उत्तर प्रदेश में भाजपा के खराब प्रदर्शन के लिए मोदी, योगी को दोष न दें, चुनाव परिणाम लापरवाही का नतीजा...बोलीं उमा भारती

उमा भारती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के नतीजों के लिए मोदी और योगी को दोषी ठहराना सही नहीं है। छह दिसंबर 1992 को बाबरी ढांचा ढहाए जाने के बाद भी भाजपा हार गई थी।

उमा भारती

Uma Bharti: भारतीय जनता पार्टी की नेता उमा भारती ने शनिवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पार्टी के खराब प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दोष नहीं दिया जाना चाहिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यहां कहा कि बाबरी मस्जिद के विध्वंस के बाद भी पार्टी ने राज्य में खराब प्रदर्शन किया था। भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से केवल 33 सीटें जीती हैं और पूर्ण बहुमत से चूक गई।

कहा, 6 दिसंबर 1992 के बाद भी भाजपा हारी थी

उमा भारती ने शिवपुरी में पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए कहा, उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के नतीजों के लिए मोदी और योगी को दोषी ठहराना सही नहीं है। छह दिसंबर 1992 को बाबरी ढांचा ढहाए जाने के बाद भी भाजपा हार गई थी। इसके बावजूद हमने अयोध्या में राम मंदिर को अपने एजेंडे से नहीं हटाया...हमने अयोध्या को कभी वोट से नहीं जोड़ा। इसी तरह अब हम मथुरा-काशी (धार्मिक स्थलों को लेकर विवाद) को वोट से नहीं जोड़ रहे हैं।

हिंदू समुदाय की प्रकृति को समझने की जरूरत

एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हिंदू समुदाय की प्रकृति को समझने की जरूरत है जो सामाजिक व्यवस्था को धर्म से नहीं जोड़ता। भाजपा नेता ने दावा किया कि यह इस्लामिक समाज है जो सामाजिक और धार्मिक व्यवस्था को जोड़कर काम करता है। इसलिए वे सामाजिक व्यवस्था के अनुसार वोट करते हैं। भारती ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नतीजों का मतलब यह नहीं है कि लोगों की भगवान राम के प्रति भक्ति कम हो गई है।
End Of Feed