दिल्ली जल संकट: भूख हड़ताल पर बैठी आप मंत्री आतिशी की तबियत बिगड़ी, अस्पताल में कराया गया भर्ती, अनशन खत्म

22 जून को आतिशी ने हरियाणा द्वारा दिल्ली के पानी का हिस्सा जारी करने के विरोध में अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। इसका उनकी सेहत पर असर पड़ा है।

Atishi

भूख हड़ताल पर आतिशी

Atishi Hunger Strike: दिल्ली की मंत्री आतिशी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आतिशी को मंगलवार तड़के दिल्ली के लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आतिशी की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल मंगलवार को पांचवें दिन में प्रवेश कर गई। पर्याप्त पानी जारी नहीं करने के मुद्दे पर आतिशी हरियाणा सरकार के खिलाफ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। पिछले महीने से दिल्ली के कई इलाकों में जल संकट पैदा हो गया है। आम आदमी पार्टी और आतिशी का कहना है कि हरियाणा दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं दे रहा है।

आतिशी की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

22 जून को आतिशी ने हरियाणा द्वारा दिल्ली के पानी का हिस्सा जारी करने के विरोध में अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। आप ने कहा कि डॉक्टरों ने आतिशी की बिगड़ती सेहत को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है, लेकिन वह अपनी जान जोखिम में डालकर दिल्ली के पानी के उचित हिस्से के लिए लड़ रही हैं। आप की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंत्री की स्वास्थ्य जांच से पता चला कि उनके रक्तचाप और शर्करा के स्तर में भारी गिरावट आई है।

आतिशी की भूख हड़ताल खत्म

दिल्ली की जल मंत्री आतिशी को मंगलवार तड़के अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद उनका अनशन समाप्त हो गया। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने यह जानकारी दी। आतिशी राष्ट्रीय राजधानी में मौजूदा जलसंकट के बीच दिल्ली के लिए उसके हिस्से का पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन कर रही थीं। संजय सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आतिशी करीब पांच दिन से अनशन कर रही थीं जिसके कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई।
उन्होंने बताया कि आतिशी का शर्करा स्तर 36 मिलीग्राम/डेसीलिटर रह गया और उन्हें मंगलवार को तड़के करीब पौने चार बजे लोक नायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया। सांसद ने कहा कि चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता पर जोर दिया और इस बात को लेकर भी चेताया कि उनके जीवन को खतरा हो सकता है। उन्होंने बताया कि आतिशी अब गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में हैं और उनकी जांचें की जा रही हैं इसलिए अनिश्चितकालीन अनशन रोक दिया गया है। संजय सिंह ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर दिल्ली में हरियाणा से उचित मात्रा में पानी छोड़े जाने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को आप और उसके राजनीतिक सहयोगी भी उठाएंगे।

हरियाणा से पर्याप्त पानी सप्लाई की मांग

आप ने कहा कि जिस तेजी से आतिशी का ब्लड शुगर लेवल और ब्लड प्रेशर गिरा है, उसे डॉक्टरों ने खतरनाक बताया है। अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी जल मंत्री आतिशी ने कहा है कि जब तक हरियाणा सरकार दिल्लीवासियों का जल अधिकार नहीं देती और हथिनीकुंड बैराज के गेट नहीं खोले जाते, तब तक उनकी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगी। आप ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी राज्य हरियाणा हर दिन 100 मिलियन गैलन प्रति दिन (एमजीडी) कम पानी की आपूर्ति कर रहा है, जिससे दिल्ली में 28 लाख लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे जल संकट बढ़ गया है।

दिल्ली में जल संकट गहराया

राष्ट्रीय राजधानी में उच्च तापमान और लू के कारण पानी की कमी बड़ी समस्या बनकर उभरी है। दिल्ली के इलाकों में लोग पानी की अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए पानी के टैंकरों के भरोसे हैं। बढ़ते तापमान के बीच और इस साल गर्मी का मौसम शुरू होने के बाद से राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में ये टैंकरों पर टूट पड़ते लोगों के दृश्य रोजमर्रा की घटना बन गए हैं। इसे लेकर मामला सुप्रीम कोर्ट भी पहुंचा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | देश (india News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

अमित कुमार मंडल author

करीब 18 वर्षों से पत्रकारिता के पेशे से जुड़ा हुआ हूं। इस दौरान प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल का अनुभव हासिल किया। कई मीडिया संस्थानों में मिले अनुभव ने ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited