INDIA Alliance Maharally Live Update: दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की महारैली में मल्लिकार्जुन खरगे बोलो- PM मोदी लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते

INDIA Alliance Maharally Live Update: दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की महारैली हुई शुरू

INDIA Alliance Maharally Live Update

दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन के नेता गरजे

INDIA Alliance Maharally Live Update: दिल्ली के रामलीला मैदान पर विपक्षी दलों की महारैली शुरू हो गई है। राहुल गांधी, सोनिया गांधी, उद्धव, अखिलेश, तेजस्वी समेत कई दिग्गज दिल्ली में एक मंच पर जुटे हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के आह्वान पर रविवार को इंडिया गठबंधन की हो रही महारैली में बड़ी संख्या लोग पहुंचे हैं। महारैली सफल रही तो गठबंधन के प्रत्याशियों को इससे ताकत मिलेगी। खासकर दिल्ली पर महारैली की सफलता का असर ज्यादा पड़ेगा। इस रैली में 26 दलों के नेता शामिल हुए है।

पीएम मोदी लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते: मल्लिकार्जुन खरगे

मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्ष की महारैली में कहा कि इतने सारे पार्टी नेता यहां क्यों बैठे हैं? वे सभी यहां हैं- इस देश, इसके संविधान और इसके लोगों को बचाने के लिए आये है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इंडिया ब्लॉक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी लोकतंत्र नहीं चाहते, वह तानाशाही में विश्वास करते हैं। खरगे ने कहा कि अगर बीजेपी ने संविधान का मसौदा तैयार किया होता, तो उन्होंने महिलाओं को वोट देने की अनुमति नहीं दी होती। लेकिन पंडित जवाहरलाल नेहरू और बाबा साहेब अंबेडकर वयस्क मताधिकार लेकर आए, जिससे सभी को वोट देने का अधिकार मिल गया, चाहे वह महिला हो या पुरुष

जिस दिन ये संविधान खत्म हो गया उस दिन ये देश नहीं बचेगा: राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन के नेता दिल से हम सब एक साथ हैं। आप सब का यहां स्वागत है। आज कल IPL के मैच चल रहे हैं। आपने मैच फिक्सिंग सुना होगा। उसमें बेमानी से प्लेयर को खरीदकर दबाव बनाकर जीता जाता है, उसे मैच फिक्सिंग कहते हैं। आज चुनाव में भी यही हो रहा है। एम्पायर उनका, हमारे दो खिलाड़ी को जेल में डाल दिया। ये 400 पार की बात करते हैं, लेकिन ये 180 के ऊपर नहीं जाएंगे। देश की सबसे बड़ी पार्टी के बैंक खाते बंद कर दिए। पोस्टर लगाना है, लेकिन पैसे नहीं हैं। नेताओं को जेल में डाला जाता है। ये मैच फिक्सिंग कर रहे हैं। ये काम नरेंद्र मोदी और देश के कुछ उद्योगपति कर रहे हैं। जिस दिन ये संविधान खत्म हो गया उस दिन ये देश नहीं बचेगा। इस देश को पुलिस की धमकी से नहीं चलाया जा सकता है। ये जनता तय करती है कि देश कैसे चलेगा।

अखिलेश यादव ने महारैली के मंच से भाजपा पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महारैली के मंच से अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन जैसे विपक्ष के नेताओं की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा कहती है कि वो विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, लेकिन मेरा मानना है कि वो दुनिया नहीं ब्रह्मांड की सबसे झूठी पार्टी है। वो 400 पार का नारा लगा रहे है, लेकिन असल में वो 400 हार रहे हैं।

सुनीता ने पढ़ा सीएम केजरीवाल का पत्र

सुनीता केजरीवाल ने ईडी की कस्टडी से भेजे गए पति अरविंद केजरीवाल के संदेश को रामलीला मैदान के मंच से पढ़कर सुनाया और केजरीवाल की 6 गारंटियों के बारे में भी बताया। मेरे प्यारे भारत वासियों, मैं आप से वोट नहीं, किसी को जीतने या हराने के लिए नहीं कह रहा हूं। मैं एक नया भारत बनाने का संकल्प लेना चाहता हूं। सबकुछ है भारत के पास फिर भी हमारा देश गरीब क्यों है। आज मैं जेल में हूं। भारतमाता दर्द में है। दर्द से कराह रही है। जब लोगों को रोटी नसीब नहीं होती, अच्छी शिक्षा नहीं मिलती है। बिना इलाज के लोग मर जाते हैं तो भारत माँ दुखी होती है।
सुनीता केजरीवाल ने सीएम केजरीवाल का पत्र पढ़ते हुए कहा कि 75 साल बाद भी सड़कें टूटी हैं। उस समय कुछ नेता लच्छेदार भाषण देते हैं। दोस्तों के साथ देश लुटाते हैं। आइए मिलकर नया भारत बनाते हैं। एक ऐसा भारत जहां हर हाथ को काम मिलेगा। जहां कोई गरीब नहीं होगा। हर बच्चे को अच्छी शिक्षा मिलेगी। हर किसी को अच्छा इलाज मिलेगा। देश के हर गांव में शानदार सड़कें होंगी, जहां दुनियाभर के युवा पढ़ने आएंगे। भारत के इतिहास को दुनियाभर को बताएंगे। जहां सबको न्याय मिलेगा। आज मैं देश के 140 करोड़ लोगों को आह्वान करता हूं कि अगर आप इंडिया गठबंधन को मौका देते हैं तो महान भारत बनाऊंगा। सिर्फ नाम से इंडिया गठबंधन नहीं दिल में इंडिया होगा।

केजरीवाल शेर है- सुनीता केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने रामलीला मैदान के मंच से पति की गिरफ्तारी को बीजेपी की चाल बताया। उन्होंने कहा कि जनता भजापा को इसका करारा जवाब देगी। सुनीता केजरीवाल ने कहा कि आज आप के केजरीवाल ने आप के लिए संदेश भेजा है। हमारे मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया। क्या ये सही किया। क्या आप मानते हैं कि केजरीवाल सच्चे देशभक्त और ईमानदार हैं। बीजेपी कहती है केजरीअल को इस्तीफा देना चाहिए। लोगों ने कहा कि इस्तीफा नहीं देना चाहिए। केजरीवाल शेर है। उन्हें ज्यादा दिन जेल में नहीं रख पाएंगे। शेर है वो शेर। जिस तरह वो लड़ रहे है वो फ्रीडम फाइटर है।

हम पुलवामा घटना पर श्वेत पत्र चाहते हैं: डेरेक ओ'ब्रायन

डेरेक ओ'ब्रायन ने कहा कि पुलवामा की त्रासदी के बाद, पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने सार्वजनिक रूप से कहा है कि नरेंद्र मोदी नहीं चाहते थे कि सच्चाई सामने आए। उन्होंने घटिया राजनीति क्यों की? हम चाहते हैं कि सच्चाई सामने आए, हम घटना पर श्वेत पत्र की मांग करते हैं। ओ'ब्रायन ने गिरफ्तार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन को अपनी पार्टी के समर्थन की घोषणा करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन, आप आत्मा से हमारे साथ हैं। मैं बता दूं कि एआईटीसी इंडिया ब्लॉक के साथ थी और है। मोदी गारंटी की शून्य वारंटी है।

यह अघोषित आपातकाल है: तिरुचि शिवा ने सीएम स्टालिन का पढ़ा संदेश

डीएमके के राज्यसभा नेता तिरुचि शिवा ने तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन का संदेश पढ़ा, भाजपा आलाकमान हताशा में गलतियां कर रहा है। हमारा गठबंधन बनने के बाद उनके लिए इंडिया शब्द ही कड़वा हो गया। वे सस्ती रणनीति में लगे हुए हैं। चुनी हुई सरकारों को गिराना और आईटी, ईडी, सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों को आजाद करना। उनसे जुड़ने वालों के खिलाफ मामले हटा दिए जाते हैं। लेकिन जो उनके खिलाफ खड़े होने की हिम्मत करता है उसे दंडित किया जाता है। यह अघोषित आपातकाल है। ये गिरफ्तारियां भाजपा से लड़ने के हमारे संकल्प को मजबूत करती हैं।

अगर आप तानाशाही से आजादी चाहते हैं तो इंडिया ब्लॉक का समर्थन करें: सीतारम येचुरी

सीपीआई (एम) के महासचिव सीताराम येचुरी ने महारैली में कहा कि यदि आप भ्रष्टाचार और तानाशाही से आजादी चाहते हैं, तो आपको भारतीय ब्लॉक के धर्मनिरपेक्ष मोर्चे का समर्थन करना होगा। उन्होंने जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया का नारा बुलंद किया।

चुनाव के समय वो बटन दबाएं जो इस सरकार को हटा दे- फारूक अब्दुल्ला

जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम और जम्मू-कश्मीर एनसी नेता फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि आज देश में सबको लड़ाया जा रहा है। आज मौका है हम उस हुकूमत को हराएं जिन्होंने ये हालात पैदा किए हैं। आज हम सभी एक हैं। फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और हेमंत सोरेन जैसे गिरफ्तार किए गए सभी नेता तभी आजाद होंगे जब आप सभी संविधान को थामेंगे।

झारखंड झुकेगा नहीं, INDIA रुकेगा नहीं- कल्पना सोरेन

हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने महारैली में कहा कि हमारा संघर्षों का इतिहास रहा है। आदिवासी, आधी आबादी की आवाज है। तानाशाही की ताकतें बढ़ रही हैं। हम सभी लोगों को भगवान राम के आदर्शो पर चलना है। उन्होंने कहा मैं महिला आदिवासी का प्रतिनिधत्व कर रही हूं। झारखंड झुकेगा नहीं, INDIA रुकेगा नहीं।

सत्ता में बैठे है वो लोग घमंडी हो गए है- तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने कहा कि दिल्ली के ऐतिहासिक मैदाव में मौजूद नेतागण और आए सभी लोगों का हम अभिनंदन करते है। मोदी जी जिस तरह से आंधी की तरह से आएं से थे वैसे ही तूफान की तरह चले जायेंगे। जिस हिसाब से देश में भाई को भाई से लड़ाया जा रहा है। जो लोग नारा लगाते है अबकी बार 400 के पार जनता ही उनकी मालिक है। जो लोग सत्ता में बैठे है वो लोग घमंडी हो गए है। विपक्ष में जो बैठा है उसका कर्तव्य है पूंछना। मोदी जी ने देश के युवाओं को कोई नौकरी नहीं दी है। इस दौरान तेजस्वी ने कहा कि तुम तो धोखेबाज हो वादा करके भूल जाते हो, रोज-रोज मोदी जी तुम ऐसा करोगे जनता रूठ गई तो हाथ मलोगे।

देश बहुत मुश्किल हालात से गुजर रहा है- महबूबा मुफ्ती

पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने रामलीला मैदान के मंच से भाजपा और केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इन्होंने चंदा में करप्शन किया। ईडी के जरिये वसूली की है। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि देश बहुत मुश्किल हालात से गुजर रहा है। क्या ये कलियुग का अमृतकाल है। जहां बिना कुछ पूछे बिना जांच के जेल में डाल दिया जाता है। ये उनके साथ हो रहा है जिन्हें देश की जनता चुनती है। जिन्हें बिना किसी अदालती आदेश के ऐसे लोगों को जेल में डाला जा रहा है। मैं कश्मीर में 5 साल से यही देख रही हूं।

हम यहां लोकतंत्र की रक्षा के लिए हैं: उद्धव ठाकरे

रामलीला मैदान में विपक्ष की महारैली से महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि अब उनका (बीजेपी का) सपना 400 (सीटें) पार करने का है। अब समय आ गया है कि एक पार्टी और एक व्यक्ति की सरकार को जाना होगा। उन्होंने कहा कि हम यहां चुनाव प्रचार के लिए नहीं हैं, हम यहां लोकतंत्र की रक्षा के लिए हैं। भाजपा ने उन लोगों को धोया, जिन पर उन्होंने कभी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। उन्होंने उन्हें वॉशिंग मशीन में धोया और साफ कर दिया। भ्रष्टाचारियों से भरी पार्टी कैसे सरकार चला सकती है? भाजपा इस रैली को ठगों की रैली कह रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | देश (india News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

Shashank Shekhar Mishra author

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com/ में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव ह...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited