लाइव अपडेट्स

LIVE आज की ताजा खबर 30 सितंबर 2024: बिहार में बाढ़ से हालात हुए खराब, आज उप-राज्यपाल से मुलाकात करेंगे आप नेता

आज की ताजा खबर 30 सितंबर 2024, हिंदी न्यूज़ और बड़ी खबरें LIVE: पाकिस्तान के कराची में रविवार को हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। प्रदर्शनकारी अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की ओर मार्च करने का प्रयास करते समय पुलिस से भिड़ गए। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व मजलिस वहदत-ए-मुस्लिमीन (एमडब्ल्यूएम) ने किया। वहीं, दिल्ली में कानून-व्यवस्था को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच, आम आदमी पार्टी ) सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल वी के सक्सेना की भूमिका और प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए रविवार को दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी में गोलीबारी की ताजा घटनाओं के कारण दहशत का माहौल है। आप नेता आज राज्यपाल से मुलाकात करेंगे। उधर, नेपाल में बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर रविवार को 170 हो गई, जबकि 42 लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। शुक्रवार से पूर्वी और मध्य नेपाल के बड़े हिस्से जलमग्न हो गए हैं और देश के कई हिस्सों में अचानक बाढ़ आ गई है।

LIVE आज की ताजा खबर 30 सितंबर 2024: बिहार में बाढ़ से हालात हुए खराब, आज उप-राज्यपाल से मुलाकात करेंगे आप नेता
आज की ताजा खबर 30 सितंबर 2024, हिंदी न्यूज़ और बड़ी खबरें, Hindi News Today Live Updates:
  • नसरल्लाह की मौत पर पाकिस्तान में हिंसक प्रदर्शन, अमेरिकी कांसुलेट के बाहर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प
  • दिल्ली में दहशत का माहौल, उपराज्यपाल से मिलेंगे आप नेता : सौरभ भारद्वाज
  • नेपाल में बाढ़, भूस्खलन के कारण जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 170 हुई
Sep 30, 2024 | 11:56 AM IST

नोएडा के सेक्टर 10-11 इलाके में बीती रात एक कार और लोडेड ट्रैक्टर की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई

Sep 30, 2024 | 11:04 AM IST

राजस्थान के उदयपुर जिले में तेंदुए के संदिग्ध हमले में पुजारी की मौत

राजस्थान के उदयपुर जिले में तेंदुए के एक और संदिग्ध हमले में एक पुजारी की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना गोगुंदा के राठौड़ों का गुड़ा इलाके में हुई। पुलिस ने बताया कि मंदिर के पुजारी 65 वर्षीय विष्णु गिरी रविवार रात को मंदिर के बाहर सो रहे थे, तभी जंगली जानवर उन्हें जंगल में खींच ले गया और उनका शिकार कर लिया। पुजारी का शव सोमवार सुबह मंदिर से करीब 150 मीटर दूर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुए ने पुजारी का शिकार किया। हालांकि, वन अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि पुजारी पर तेंदुए ने हमला किया या किसी अन्य जंगली जानवरी ने।
Sep 30, 2024 | 10:47 AM IST

अशनीर ग्रोवर किसी भी रूप में भारतपे से नहीं जुड़ेंगे: कंपनी बयान

वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी भारतपे ने सोमवार को कहा कि उसके पूर्व सह-संस्थापक अशनीर ग्रोवर किसी भी रूप में कंपनी से नहीं जुड़ेंगे और न ही उनके पास कंपनी के कोई शेयर होंगे।
ग्रोवर को मार्च 2022 में कंपनी के निदेशक मंडल ने भारतपे के प्रबंध निदेशक के पद से हटा दिया गया था। तब से, दोनों पक्ष लगातार कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे। भारतपे ने बयान में कहा, भारतपे ने अपने पूर्व सह-संस्थापक अशनीर ग्रोवर के साथ एक निश्चित समझौता किया है। समझौते के तहत ग्रोवर किसी भी क्षमता में भारतपे से नहीं जुड़ेंगे और न ही उनके पास कंपनी के कोई शेयर होंगे। समझौते के बाद, ग्रोवर के कुछ शेयर कंपनी के लाभ के लिए ‘रेसिलिएंट ग्रोथ ट्रस्ट’ को हस्तांतरित कर दिए जाएंगे और उनके शेष शेयरों का प्रबंधन उनके पारिवारिक न्यास द्वारा किया जाएगा।
Sep 30, 2024 | 10:06 AM IST

बिहार में बाढ़ा की स्थिति गंभीर, एनडीआरएफ की 6 टीमें और बुलाई गई

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एनडीआरएफ की कई टीमों को बिहार भेजने का निर्णय लिया है। झारखंड और उत्तर प्रदेश से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। उत्तर बिहार के जिलों मे बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट है। तीन एनडीआरएफ टीम वाराणसी से और तीन एनडीआरएफ की टीम को रांची से बुलाया गया है। इसके अतिरिक्त बिहार में पहले से ही एनडीआरएफ की 12 और एसडीआरएफ की 22 टीमे बाढ़ राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं।
Sep 30, 2024 | 09:13 AM IST

रेलवे लाइन पर फायर सेफ्टी सिलेंडर

उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित गोविंदपुरी और भीमसेन स्टेशनों के बीच रविवार को रेल पटरियों पर सिलेंडर देखकर एक पैसेंजर ट्रेन के चालक (लोको-पायलट) ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर रेलगाड़ी को रोक लिया। बाद में पता चला कि सिलेंडर रेलवे का ही अग्निशामक यंत्र था। नॉदर्न सेंट्रल रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, होल्डिंग लाइन पर मिले इस फायर सेफ्टी सिलेंडर के बारे में पता लगाया जा रहा है। ये होल्डिंग लाइन पर पड़ा मिला है। इसकी जांच की जा रही है। संभावना है कि ये सिलेंडर किसी ट्रेन से गिर गया है या इसे किसी ने हो सकता है जानबूझ कर फेंक दिया हो। ये रेलवे को ही इश्यू किया गया सिलेंडर है। हालांकि उस समय कोई ट्रेन लाइन पर नहीं आने की बात सामने आई है क्योंकि यह होल्डिंग लाइन है।
Sep 30, 2024 | 08:20 AM IST

बिहार: कटरा में बकुची पावर ग्रिड परिसर में पानी घुसने से मुजफ्फरपुर में बाढ़ जैसी स्थिति

Sep 30, 2024 | 07:26 AM IST

ब्लिंकन से मुलाकात करेंगे जयशंकर

विदेश मंत्री एस जयशंकर मंगलवार को अपने अमेरिकी समकक्ष एंटनी ब्लिंकन से मुलाकात करेंगे, इस दौरान उनके यूक्रेन युद्ध और मध्य पूर्व संकट सहित कई द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। रविवार को अमेरिकी राजधानी पहुंचे जयशंकर अन्य कैबिनेट-रैंक और बिडेन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकन से मुलाकात के अलावा, विदेश मंत्री का थिंक-टैंक समुदाय के साथ बातचीत करने का भी कार्यक्रम है।
Sep 30, 2024 | 07:15 AM IST

दिल्ली के पटपड़गंज इलाके में सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज

Sep 30, 2024 | 06:50 AM IST

सीएम आतिशी ने लिया दिल्ली में सड़कों की स्थिति का जायजा

Sep 30, 2024 | 06:49 AM IST

नेतनयाहू से बात करेंगे जो बाइडन

अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडन ने कहा कि पश्चिम एशिया में पूर्ण युद्ध को रोका जाना चाहिए और वह इजराइली नेता से बात करेंगे।
Sep 30, 2024 | 06:25 AM IST

त्रिपुरा: बेटों ने मां को पेड़ से बांधकर जिंदा जलाया

पश्चिमी त्रिपुरा में दो बेटों द्वारा 62 वर्षीय बुजुर्ग मां को पेड़ से बांधकर कथित तौर पर जिंदा जलाकर मारने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बेटों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे संदेह है कि पारिवारिक विवाद के कारण इस अपराध को अंजाम दिया गया। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार रात चंपकनगर थाना क्षेत्र के खमारबाड़ी में हुई।
महिला करीब डेढ़ साल पहले पति की मौत होने के बाद अपने दो बेटों के साथ रह रही थी। उसका तीसरा बेटा अगरतला में रहता है। जिरनीया के उपमंडलीय पुलिस अधिकारी कमल कृष्ण कोलोई ने बताया, एक महिला को जिंदा जला देने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पेड़ से बंधा जला हुआ शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।
Sep 30, 2024 | 06:25 AM IST

जाति आधारित सर्वे रिपोर्ट पर कदम उठाएंगे : सिद्धरमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने रविवार को वादा किया कि उनकी सरकार सात माह पहले सौंपी गयी जाति आधारित सर्वे रिपोर्ट को मंत्रिमंडल के समक्ष रखेगी और उस दिशा में कदम उठाएगी। मैसुरु में पिछड़ा वर्ग के छात्रावासों के पूर्व छात्र संघ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिद्धरमैया ने कहा कि पिछड़े और वंचित समुदायों की पहचान के लिए जाति आधारित गणना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा, जिस व्यवस्था से हम आते हैं, उसे बदला जाना चाहिए। हम उस बदलाव को लाने की कोशिश कर रहे हैं। हमारी सरकार ने समाज में हाशिये पर पड़े वर्गों को पहचानने और उनके उत्थान के लिए सामाजिक सर्वेक्षण कराया था। मैंने (2018 में) सत्ता खो दी और इसे लागू नहीं किया गया।
Sep 30, 2024 | 06:24 AM IST

नेपाल में बाढ़, भूस्खलन के कारण जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 170 हुई

नेपाल में बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर रविवार को 170 हो गई, जबकि 42 लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। शुक्रवार से पूर्वी और मध्य नेपाल के बड़े हिस्से जलमग्न हो गए हैं और देश के कई हिस्सों में अचानक बाढ़ आ गई है। पुलिस के अनुसार, नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण अब तक 170 लोग मारे गए हैं। गृह मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ और भूस्खलन की वजह से 42 लोग लापता हैं। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ऋषिराम पोखरेल ने बताया कि बाढ़ से संबंधित घटनाओं में 111 लोग घायल हुए हैं।
पोखरेल ने बताया कि सभी सुरक्षा एजेंसियों की मदद से खोज एवं बचाव अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि नेपाली सेना ने देशभर में फंसे 162 लोगों को हवाई मार्ग से निकाला है।
Sep 30, 2024 | 06:24 AM IST

नसरल्ला के मारे जाने के खिलाफ कराची में प्रदर्शन

पाकिस्तान के कराची में रविवार को हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। प्रदर्शनकारी अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की ओर मार्च करने का प्रयास करते समय पुलिस से भिड़ गए। विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व मजलिस वहदत-ए-मुस्लिमीन (एमडब्ल्यूएम) ने किया। नसरल्लाह की मौत के बाद कई राजनीतिक-धार्मिक दलों ने कराची सहित पाकिस्तान के विभिन्न क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज, आंसू गैस के गोले और यहां तक ​​​​कि हवाई फायरिंग सहित उपायों का इस्तेमाल किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के दो वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और एक मोटरसाइकिल में आग लगा दी. एआरवाई न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पथराव से स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) मच गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। सिंध के आंतरिक मंत्री जिया-उल-हसन लिंजर ने क्षेत्र में व्यवस्था बहाल करने के लिए अतिरिक्त पुलिस तैनाती की आवश्यकता पर बल देते हुए नागरिकों और पत्रकारों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा उपाय बढ़ाने का आग्रह किया है।
Sep 30, 2024 | 06:24 AM IST

दिल्ली में दहशत का माहौल, उपराज्यपाल से मिलेंगे आप नेता : सौरभ भारद्वाज

दिल्ली में कानून-व्यवस्था को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच, आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल वी के सक्सेना की भूमिका और प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए रविवार को दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी में गोलीबारी की ताजा घटनाओं के कारण दहशत का माहौल है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वह और विधायक दुर्गेश पाठक समेत कई आप नेता सोमवार को उपराज्यपाल से मिलकर शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की मांग करेंगे। भारद्वाज और पाठक ने रविवार को नारायणा शोरूम का दौरा किया, जहां हाल ही में गोलीबारी की घटना हुई थी। उन्होंने दावा किया कि इन घटनाओं से राजधानीवासियों और व्यापार मालिकों में डर बढ़ रहा है। भारद्वाज ने अपने दौरे के दौरान कहा, यह नारायणा का मुख्य सड़क क्षेत्र है, जो शाम 7:15 बजे के आसपास व्यावसायिक रूप से सर्वाधिक व्यस्त रहता है। ऐसे समय में गैंगस्टर हथियारों के साथ एक शोरूम में घुसकर 24 गोलियां चलाते हैं। अंदर मौजूद एक व्यक्ति के सिर से बंदूक सटा दी गई।