हरियाणा में पिंजौर के पास बस पलटी, कई स्कूली छात्रों सहित करीब 50 घायल, ड्राइवर-कंडक्टर निलंबित

हरियाणा के पिंजौर में एक स्कूल बस हादसे का शिकार हुई है। घायल छात्रों को पिंजौर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस खबर पर अभी विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

bus accident

पिंजौर में बस हादसा

Bus Overturns Near Pinjore: हरियाणा के पिंजौर में सोमवार को क्षमता से अधिक सवारियों को ले जा रही रोडवेज की मिनी बस के पलट जाने से 50 लोग घायल हो गये, जिनमें अधिकांश स्कूली बच्चे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पंचकूला के उपायुक्त यश गर्ग ने जिले के सिविल अस्पताल में कहा कि एक मोड़ के पास मिनी बस पलट गई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल हमारा ध्यान बचाव कार्य पर है। सभी बच्चे ठीक हैं, किसी को भी कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
उन्होंने कहा, पंचकूला के सिविल अस्पताल में 30 बच्चों को लाया गया है। अन्य पिंजौर में चिकित्सकों की निगरानी में हैं। पंचकूला के सिविल अस्पताल में चार वयस्कों को भी लाया गया और उनमें से एक 60 वर्षीय महिला है। महिला के हाथ पर चोट लगी है। उन्होंने बताया कि उसे चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में रेफर किया गया है। गर्ग ने बताया कि एक अन्य घायल व्यक्ति गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती है।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं पंचकूला से भारतीय जनता पार्टी विधायक ज्ञान चंद गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया कि दुर्घटना पंचकूला के एक गांव के पास हुई। गुप्ता ने बताया कि बस के चालक और परिचालक को निलंबित कर दिया गया है। गुप्ता ने बताया कि बस में क्षमता से अधिक सवारी थीं और हमें बताया गया है कि वाहन की गति भी अधिक थी। जैसे ही बस एक मोड़ के पास पहुंची तो वह पलट गई। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता घायलों का उपचार कराना है।

महिला के ऊपर पलटी बस

पंचकूला सीएमओ डॉ मुक्ता कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचकूला के सेक्टर 6 से नागरिक अस्पताल में 22 घायल बच्चों को लाया गया है। वहीं एक महिला जो की बस से बाहर थी जिसके ऊपर बस पलटी है; उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है। घायलों की यह संख्या केवल पंचकूला सेक्टर 6 नागरिक अस्पताल की है। कई घायल बच्चों को पिंजौर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी ले जाया गया है जिसकी औपचारिक और पुष्टि होनी अभी बाकी है।

ड्राइवर और कंडक्टर दोनों निलंबित

वहीं, हरियाणा रोडवेज ने पिंजौर के पास पलटी बस के ड्राइवर और कंडक्टर दोनों को निलंबित कर दिया है। हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया, जबकि हादसे में घायल हुए कंडक्टर का पिंजौर के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | देश (india News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited