By Election Voting Live Updates: 6 राज्यों की 7 सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी, सीधी टक्कर में NDA और I.N.D.I.A

By Election Voting Live Updates: विपक्षी गठबंधन उत्तर प्रदेश की घोसी सीट, झारखंड की डुमरी, त्रिपुरा की धनपुर और बॉक्सनगर और उत्तराखंड की बागेश्वर सीट पर संयुक्त रूप से मुकाबला कर रहा है, जबकि पश्चिम बंगाल के धूपगुड़ी और केरल के पुथुपल्ली में गठबंधन के घटक ही एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

By Election Voting Live Updates: 6 राज्यों की 7 सीटों पर उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी, सीधी टक्कर में NDA और I.N.D.I.A

By Election Voting Live Updates: देश में आज कुछ सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव की वोटिंग शुरू हो चुकी है। इन सीटों पर नए नवेले विपक्षी गठबंधन इंडिया की सीधी लड़ाई एनडीए से दिख रही है। देश के 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं, जिसके लिए लोग आज अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

उप्र : घोसी विधानसभा उपचुनाव में दोपहर एक बजे तक 33.52 फीसदी मतदान

उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत मंगलवार दोपहर एक बजे तक 33.52 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। वहीं, मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने उपचुनाव में व्यापक धांधली का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि घोसी उपचुनाव के लिए मतदान मंगलवार सुबह सात बजे शुरू हुआ और वोट शाम छह बजे तक पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों पर जो मतदाता शाम छह बजे उपस्थित रहेंगे, वे भी वोट डाल सकेंगे।

डुमरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में पूर्वाह्न 11 बजे तक 27 प्रतिशत मतदान

झारखंड की डुमरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे तक 2.98 लाख मतदाताओं में से 27 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है और शुरुआती चार घंटे में 27.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

उत्तराखंड : बागेश्वर विस सीट पर नौ बजे तक 10 फीसदी से ज्यादा मतदान

उत्तराखंड की बागेश्वर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए मंगलवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया और नौ बजे तक 10 प्रतिशत से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि पहले दो घंटे में 10.13 प्रतिशत मतदाता अपने वोट डाल चुके हैं। उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों के बाहर कतारें धीरे-धीरे बढ़ती जा रही हैं और दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है।

झारखंड : डुमरी विधानसभा सीट पर नौ बजे तक 11.40 प्रतिशत मतदान

झारखंड की डुमरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मंगलवार को सुबह नौ बजे तक 2.98 लाख मतदाताओं में से 11 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है और शुरुआती दो घंटे में 11.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मतदाताओं और मतदान अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और मतदाताओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की।

त्रिपुरा में दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी

त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले की धनपुर और बॉक्सानगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि धनपुर विधानसभा क्षेत्र के 59 और बॉक्सानगर के 51 मतदान केंद्रों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और वोट शाम चार बजे तक डाले जाएंगे।

तैयारियां पूरी

इंडिया गठबंधन के लिए पहली परीक्षा माने जा रहे इस उपचुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा यूपी की घोसी सीट को लेकर है। जहां सपा प्रमुख अखिलेश यादव खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। विपक्षी गठबंधन उत्तर प्रदेश की घोसी सीट, झारखंड की डुमरी, त्रिपुरा की धनपुर और बॉक्सनगर और उत्तराखंड की बागेश्वर सीट पर संयुक्त रूप से मुकाबला कर रहा है, जबकि पश्चिम बंगाल के धूपगुड़ी और केरल के पुथुपल्ली में गठबंधन के घटक ही एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। इन सीटों पर मतगणना आठ सितंबर को होगी।

घोसी सीट पर जोरदार टक्कर

उत्तर प्रदेश की घोसी सीट समाजवादी पार्टी के विधायक और ओबीसी नेता दारा सिंह चौहान के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। वह सपा छोड़ भाजपा में शामिल हो गए। सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने चौहान को मैदान में उतारा है जबकि सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह को कांग्रेस और वाम दलों ने समर्थन दिया है। चौहान योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली पिछली भाजपा सरकार में मंत्री थे। उन्होंने 12 जनवरी 2022 को मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया था और सपा में शामिल हो गये थे। उप चुनाव के लिए दोनों पक्षों ने गहन प्रचार किया क्योंकि दोनों पक्ष जानते हैं कि यह विपक्षी एकता के लिए एक कसौटी है और एक जीत अगले साल लोकसभा चुनावों के लिए उनके पक्ष में रुझान स्थापित कर सकती है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के नेतृत्व का नेतृत्व किया। यह दिलचस्प है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पिछले साल रामपुर और आज़मगढ़ की प्रतिष्ठित सीटों पर हुए उपचुनावों के लिए प्रचार नहीं किया था लेकिन घोसी में उन्होंने एक चुनावी सभा को संबोधित किया।

बंगाल-त्रिपुरा का हाल

बंगाल में धूपगुड़ी विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस, भाजपा और कांग्रेस समर्थित मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। तृणमूल कांग्रेस ने 2016 में इस सीट से जीत दर्ज की थी लेकिन 2021 के चुनाव में भाजपा ने यह सीट उससे छीन ली थी।

त्रिपुरा के सिपाहीजला जिले की धनपुर और बॉक्सानगर विधानसभा सीटों पर मुख्यमंत्री माणिक साहा ने पार्टी के प्रचार अभियान का नेतृत्व किया। मुख्य विपक्षी दल टिपरा मोथा और कांग्रेस इससे दूर रहे हैं। त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस ने रविवार को लोगों से इन दो सीटों पर विपक्षी गठबंधन ‘इंडियाट के उम्मीदवारों को वोट देने का आग्रह किया।

झारखंड की डुमरी सीट

झारखंड की डुमरी सीट पर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की उम्मीदवार बेबी देवी का सीधा मुकाबला राजग प्रत्याशी यशोदा देवी से है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने दावा किया है कि ‘इंडिया’ गठबंधन डुमरी से अपनी जीत की शुरूआत करेगा। यह सीट दोनों गठबंधनों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गई है। राजग ने विश्वास जताया कि वह झामुमो से सीट छीनने के लिए पूरी तरह तैयार है।

केरल में कांग्रेस बनाम वाम

हालांकि, कांग्रेस और सत्तारूढ़ वाम दल केरल के पुथुप्पल्ली उपचुनाव में एक-दूसरे का मुकाबला करेंगें। राज्य में विपक्षी दल कांग्रेस सत्ता-विरोधी लहर और दिवंगत ओमन चांडी की विरासत पर निर्भर है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी की मृत्यु के बाद सहानुभूति लहर का लाभ उठाने के उनके बेटे चांडी ओमन को मैदान में उतारा है। दूसरी ओर, सत्तारूढ़ वाम दलों ने एक बार फिर डीवाईएफआई नेता जैक सी थॉमस को मैदान में उतारा है जिन्होंने 2016 और 2021 में दिवंगत चांडी के खिलाफ इस क्षेत्र से चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें हार मिली थी। भाजपा ने अपने कोट्टायम जिला अध्यक्ष जी लिजिनलाल को मैदान में उतारा है।

उत्तराखंड में बीजेपी बनाम कांग्रेस

उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर है। सत्तारूढ़ भाजपा ने सीट बरकरार रखने के लिए पार्वती दास को मैदान में उतारा है। इस सीट से 2007 से लगातार चार बार उनके पति चंदन दास ने जीत हासिल की थी और उनकी मृत्यु के कारण उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | देश (india News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited