संविधान पर हमला नहीं होने देंगे, सरकार बचाने में व्यस्त हैं पीएम मोदी...राहुल गांधी का सरकार पर हल्लाबोल

संसद सत्र के पहले दिन कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने एकजुटता दिखाई और संविधान की रक्षा को मुद्दा बनाया। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन इंडिया के कई घटक दलों के नेता संविधान की प्रति लेकर सदन में पहुंचे।

Rahul Gandhi

राहुल गांधी

Rahul Gandhi in Sansad: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह को संविधान के मुद्दे पर फिर निशाने पर लिया। राहुल ने पीएम मोदी और अमित शाह पर संविधान पर हमला करने का आरोप लगाया और कहा कि यह उन्हें स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह संविधान पर हमला कर रहे हैं। हम संविधान पर वह हमला नहीं होने देंगे। यह हमला हमें स्वीकार्य नहीं है।

संविधान की प्रतियां लेकर लोकसभा कक्ष तक मार्च

नई लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन इंडिया गठबंधन के नेताओं ने हाथों में संविधान की प्रतियां लेकर लोकसभा कक्ष तक मार्च किया। यह पूछे जाने पर कि क्या विपक्ष का संदेश जनता तक पहुंच रहा है, तो राहुल गांधी ने कहा, हमारा संदेश जनता तक पहुंच रहा है और कोई भी ताकत भारत के संविधान का बाल भी बांका नहीं कर सकती और हम इसकी रक्षा करेंगे।

राहुल का दावा, बैकफुट पर है मोदी सरकार

राहुल गांधी ने दावा किया कि पीएम मोदी मनोवैज्ञानिक रूप से बैकफुट पर हैं और अपनी सरकार बचाने में व्यस्त हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान पर हमला स्वीकार नहीं किया जाएगा। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, एनडीए के पहले 15 दिन: भीषण ट्रेन दुर्घटना, कश्मीर में आतंकवादी हमले, ट्रेनों में यात्रियों की दुर्दशा, नीट घोटाला, नीट-पीजी निरस्त, यूजीसी-नेट का पेपर लीक, दूध, दाल, गैस, टोल और महंगे, आग से धधकते जंगल, जल संकट और लू के कारण मौतें। मनोवैज्ञानिक रूप से बैकफुट पर नरेंद्र मोदी बस अपनी सरकार बचाने में व्यस्त हैं।
उन्होंने कहा, नरेंद्र मोदी जी और उनकी सरकार का संविधान पर आक्रमण हमें लिए स्वीकार्य नहीं है और ये हम किसी हाल में होने नहीं देंगे। ‘इंडिया’ गठबंधन का मज़बूत विपक्ष अपना दबाव जारी रखेगा, लोगों की आवाज़ उठाएगा और प्रधानमंत्री को बिना जवाबदेही बच कर निकलने नहीं देगा।

इंडिया गठबंधन के सांसदों ने दिखाई एकजुटता

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन इंडिया के कई घटक दलों के नेता 18वीं लोकसभा के पहले सत्र के पहले दिन सोमवार को संविधान की प्रति लेकर सदन में पहुंचे और एकजुटता प्रकट की। कार्यवाही आरंभ होने से पहले विपक्षी गठबंधन के सांसद संसद परिसर में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। उन्होंने 'संविधान की रक्षा हम करेंगे' और 'तानाशाही नहीं चलेगी' के नारे लगाए। इस दौरान सोनिया गांधी, खरगे, राहुल गांधी और द्रमुक, तृणमूल कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के कई अन्य घटक दलों के सांसद मौजूद थे।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने विपक्षी सांसदों की नारेबाजी का वीडियो साझा करते हुए एक्स पर पोस्ट किया, हम लोकतंत्र के प्रहरी हैं। हम संविधान की रक्षा करने और उसे कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अन्याय के खिलाफ लड़ने के अपने संकल्प में एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि 'इंडिया' गठबंधन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का आशीर्वाद लेकर और संसद में लोगों के मुद्दों, चुनौतियों, आशाओं और आकांक्षाओं को आवाज देने और सरकार को हर मिनट नियंत्रण में रखने के नए संकल्प के साथ 18वीं लोकसभा में प्रवेश करता है।

संविधान की रक्षा को बनाया मुद्दा

हालिया लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने संविधान को एक बड़ा मुद्दा बनाया था। उनका आरोप था कि भाजपा संविधान बदलना चाहती है। नई लोकसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू हुआ। इसके पहले और दूसरे दिन नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण होगा। प्रोटेम स्पीकर (अस्थायी अध्यक्ष) नियुक्त किए गए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ लोकसभा सदस्य भर्तृहरि महताब नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। इसके बाद बुधवार को नए लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को संसद के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। राज्यसभा की बैठक बृहस्पतिवार से शुरू होगी। संसद का यह सत्र तीन जुलाई तक प्रस्तावित है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | देश (india News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

अमित कुमार मंडल author

करीब 18 वर्षों से पत्रकारिता के पेशे से जुड़ा हुआ हूं। इस दौरान प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल का अनुभव हासिल किया। कई मीडिया संस्थानों में मिले अनुभव ने ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited