश दिया है।
Jun 15, 2024 | 11:33 AM IST

केरल के त्रिशूर में भूकंप का हल्का झटका

केरल के त्रिशूर और पलक्कड़ जिले के कुछ हिस्सों में शनिवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.0 मापी गई। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने बताया कि आज सुबह 8.15 बजे क्षेत्र में 3.0 तीव्रता का भूकंप आया।
Jun 15, 2024 | 11:32 AM IST

प्रधानमंत्री ने पोप को भारत आने का निमंत्रण दिया

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने आशा व्यक्त की है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर जब पोप फ्रांसिस भारत आएंगे तो उनके यात्रा कार्यक्रम में तटीय राज्य भी शामिल होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को इटली में जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान पोप फ्रांसिस से मुलाकात की। सावंत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने इटली में जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान पोप फ्रांसिस से मुलाकात की। माननीय प्रधानमंत्री ने लोगों की सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा की और उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया। हमें उम्मीद है कि इस यात्रा में गोवा भी शामिल होगा।’’
Jun 15, 2024 | 11:17 AM IST

गलती से बन गई NDA सरकार- खरगे

खरगे का इस बयान पर पलटवार जदयू के नेता नीरज ने किया। नीरज ने खरगे की जानकारी पर सवाल उठाया और पूछा कि पीवी नरसिम्हाराव और मनमोहन सिंह की अगुवाई वालों सरकारों का स्कोरकार्ड कितना था। साल 1991 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा के बराबर सीटें जीती थीं। यहां पढ़ें पूरी खबर
Jun 15, 2024 | 10:46 AM IST

मोदी और मेलोनी ने भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की और भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे सहित वैश्विक मंचों तथा बहुपक्षीय प्रस्तावों में सहयोग को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। मोदी की दक्षिणी इटली के अपुलिया की एक दिवसीय यात्रा के अंत में शुक्रवार को दोनों नेताओं के बीच मुलाकात हुई। इस दौरान मोदी ने जी7 शिखर सम्मेलन में आमंत्रित करने के लिए इटली की प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।
Jun 15, 2024 | 09:39 AM IST

रामफोसा फिर बने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति

दक्षिण अफ्रीका में दो सप्ताह पहले हुए आम चुनावों में अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस (एएनसी) को 40 प्रतिशत मत हासिल हुए इसके बावजूद देश की संसद ने पांच साल के एक और कार्यकाल के लिए सिरिल रामफोसा को राष्ट्रपति चुन लिया है। इससे पहले दिन में एएनसी के थोको डिडिजा को अध्यक्ष और ‘डेमोक्रेटिक अलायंस’ (डीए) की एनेली लोट्रिएट को उपाध्यक्ष चुना गया। माना जा रहा है कि बुधवार को शपथ ग्रहण के बाद रामफोसा अपने नए मंत्रिमंडल की घोषणा करेंगे।
Jun 15, 2024 | 09:39 AM IST

गुजरात के अमरेली में बोरवेल में गिरने से बच्ची की मौत

गुजरात के अमरेली जिले के सूरजपुरा गांव में गहरे बोरवेल में गिरने के बाद डेढ़ साल की बच्ची की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि डेढ़ साल की बच्ची आरोही शुक्रवार अपराह्न करीब साढ़े 12 बजे बोरवेल में गिर गई थी। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के समन्वय वाले 17 घंटे के बचाव अभियान के बाद शनिवार को उसे बाहर निकाला गया,बच्ची उस वक्त बेसुध थी बाद में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एनडीआरएफ ने बताया कि बोरवेल 500 फुट गहरा था और उसमें गिरने के बाद बच्ची करीब 50 फुट की गहराई पर फंस गई थी। इसने बताया कि सुबह करीब पांच बजे बच्ची को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया।
Jun 15, 2024 | 08:50 AM IST

लेखिका अरुंधति रॉय की मुश्किलें बढ़ीं, UAPA के तहत चलेगा केस

अरुंधति रॉय और शेख शौकत हुसैन ने 21 अक्टूबर 2010 को कॉपरनिकस मार्ग स्थित एलटीजी ऑडिटोरियम में 'आजादी - एकमात्र रास्ता' के बैनर तले आयोजित एक सम्मेलन में कथित तौर पर भड़काऊ भाषण दिए थे, जिसके बाद अदालत के आदेश के बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
Jun 15, 2024 | 07:43 AM IST

अमरेली, गुजरात: बोरवेल से निकाले जाने के बाद बच्चे को किया गया मृत घोषित

Jun 15, 2024 | 07:33 AM IST

प्रचंड गर्मी के बीच IMD बड़ा अपडेट

अगले चार-पांच दिनों में मानसून फिर अपनी रफ्तार पकड़ सकता है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून अब दक्षिण राज्यों से होते हुए उत्तर भारत की ओर तेजी से आ रहा है। मानसून की अरब सागर की शाखा मजबूती से गुजरात और मध्य प्रदेश में दस्तक दे चुकी है। यहां पढ़ें पूरी खबर
Jun 15, 2024 | 06:15 AM IST

NEET परिणाम में हुई अनियमितताओं को लेकर प्रियंका गांधी ने BJP पर साधा निशाना

नीट-स्नातक परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के बीच, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया है और इसे शपथ लेते ही युवाओं के सपनों पर हमला करने के लिए निशाना बनाया है। यहां पढ़ें पूरी खबर
Jun 15, 2024 | 05:31 AM IST

संघ प्रमुख से मिलेंगे सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 15 जून को RSS के प्रशिक्षण सत्र में संघ प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात कर सकते हैं। माना जा रहा है कि बाकी मुद्दों के साथ साथ यूपी में पार्टी के इस बार खराब प्रदर्शन पर भी दोनों के बीच चर्चा हो सकती है।
Jun 15, 2024 | 05:29 AM IST

सीएम योगी ने वाराणसी रोपवे विद्यापीठ स्टेशन के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

Jun 15, 2024 | 05:31 AM IST

जी7 समिट में भाग लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत रवाना

जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिंडिसि हवाई अड्डे से भारत के लिए रवाना हुए।
Jun 15, 2024 | 05:27 AM IST

जी7 शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति बाइडन, ट्रूडो और अन्य से मुलाकात की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को इटली के दक्षिणी शहर में जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, जापानी प्रधानमंत्री फूमिओ किशिदा और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो सहित कई विश्व नेताओं से मुलाकात की। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी बातचीत की कुछ तस्वीरों के साथ एक पोस्ट में कहा, “राष्ट्रपति जो बाइडन से मिलना हमेशा खुशी की बात होती है। भारत और अमेरिका वैश्विक कल्याण के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।”
Jun 15, 2024 | 05:26 AM IST

चुनावों में ऐतिहासिक जीत के रूप में जनता का आशीर्वाद 'लोकतंत्र की जीत': प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां जी-7 शिखर सम्मेलन के एक संवाद सत्र में अपने संबोधन के दौरान लोकसभा चुनावों को लेकर कहा कि भारत के लोगों ने चुनावों में ऐतिहासिक जीत के रूप में जो ‘‘आशीर्वाद’’ दिया है, वह ‘‘लोकतंत्र की जीत’’ है। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में भारत में दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विशाल पैमाने को रेखांकित करने के लिए कुछ आंकड़े भी साझा किए। यह प्रक्रिया 19 अप्रैल से एक जून के बीच सात चरणों में संपन्न हुई। मतों की गिनती चार जून को हुई।

© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited