दिल्ली जल संकट: भूख हड़ताल पर बैठी आप मंत्री आतिशी की तबियत बिगड़ी, अस्पताल में कराया गया भर्ती, अनशन खत्म

22 जून को आतिशी ने हरियाणा द्वारा दिल्ली के पानी का हिस्सा जारी करने के विरोध में अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। इसका उनकी सेहत पर असर पड़ा है।

भूख हड़ताल पर आतिशी

Atishi Hunger Strike: दिल्ली की मंत्री आतिशी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आतिशी को मंगलवार तड़के दिल्ली के लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आतिशी की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल मंगलवार को पांचवें दिन में प्रवेश कर गई। पर्याप्त पानी जारी नहीं करने के मुद्दे पर आतिशी हरियाणा सरकार के खिलाफ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। पिछले महीने से दिल्ली के कई इलाकों में जल संकट पैदा हो गया है। आम आदमी पार्टी और आतिशी का कहना है कि हरियाणा दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं दे रहा है।

आतिशी की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

22 जून को आतिशी ने हरियाणा द्वारा दिल्ली के पानी का हिस्सा जारी करने के विरोध में अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। आप ने कहा कि डॉक्टरों ने आतिशी की बिगड़ती सेहत को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है, लेकिन वह अपनी जान जोखिम में डालकर दिल्ली के पानी के उचित हिस्से के लिए लड़ रही हैं। आप की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंत्री की स्वास्थ्य जांच से पता चला कि उनके रक्तचाप और शर्करा के स्तर में भारी गिरावट आई है।

आतिशी की भूख हड़ताल खत्म

दिल्ली की जल मंत्री आतिशी को मंगलवार तड़के अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद उनका अनशन समाप्त हो गया। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने यह जानकारी दी। आतिशी राष्ट्रीय राजधानी में मौजूदा जलसंकट के बीच दिल्ली के लिए उसके हिस्से का पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन कर रही थीं। संजय सिंह ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आतिशी करीब पांच दिन से अनशन कर रही थीं जिसके कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई।
End Of Feed