Cold Wave: भयंकर ठंड की चपेट में North India, कश्मीर-हिमाचल में तापमान शून्य से नीचे; ट्रेन से लेकर फ्लाइट तक पर असर

Cold Wave: जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। उत्तर प्रदेश के 30 जिलों में सप्ताहांत में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है और श्रीनगर में वाहन चालकों के लिए एक सलाह जारी की गई है।

cold wave in north india

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड

Cold Wave: उत्तर भारत भयंकर ठंड की चपेट में है। पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी ने कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंचा दिया है। कई राज्यों में शीतलहर का प्रकोप भी दिख रहा है। हिमाचल, उत्तराखंड, कश्मीर, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इन राज्यों में घना कुहरा देखने को मिल रहा है। कुहासे के कारण ट्रेन से लेकर हवाई सेवा तक पर असर पड़ा है।

दृश्यता काफी कम

उत्तर भारत के विभिन्न भागों में शुक्रवार को घना कोहरा छाया रहा, जिसके चलते दृश्यता काफी कम हो गई और रेल व वायु यातायात पर इसका प्रभाव पड़ा। न्यूनतम तापमान मुख्य रूप से सामान्य रहा, लेकिन कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में यह जीरो से नीचे चला गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, ओडिशा और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में भी कोहरा छाया रहा, राउरकेला, गया और पटना के कुछ हिस्सों में दृश्यता लगभग 50 मीटर तक कम हो गई।

आगे कैसा रहेगा मौसम

जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। उत्तर प्रदेश के 30 जिलों में सप्ताहांत में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है और श्रीनगर में वाहन चालकों के लिए एक सलाह जारी की गई है। श्रीनगर में अधिकारियों ने कहा कि हाल में जहां तक याद है कोहरे की स्थिति इस समय सबसे खराब है। आईएमडी के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान और बिहार के कुछ हिस्सों में शुक्रवार रात से रविवार सुबह तक "घने से बहुत घना" कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

दिल्ली का मौसम

दो दिनों तक घने से बहुत घने कोहरे के बाद शुक्रवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में दृश्यता में सुधार हुआ। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में दृश्यता 200 मीटर और पालम में 50 मीटर थी। अधिकारियों के मुताबिक, कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 11 ट्रेन देरी से चलीं। दिल्ली का अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से एक डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 382 दर्ज किया गया, जो "बहुत खराब" श्रेणी में आता है।

कश्मीर में तापमान जीरो से कम

कश्मीर में तापमान में काफी गिरावट आई है, जहां चिल्लई कलां के चलते कड़ाके की ठंड पड़ रही है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। श्रीनगर शहर और इसके आसपास के इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से कम थी। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे, बारामूला के गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे, काजीगुंड में शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे, कोकेरनाग शहर में शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

हिमाचल का मौसम

हिमाचल प्रदेश में शिमला और आसपास के इलाकों में शाम को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे, जबकि निचली पहाड़ियों में कुछ स्थानों पर मध्यम से घने स्तर का कोहरा दर्ज किया गया। निचली पहाड़ियों में कड़ाके की ठंड जारी है और पारा जमाव बिंदु के आसपास रहा। भुंतर में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस, मंडी में 1.1 डिग्री सेल्सियस, सुंदरनगर में 1.2 डिग्री सेल्सियस और ऊना व नारकंडा में 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | देश (india News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

शिशुपाल कुमार author

पिछले 10 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करते हुए खोजी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में एक अपनी समझ विकसित की है। जिसमें कई सीनियर सं...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited