'असल Holi मजेदार', बदसलूकी पर जापानी लड़की ने बयां की आपबीती, कहा- मैं 'डर' गई थी...

Japanese Woman Harassed on Holi: देश की राजधानी दिल्ली में होली पर इस जापानी लड़की को कथित रूप से परेशान किए जाने और उसे जबरन छूने से जुड़े वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने 11 मार्च, 2023 को एक किशोर समेत तीन लोगों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, लड़की जापानी पर्यटक पहाड़गंज में ठहरी थी और शुक्रवार को वह बांग्लादेश चली गई।

holi with japani woman

जापान मूल की युवती के साथ होली के दौरान ये सब कुछ पहाड़गंज इलाके में हुआ था। (वीडियो स्क्रीनग्रैबः @SwatiJaiHind)

तस्वीर साभार : टाइम्स नाउ ब्यूरो
Japanese Woman Harassed on Holi: जापान की जिस युवती के साथ दिल्ली में होली पर रंग लगाने के नाम पर बदसलूकी की गई, उसने देश छोड़ने के बाद अपने दिल का हाल बयान किया है। लड़की ने पूरे मामले के दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा है कि भारत की हर चीज से उन्हें प्यार है और इंडिया और जापान हमेशा दोस्त रहेंगे। उन्होंने इसके साथ ही यह भी बताया है कि आखिरकार उन्होंने होली पर अपने साथ हुई घटना से जुड़ा वीडियो क्यों डिलीट कर दिया था।
जापानी लड़की ने कहा- नौ मार्च को मैंने होली का वीडियो ट्वीट किया था। पर मेरी उम्मीद के मुकाबले जैसे रीट्वीट-डीएम बढ़े...मैं उससे डर गई थी। ऐसे में मैंने उस ट्वीट को डिलीट कर दिया। जो भी उस क्लिप से आहत हुए, हम उनसे माफी मांगते हैं। मैंने सुना था होली पर दिन में महिलाओं के लिए अकेले निकलना बेहद खतरनाक होता है। ऐसे में मैंने अपने 35 दोस्तों के साथ इवेंट में हिस्सा लिया पर बदकिस्मती से इस तरह की स्थिति पनप गई।
बकौल फिरंगी युवती, "जिस वीडियो पर लोग भड़के उसे किसी कैमरामैन ने नहीं शूट किया था। यह सिर्फ मौके की बात थी और अचानक ही उस पूरे वाकये की वीडियो क्लिप बन गई थी। आप यह समझें कि मेरा मकसद होली के दौरान होने वाले नुकसान और असामान्य चीजों को दर्शाना नहीं था। वीडियो में तो नजर न आ सका, मगर कैमरामैन और अन्य लोग मेरी मदद करने की कोशिश कर रहे थे। जिस जगह वीडियो शूट किया गया, वह देश की सबसे असुरक्षित जगहों में गिनी जाती है और मैंने पर्व में वहीं हिस्सा लिया था।"
उन्होंने आगे बताया- असल में होली का त्यौहार कमाल का और मजेदार है। हालांकि, हम वीडियो और टि्वटर के जरिए कई लोगों की चिंता बढ़ाने के लिए उनसे माफी मांगते हैं। मेरा मकसद सिर्फ रंगों के त्यौहार के सकारात्मक पहलू और आनंद को दर्शाना था। मैं माफी मांगती हूं। इस घटना के साथ पुलिस ने अपने ऐक्शन को कड़ा करने का वादा किया है और हमें उम्मीद है कि अगले साल से महिलाओं के खिलाफ शोषण की घटनाओं में कमी आएगी।
हिंदुस्तान से अपने दिली लगाव को लेकर महिला ने यह भी कहा, "मोटा-मोटी मुझे इंडिया की हर चीज पसंद हैं। मैं भारत में कई बार रही हूं और यह मन मोह लेने वाला मुल्क है। यह इतना बढ़िया देश है कि अगर आपके साथ इस तरह की घटना हो भी जाए, फिर भी आप इससे नफरत नहीं कर सकते हैं। भारत और जापान हमेशा “Tomodachi” (दोस्त) रहेंगे।"

Holi 2023 पर जापानी लड़की के साथ क्या हुआ था? देखें

लड़की बांग्लादेश पहुंच चुकी है और वह फिलहाल मानसिक और शारीरिक रूप से फिट है। दरअसल, घटना से जुड़े वायरल वीडियो में कुछ लोग उन्हें रंग लगा रहे थे, जबकि वह असहज जान पड़ीं। इस बीच, एक युवक ने उनके सिर पर अंडा भी फोड़ा और वह आगे ‘बाय बाय’ कहती हुई सुनी गईं।
पुलिस की ओर से इस सिलसिले में 11 मार्च, 2023 को कहा गया- लड़की ने कोई शिकायत नहीं की है और न ही उसने अपने देश के दूतावास से संपर्क किया है। वीडियो में नजर आने वाले लोगों की पहचान कर ली गई है और एक नाबालिग समेत तीन व्यक्तियों को पकड़ा गया है। तीनों ने अपनी संलिप्तता कबूली है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | देश (india News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

लेटेस्ट न्यूज

अभिषेक गुप्ता author

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited