लाइव अपडेट्स

आज की ताजा खबर Live 17 अक्टूबर-2024 हिंदी न्यूज़: झारखंड और महाराष्ट्र में चुनावी तैयारियां तेज, नायब सिंह सैनी की आज होगी ताजपोशी; पढ़ें हर छोटी-बड़ी खबर

आज की ताजा खबर लाइव (Aaj Ki Taza Khabar Live Updates) 17 अक्टूबर 2024 की बड़ी खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, हिंदी न्यूज़ और मुख्य समाचार
आज की ताजा खबर (Aaj ki Taza Khabar), हिंदी न्यूज़ 17 अक्टूबर 2024 और बड़ी खबरें Live: यहां पढ़िए हिंदी समाचार, देश-दुनिया के मुख्य हिंदी समाचार जो सुर्खियों में हैं, पढ़ें 17 अक्टूबर 2024 की ताजा खबरें और प्रमुख समाचार: जानिए आज की बड़ी खबरों पर हर अपडेट।

आज की अहम और बड़ी खबरें पढें लाइव
  • दोबारा हरियाणा के मुख्यमंत्री बनने को तैयार हैं नायब सिंह सैनी, आज लेंगे शपथ
  • नई सरकार के बनने पर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने प्रशासनिक परिषद के अधिकार वापस लिए
  • निज्जर हत्या: ट्रूडो ने माना कि भारत पर आरोप लगाते वक्त उनके पास ठोस सबूत नहीं थे
  • छत्तीसगढ़: ईडी ने डीएमएफ घोटाले में एक अधिकारी को गिरफ्तार किया
  • बाबा सिद्दीकी हत्या मामला: हमलावरों ने यूट्यूब वीडियो से पिस्तौल चलाना सीखा
  • विकसित भारत के लक्ष्य के लिए प्रवासियों की भूमिका महत्वपूर्ण : राष्ट्रपति मुर्मू
Oct 17, 2024 | 11:11 AM IST

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को करेंगे वाराणसी का दौरा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का रविवार को दौरा करेंगे और 1,300 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री यहां दो जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की काशी इकाई के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि संभावित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी रविवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बाबतपुर हवाई अड्डा पहुंचेंगे। इसके बाद वह रिंग रोड स्थित शंकरा नेत्र अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री अस्पताल का निरीक्षण करेंगे और करीब 1,000 लोगों को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से सिगरा स्थित ‘सम्पूर्णनानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम’ पहुंच कर ‘स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स’ का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री यहां कई अन्य परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री शाम करीब छह बजे दिल्ली प्रस्थान करेंगे। मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री रिंग रोड स्थित शंकरा नेत्र अस्पताल का उद्घाटन करेंगे जिसका फायदा वाराणसी सहित पूर्वांचल और बिहार के लोगों को मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री वाराणसी दौरे पर बाबतपुर हवाई अड्डा टर्मिनल और अन्य हवाई अड्डा परियोजनाओं सहित करीब 1,300 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री के वाराणसी दौरे को लेकर तैयारियां जारी हैं और ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि इस दौरान आम जनता को कोई तकलीफ ना हो। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के लिए पुख्ता योजना बनाई गई है। इस दौरान 5,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही ड्रोन से चप्पे-चप्पे की निगरानी की जाएगी। इस दौरान यातायात के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं।
Oct 17, 2024 | 11:10 AM IST

जम्मू-कश्मीर में पुंछ जिले के सुदूर गांव में तलाशी अभियान जारी

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के एक दूरस्थ के गांव में आतंकवादियों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान जारी है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कुछ आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद गुरसाई टॉप इलाके के मोहरी शाहस्तर में पुलिस और सेना ने बुधवार देर रात संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने जंगल की ओर बढ़ रहे आतंकवादियों को ललकारा, जिसके बाद उनके बीच कुछ देर तक गोलीबारी हुई। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों की तलाश के लिए अतिरिक्त बल भेजा गया है और व्यापक तलाशी अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों का पता लगाने के लिए ड्रोन और खोजी कुत्तों को तैनात किया है। आज सुबह एक हेलीकॉप्टर भी वन क्षेत्र के ऊपर मंडराता देखा गया।
Oct 17, 2024 | 11:09 AM IST

दिल्ली में वायु गुणवत्ता लगातार चौथे दिन सुबह 'खराब'

दिल्ली की वायु गुणवत्ता बृहस्पतिवार को लगातार चौथे दिन सुबह ‘खराब’ श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने यह जानकारी दी। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 277 दर्ज किया गया। शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’ तथा 401 और 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से एक डिग्री अधिक है। राष्ट्रीय राजधानी में सुबह सापेक्ष आर्द्रता का स्तर 91 प्रतिशत दर्ज की गयी। दिल्ली में आसमान साफ ​​रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
Oct 17, 2024 | 10:11 AM IST

ईडी ने जीएसटी धोखाधड़ी मामले में गुजरात में छापे मारे

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को माल एवं सेवा कर (जीएसटी) ‘‘धोखाधड़ी’’ से जुड़े धन शोधन के एक मामले में गुजरात में कई शहरों में छापेमारी की जिसमें राज्य पुलिस ने हाल में एक पत्रकार सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किए जाने के बाद संघीय एजेंसी ने राजकोट, जूनागढ़, अहमदाबाद, भावनगर और वेरावल शहरों में करीब 23 परिसरों पर छापेमारी की। मामले में गिरफ्तार पत्रकार महेश लांगा एक प्रमुख अखबार में काम करते हैं जिनके परिसरों पर भी छापेमारी की जा रही है। धन शोधन का यह मामला अहमदाबाद पुलिस अपराध शाखा की प्राथमिकी से संबंधित है। अहमदाबाद पुलिस की अपराध शाखा ने फर्जी ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ (आईटीसी)और धोखाधड़ी वाले लेनदेन के जरिए सरकार को धोखा देने के इरादे से स्थापित मुखौटा कंपनियों से जुड़े एक कथित घोटाले को लेकर केंद्रीय जीएसटी से शिकायत मिलने के बाद कई व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। लांगा को सात अन्य लोगों के साथ तब गिरफ्तार किया गया जब केंद्रीय जीएसटी ने जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उनकी पत्नी और पिता के नाम पर बनाई गई फर्जी कंपनियों में कुछ संदिग्ध लेनदेन पाए। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अपराध शाखा और गुजरात की आर्थिक अपराध शाखा ने अहमदाबाद, जूनागढ़, सूरत, खेड़ा और भावनगर सहित राज्य भर में 14 स्थानों पर छापे मारे। अपराध शाखा के अनुसार, देशभर में 200 से अधिक फर्जी कंपनियां संगठित तरीके से फर्जी ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ के जरिए सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा रही थीं और इन कंपनियों को बनाने के लिए जाली दस्तावेजों और पहचान पत्रों का इस्तेमाल किया गया था।
Oct 17, 2024 | 10:00 AM IST

दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बनेंगे नायब सिंह सैनी, आज लेंगे शपथ

​पंचकूला में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मोदी व शाह के अलावा राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा (भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष) सहित कई केंद्रीय मंत्री, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। हरियाणा में पांच अक्टूबर को हुए चुनावों में भाजपा ने 90 सदस्यीय विधानसभा में 48 सीट जीतकर राज्य में ऐतिहासिक तीसरा कार्यकाल हासिल किया। वहीं कांग्रेस ने 37 सीट पर जीत दर्ज की। पढ़ें पूरी ​खबर
Oct 17, 2024 | 09:29 AM IST

बिहार: सारण के ब्राहिमपुर गांव में जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत

Oct 17, 2024 | 09:21 AM IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वाल्मीकि मंदिर में पूजा की

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को वाल्मीकि जयंती के अवसर पर यहां वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना की। कांग्रेस ने बताया कि राहुल गांधी मंदिर मार्ग स्थित वाल्मीकि मंदिर सुबह पहुंचे और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। पार्टी ने मंदिर में पूजा कर रहे राहुल गांधी की तस्वीरें साझा करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ लिखा, ‘‘नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भगवान वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त किया।’’ महर्षि वाल्मीकि हिंदू महाकाव्य रामायण के रचयिता हैं और विशेष रूप से दलितों के बीच पूजनीय हैं।
Oct 17, 2024 | 09:20 AM IST

बहराइच: महसी के महराजगंज में स्थिति सामान्य, इंटरनेट सेवा बहाल

बहराइच में महसी के महराजगंज क्षेत्र में स्थिति अब सामान्य हो गई है। गुरुवार को पांचवें दिन इंटरनेट सेवाएं फिर से बहाल कर दी गई हैं। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वह अफवाहों से दूर रहें और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। सोशल मीडिया पर फैली भ्रामक पोस्टों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी व्यक्ति गलत जानकारी फैलाता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक पवित्र मोहन त्रिपाठी ने कहा कि 13 अक्टूबर को जनपद बहराइच में घटित घटना में एक हिंदू व्यक्ति की हत्या को लेकर सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने के उद्देश्य से भ्रामक सूचना फैलाई जा रही है। इसमें मृतक को करंट लगने, तलवार संभालने और उसके नाखून उखाड़ने जैसी बातें शामिल हैं, जो पूरी तरह से गलत हैं। उन्होंने आगे कहा कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि उसकी मृत्यु गोली लगने से हुई है। इस घटना में केवल एक ही व्यक्ति की मृत्यु हुई है, न कि कोई अन्य व्यक्ति। सभी से अनुरोध है कि वे सांप्रदायिक स्वार्थ को बढ़ावा देने वाली भ्रामक सूचनाओं से दूर रहें और सचेत रहें।
Oct 17, 2024 | 09:09 AM IST

भारतीय जांच समिति के साथ बैठक सार्थक रही: अमेरिका

अमेरिका ने एक अमेरिकी सिख अलगाववादी नेता की हत्या की साजिश में भारतीय अधिकारी की संलिप्तता के आरोपों की जांच के लिए गठित भारतीय जांच समिति के देश के दौरे के दौरान हुई बैठक को ‘‘सार्थक’’ बताते हुए कहा कि वे भारत की ओर से मिले सहयोग से संतुष्ट हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम भारत से मिल रहे सहयोग से संतुष्ट हैं। यह एक सतत प्रक्रिया है। हम इस पर उनके साथ काम करना जारी रखेंगे, जैसे हम उन्हें अपनी जांच के बारे में अद्यतन करते रहे हैं, उसी तरह हम उनकी जांच के संदर्भ में हमें लगातार जानकारी मुहैया करने की भी सराहना करते हैं।’’ अमेरिका ने अमेरिकी सिख अलगाववादी नेता की हत्या की साजिश में एक भारतीय अधिकारी की संलिप्तता के आरोप लगाए हैं। मिलर इन आरोपों की जांच कर रही भारतीय जांच समिति के अधिकारियों के दौरे के बारे में पूछे गए प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। मिलर ने कहा, ‘‘कल हुई बैठक में हमने जांच समिति के सदस्यों को अमेरिका द्वारा की जा रही जांच के बारे में जानकारी दी। हमें इस संदर्भ में उनकी जांच के बारे में भी जानकारी मिली है। यह एक सार्थक बैठक थी।’’ उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा, ‘‘उन्होंने हमें बताया कि न्याय विभाग के अभियोग में नामित व्यक्ति अब भारत सरकार का कर्मचारी नहीं है।’’
Oct 17, 2024 | 07:30 AM IST

पुरी के जगन्नाथ मंदिर में प्रवेश पर कार्तिक मास के दौरान कुछ पाबंदी लगाई गई

कार्तिक माह के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुरी में श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने बुधवार को 18 अक्टूबर से मंदिर में प्रवेश पर कुछ पाबंदी लगाने की घोषणा की। उस दिन से भक्तों को केवल सिंह द्वार और पश्चिमी द्वार से ही प्रवेश की अनुमति होगी। वर्तमान में, भक्त मंदिर के सभी चार द्वारों से मंदिर में प्रवेश करते हैं। यह प्रतिबंध मंदिर के सेवादारों और उनके परिवार के सदस्यों पर लागू नहीं होगा। मंदिर प्रशासन ने सभी से इन नियमों का पालन करने का आग्रह किया है ताकि दर्शन सुचारु और व्यवस्थित हो सके। पुलिस ने कार्तिक महीने के लिए व्यापक व्यवस्था की है। इस महीने के लिए शहर में पुलिस बल की 20 प्लाटून (एक प्लाटून में 30 जवान होते हैं) तैनात की गई हैं।
Oct 17, 2024 | 06:51 AM IST

विकसित भारत के लक्ष्य के लिए प्रवासियों की भूमिका महत्वपूर्ण : राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत के 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य पर जोर देते हुए इस दिशा में भारतीय प्रवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका का बुधवार को उल्लेख किया। राष्ट्रपति तीन अफ्रीकी देशों की यात्रा के दूसरे चरण में बुधवार को मॉरिटानिया पहुंचीं। 1960 में मॉरिटानिया के स्वतंत्र होने के बाद से शीर्ष स्तर के किसी भारतीय नेता की मॉरिटानिया की यह पहली यात्रा है। मुर्मू ने मॉरिटानिया की राजधानी में समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम वर्ष 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने के अपने लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और हमारा प्रवासी परिवार इस प्रक्रिया में बहुत महत्वपूर्ण कारक है।’’ राष्ट्रपति ने अफ्रीकी देश मॉरिटानिया और भारत के बीच सांस्कृतिक समानताओं पर भी जोर दिया तथा साझा मूल्यों का उल्लेख किया। मुर्मू अल्जीरिया की यात्रा के बाद यहां पहुंची हैं। वह अपनी यात्रा के अंतिम चरण में मलावी जाएंगी।
Oct 17, 2024 | 06:50 AM IST

ओडिशा: महिला ने पांच वर्षीय सौतेले बेटे को कुएं में फेंका, हुई गिरफ्तार

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में 20 वर्षीय एक महिला ने अपने पांच वर्षीय सौतेले बेटे की आंखों पर पट्टी और हाथ बांधकर कुएं में फेंककर उसकी कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। महिला ने बच्चे को कुएं में फेंकने से पहले उसके शरीर पर एक बड़ा पत्थर भी बांधा था। अधिकारी ने बताया कि महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि महिला इस बात से खुश नहीं थी कि उसका पति उस लड़के को उसके बच्चे से भी ज्यादा प्यार करता था। यह घटना 11 अक्टूबर को राउरकेला शहर के पास रघुनाथपल्ली थानाक्षेत्र के अंतर्गत एक गांव में हुई। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार महिला मृत बच्चे के पिता की दूसरी पत्नी है।
Oct 17, 2024 | 06:50 AM IST

नवी मुंबई पुलिस ने सलमान खान की हत्या की साजिश में वांछित व्यक्ति को गिरफ्तार किया

नवी मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की हत्या की कथित साजिश के सिलसिले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी सुक्खा को हरियाणा के पानीपत से गिरफ्तार किया गया। अधिकारी ने बताया कि सुक्खा को नवी मुंबई लाया जा रहा है और बृहस्पतिवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने इस साल जून में दावा किया था कि उसने सलमान खान को निशाना बनाने की साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सलमान को पनवेल के पास उनके फार्महाउस जाते समय निशाना बनाये जाने का दावा किया था। अप्रैल 2024 में सलमान के बांद्रा स्थित आवास के बाहर गोलीबारी के बाद यह घटनाक्रम हुआ था।
Oct 17, 2024 | 06:48 AM IST

महाराष्ट्र : जेल से पैरोल पर बाहर आए आरोपी ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की

महाराष्ट्र के लातूर जिले में जेल से पैरोल पर बाहर आए एक हत्या के मामले में दोषी व्यक्ति ने उदगीर में अपनी पत्नी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। घटना के बाद से आरोपी अमित नटकारे उर्फ ​​सोनू फरार है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि नटकारे पर पहले भी दो हत्या के मामले दर्ज हैं और उनमें से एक में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। अधिकारी ने बताया कि पैरोल पर बाहर आने के बाद वह अपनी पत्नी भाग्यश्री को परेशान कर रहा था और मांग कर रहा था कि वह अपने माता-पिता से पैसे लेकर आए ताकि वह अपनी सजा के खिलाफ अपील दायर कर सके। उन्होंने बताया कि मंगलवार देर रात इस मुद्दे पर दंपति के बीच झगड़ा हुआ और नटकारे ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को दो गोली मारी। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
Oct 17, 2024 | 06:47 AM IST

पाकिस्तान और रूस व्यापार, ऊर्जा, शिक्षा में सहयोग बढ़ाने पर सहमत

पाकिस्तान और रूस ने बुधवार को व्यापार, उद्योग, ऊर्जा, संपर्क, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और शिक्षा के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ाने पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उनके रूसी समकक्ष मिखाइल मिशुस्तीन के बीच इस्लामाबाद में 23वीं एससीओ (संघाई सहयोग संगठन) शासनाध्यक्ष परिषद की बैठक के दौरान यह सहमति बनी। ‘रेडियो पाकिस्तान’ की खबर के अनुसार, दोनों प्रधानमंत्रियों ने द्विपक्षीय सहयोग के सभी पहलुओं पर चर्चा की और पिछले दो दशकों में पाकिस्तान-रूस संबंधों में सकारात्मक गति का उल्लेख किया। दोनों पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र और एससीओ सहित बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।
Oct 17, 2024 | 06:46 AM IST

बाबा सिद्दीकी हत्या मामला: हमलावरों ने संभवत: यूट्यूब वीडियो से पिस्तौल चलाना सीखा

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या में शामिल हमलावरों के बारे में समझा जा रहा है कि उन्होंने यहां कुर्ला इलाके में किराए के एक मकान में यूट्यूब पर वीडियो देखकर बंदूक और पिस्तौल चलाना सीखा था। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सिद्दीकी (66) की 12 अक्टूबर की रात को निर्मल नगर इलाके में स्थित उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि तीन शूटर उनकी हत्या में शामिल थे। पुलिस अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है जिनमें दो कथित शूटर हरियाणा निवासी गुरमेल बलजीत सिंह (23) तथा उत्तर प्रदेश निवासी धर्मराज राजेश कश्यप (19) के अलावा हरीशकुमार बालकराम निषाद (23) और पुणे निवासी ‘‘सह-साजिशकर्ता’’ प्रवीण लोनकर शामिल हैं। निषाद और कश्यप उसी गांव के हैं, जहां का निवासी वांछित आरोपी शिवकुमार गौतम है। मामले में जांच कर रही मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने आरोपियों से पूछताछ के दौरान पाया कि संदिग्ध हमलावर शिवकुमार गौतम ने उत्तर प्रदेश में विवाह समारोहों में ‘हर्ष फायरिंग’ के दौरान बंदूक चलाना सीखा था।
Oct 17, 2024 | 06:45 AM IST

नई सरकार के बनने पर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने प्रशासनिक परिषद के अधिकार वापस लिए

जम्मू-कश्मीर में बुधवार को नव निर्वाचित सरकार के कार्यभार संभालने के कुछ ही घंटों बाद प्रशासन ने कई ऐसे आदेशों को रद्द कर दिया जिनके तहत केंद्र शासित प्रदेश के शासन के लिए उपराज्यपाल की अध्यक्षता वाली प्रशासनिक परिषद को अधिकार सौंपे गए थे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 2020 में शुरू किए गए कुछ सरकारी आदेश वापस ले लिए गए हैं। इन्हें रद्द करने का आदेश सामान्य प्रशासन विभाग के आयुक्त/सचिव संजीव वर्मा ने जारी किया। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनकी पांच सदस्यीय मंत्रिपरिषद ने आज (बुधवार) दिन में शपथ लेने के बाद सरकार का कार्यभार संभाल लिया है।
Oct 17, 2024 | 06:45 AM IST

छत्तीसगढ़: ईडी ने डीएमएफ घोटाले में एक अधिकारी को गिरफ्तार किया

छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) घोटाले के मामले में राज्य सरकार की एक महिला अधिकारी को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। ईडी के अधिवक्ता सौरभ पांडेय ने यहां बताया कि आदिवासी और अनुसूचित जाति विकास विभाग में तैनात माया वारियर को मंगलवार को गिरफ्तार कर आज (बुधवार) यहां रायपुर की पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) अदालत में पेश किया गया। पांडेय ने बताया कि कथित घोटाले के संबंध में यह पहली गिरफ्तारी है। उन्होंने बताया कि अदालत ने वारियर को 22 अक्टूबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया। अधिवक्ता ने बताया, “हमने डीएमएफ मामले में रानू साहू को पेशी वारंट पर पेश करने का अनुरोध करते हुए अदालत में एक अर्जी दाखिल की थी लेकिन जेल अधिकारियों ने बताया कि उन्हें कुछ चिकित्सकीय जटिलताएं हैं।” साहू निलंबित आईएएस अधिकारी हैं, जो राज्य के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा दर्ज कथित कोयला घोटाले के मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। पांडेय ने बताया, “हमने बृहस्पतिवार को फिर से उन्हें पेश करने का अनुरोध किया है।”
Oct 17, 2024 | 06:44 AM IST

कर्नाटक: कार के खाई में गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत, तीन अन्य लोग घायल

कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के बंटवाल तालुका में एक कार के खाई में गिरने से 62 वर्षीया महिला की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान भागीरथी के रूप में हुई, जो मंगलुरु के कोडियालबेल की रहने वाली थी। पुलिस के मुताबिक, भागीरथी अपनी बेटी सुचित्रा (36), दामाद रूपेश (39) और तीन साल के पोते धनविश के साथ सोमवार को तुमकुरु गयी थीं और बुधवार तड़के मंगलुरु स्थित अपने घर लौट रही थीं। पुलिस ने बताया कि कलवपडुरु गांव के बम्बिला के पास तड़के पांच बजे के करीब रूपेश को नींद आ गई और कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में घायल रूपेश, सुचित्रा और भागीरथी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि रूपेश और सुचित्रा की हालत गंभीर है जबकि तीन वर्षीय धनविश इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गया।