Lok Sabha Updates: विपक्ष के हंगामे के बीच PM मोदी का तीखा हमला, बोले-परजीवी पार्टी बन गई है कांग्रेस

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को भाजपा पर देश में सांप्रदायिक आधार पर विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया, वहीं भाजपा ने इसका विरोध किया और खुद पीएम मोदी ने राहुल को नसीहत दी।

Modi vs Rahul

लोकसभा में चर्चा

Lok Sabha Updates Today: लोकसभा में राष्ट्रपति के भाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का आज दूसरा दिन है। सोमवार 1 जुलाई को लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई सांसदों ने अपने भाषण में मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी को निशाने पर लिया था। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में पहुंचे हैं। पीएम के सदन में आते ही विपक्ष के सदस्य शोर मचाने लगे। पीएम ने राष्ट्रपति का आभार जताया। पीएम ने कहा कि कल और आज कई माननीय सदस्यों ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर अपने विचार रखे हैं। विशेष तौर पर जो पहली बार सासंद बनकर हमारे बीच आए। उनमें से कुछ साथियों ने अपने जो विचार व्यक्त किए, संसद के सभी नियमों का पालन करते हुए किए। उन्होंने अनुभवी सांसदों जैसा व्यवहार किया। पहली बार संसद में आने के बावजूद उन्होंने सदन की गरिमा बढ़ाई। लोकसभा में पीएम मोदी के संबोधन का अपडेट्स इस प्रकार है-

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे

कल नेता प्रतिपक्ष ने पेपर लीक पर चिंता जताई। सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अत्यंत गंभीर है और युद्धस्तर पर अपनी जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए कदम उठा रहे हैं। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को कतई नहीं छोड़ा जाएगा। देश भर में लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं। केंद्र सरकार पहले ही एक कड़ा कानून बना चुकी है। एनडीए सरकार ने बीते 10 वर्षों में विकास को अपना सबसे बड़ा संकल्प बताया है।

सुप्रीम कोर्ट के टिप्पणी का हवाला दिया

पिछले 18 साल में प्राइवेट सेक्टर में जॉब क्रिएशन सबसे बड़ा रिकॉर्ड बना है। आज भारत डिजिटल पेमेंट सिस्टम में पूरी दुनिया में उदाहरण बना है। भारत प्रगति कर रहा है तो चुनौती और प्रतिस्पर्धा भी बढ़ रही है। कुछ लोग भारत की तरक्की देखना नहीं चाहते। वे साजिशें रच रहे हैं। इस बारे में सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि ऐसा लगता है इस महान देश की प्रगति पर संदेह प्रकट करने उसे कम करने और संभव मोर्चे पर कमजोर करने का एक ठोस प्रयास किया जा रहा है। इस तरह के किसी भी प्रयत्न या प्रयास को आरंभ में ही रोक देना चाहिए। देश में कुछ ऐसे लोग हैं जो ऐसी ताकतों की मदद कर रहे हैं। देशवासियों को ऐसी ताकतों से सतर्क रहने की जरूरत है।

हम युद्ध युग की फौज बना रहे हैं

सीडीएस व्यवस्था बनने के बाद देश में सुरक्षा के लिए जरूरी थियेटर कमांड की दिशा में प्रगति हो रही है। सेना को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम चल रहा है। हमारी देश की सेना युवा होनी चाहिए। सेना में युवाओं की ताकत बढ़ानी चाहिए। हम युद्ध युग की फौज बना रहे हैं। सेना में ऐसे सुधारों को हम आगे बढ़ा रहे हैं। सेना को आधुनिक बना रहे हैं। कांग्रेस सरकार में जब थी तो फाइटर जेट नहीं लिए। जब हमने कोशिश की तो वह साजिश पर उतर आई। कांग्रेस हर रिफॉर्म का विरोध करती है। कांग्रेस किसके लिए सेना को कमजोर करना चाहती है।

कल हमारे देवी-देवताओं का अपमान हुआ

मैं आज गंभीर विषय पर देशवाशियों का ध्यान आकर्षित करना चाहता हूं। कल जो हुआ उसे देशवासी माफ नहीं करेंगे। 131 साल पहले स्वामी विवेकानंद जी ने शिकागो में कहा था कि मुझे गर्व है कि मैं उस धर्म से आता हूं जिसने पूरी दुनिया को सहिष्णुता और वैश्विक स्वीकृति सिखाई है। हिंदू सहनशील है, हिंदू अपनत्व को लेकर जीने वाला समूह है। इसी कारण भारत का लोकतंत्र, भारत की इतनी विविधिताएं, आज उसी के कारण पनपी है। गंभीर बात है कि आज हिंदुओं पर कलंक लगाने की साजिश हो रही है। हिंदू हिंसक होते हैं। यह आपकी नफरत है। यह है आपकी सोच। यह देश शताब्दियों तक इसे भूलने वाला नहीं है। आप किस शक्ति के विनाश की बात करते हैं। हमारे देवी-देवताओं का अपमान देश के नागरिकों के मन को चोट पहुंचाया गया। सदन के कल के दृश्यों को देखकर हिंदू समाज को सोचना होगा कि यह संयोग है कि कुछ और है। हमारी सेनाएं देश का अभिमान हैं।

देशवासियों को सत्य जानना बहुत जरूरी

140 देशवासियों के सामने सच्चाई सामने रखना चाहता हूं। देशवासियों को इस सत्य को जानना बहुत जरूरी है। आपातकाल का यह 50वां वर्ष है। आपातकाल सिर्फ और सिर्फ सत्ता के लोभ के खातिर तानाशाही मानसिकता के कारण देश पर थोपा गया। कांग्रेस क्रूरता की सभी हदें पार कर दी। उसने देश के ताने-बाने को छिन्न-भिन्न करने का काम किया। सरकारों को गिराना, मीडिया को दबाना, हर कारनामे संविधान की भावना के खिलाफ इसने किया। ये वो लोग हैं जिन्होंने दलितों, पिछड़ों के साथ घोर अन्याय किया है। इसी कारण से बाबा साहब अंबेडकर ने कांग्रेस की दलित विरोधी मानसिकता के कारण नेहरू जी की कैबिनेट से इस्तीफा दिया था। बाबा साहब को चुनाव में हराया गया। इस पराजय का इन्होंने जश्न मनाया। कांग्रेस ने आरक्षण का विरोध किया। नेहरू जी ने आरक्षण के विरोध में चिट्ठी लिखी। इंदिरा गांधी ने मंडल कमीशन को दबाए रखा। राजीव गांधी का सबसे लंबा भाषण आरक्षण के विरोध में था।

तमाचा मारने की एक निर्लज्ज कोशिश

मताओं एवं बहनों को हर महीने 5,800 रुपए देने का झूठ बोला। ईवीएम को लेकर झूठ, संविधान को लेकर झूठ, आरक्षण को लेकर झूठ, उससे पहले राफेल, एलआईसी, एचएएल, बैंकों को लेकर झूठ बोले। कर्मचारियों को भी भड़काने का काम किया। कल अग्निवीर को लेकर झूठ बोला गया। कल यहां असत्य बोला गया कि एमएसपी नहीं दिया जा रहा है। जीतकर आए लोग संविधान की गरिमा से खिलवाड़ करें, यह शोभा नहीं देता। वे जब अराजकता के इस रास्ते पर जाएंगे तब देश गंभीर संकट की तरफ जा रहा है, इसका सबूत मिल रहा है। सदन की गरिमा से खिलवाड़ संविधान निर्माताओं का अपमान है। देश की आजादी के लिए जान गंवाने वाले वीर पुरुषों का अपमान है। कल जो हुआ है। वह गंभीरता से लिए बिना संसदीय लोकतंत्र को हम रक्षित नहीं कर पाएंगे। इन हरकतों को बालक बुद्धि कहकर या मानकर अब नजरंदाज नहीं करना चाहिए। मैं इसलिए कह रहा हूं कि इसके पीछे इरादे नेक नहीं हैं। इरादे गंभीर खतरे के हैं। देशवासियों को मैं जगाना चाहता हूं कि इन लोगों का झूठ हमारे देश के नागरिकों की विवेक बुद्धि पर आशंका प्रकट करता है। यह देश की विवेक बुद्धि पर तमाचा मारने की एक निर्लज्ज कोशिश है।

कल यहां बालक बुद्धि का विलाप चल रहा था-पीएम

कल यहां बालक बुद्धि का विलाप चल रहा था। कल संसद में यही चल रहा था। सहानुभूति हासिल करने के लिए यह नया ड्रामा चलाया गया। लोग जो यह सच्चाई जानते हैं कि रुपए के हेराफेरी के मामले में जमानत पर बाहर हैं। ये ओबीसी केस में सजा पा चुके हैं। इनको गैर-जिम्मेदार बयान के लिए सर्वोच्च अदालत में माफी मांगनी पड़ी है। इन पर वीर सावरकर का अपमान करने का मुकदमा है। ये बालक बुद्धि अपनी सीमाएं खो देती थी। विवेक खो देने पर सदन के भीतर आंखे मारते हैं। आज देश इनसे कह रहा है कि तुमसे नहीं हो पाएगा। तुमसे ना हो पाएगा। तुलसीदास जी कह गए हैं..झूठहि लेना, झूठहि देना, झूठहि भोजन और झूठहि चबेना। कांग्रेस केवल झूठ बोल रही है।

कांग्रेस परजीवी पार्टी बन चुकी है-पीएम मोदी

16 राज्यों में जहां कांग्रेस अकेले लड़ी वहां उसका वोट शेयर गिर चुका है। गुजरात, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में इन तीन राज्यों में जहां कांग्रेस अपने दम पर लड़ी और 64 में सिर्फ दो सीट जीत पाई। इसका साफ मतलब है इस चुनाव में कांग्रेस पूरी तरह परजीवी बन चुकी है। वह अपने सहयोगी दलों के कंधों पर चड़कर सीटों का यह आंकड़ा बढ़ाया है। कांग्रेस अपने सहयोगियों की वोट नहीं खाई होती तो इतनी सीटें जीतना मुश्किल था।

'तीसरी बार सत्ता में आना ऐतिहासिक घटना है'

एनडीए का तीसरी बार सत्ता में आना ऐतिहासिक घटना है। आजादी के बाद दूसरी बार यह अवसर दूसरी बार और 60 साल के बाद आया है। यह कठिन परिश्रम के बाद आता है। यह राजनीतिक खेल से नहीं बल्कि जनता की सेवा और उसकी आशीर्वाद से होता है। लोकसभा के साथ-साथ चार राज्यों में विधानसभा चुनाव हुए। इन चार राज्यों में एनडीए ने शानदार विजय प्राप्त की। ओडिशा में हमें लोगों ने आशीर्वाद दिया। आंध्र प्रदेश में एनडीए ने क्लीन स्वीप किया। अभी छह महीने पहले राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हमें प्रचंड जीत मिली। हमने केरल में खाता खोला है। तमिलनाडु में कई सीटों पर भाजपा ने दमदार उपस्थिति दर्ज की। कर्नाटक, यूपी और राजस्थान में पिछली बार की तुलना में भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ा है। महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में चुनाव होने हैं। यहां चुनाव हम जीतेंगे।

शोले फिल्म की मौसी का जिक्र

मुझे एक किस्सा याद आता है। एक बालक अपने मार्क्सशीट से खेला करता था। सबको दिखाता था कि कितने अच्छे मार्क्स आए हैं। लोग भी 99 देखते थे तो उसे शाबासी देते थे। टीचर ने पूछा कि किस बात की मिठाई बांट रहे हो, ये तो 100 में से 99 नहीं बल्कि 543 में से 99 लाया है। यह कौन समझाए कि तुमने फेल होने का रिकॉर्ड बना दिया है। कांग्रेस की बयानबाजी ने शोले फिल्म को पीछे छोड़ दिया है। शोले फिल्म की मौसी आपको याद होंगी। तीसरी बार तो हारे हैं..पर मौसी यह बात तो सही है। 13 राज्यों में इनकी जीरों सीटें आई हैं। अरे मौसी हीरो तो हैं न। पार्टी की लुटिया तो डूबी है..लेकिन पार्टी अभी सांस तो ले रही है। कांग्रेस से मैं कहना चाहता हूं कि जनादेश को फर्जी जीत के जश्न में मत दबाओ। ईमानदारी से देशवासियों के जनादेश को समझने और स्वीकार करने का प्रयास करो। मुझे नहीं पता कि कांग्रेस के साथी दलों ने इस चुनाव का विश्लेषण किया है कि नहीं। यह चुनाव इन साथियों के लिए भई संदेश है। अब कांग्रेस 2024 से एक परजीवी कांग्रेस पार्टी के रूप में जानी जाएगी। 2024 से जो कांग्रेस है वह परजीवी कांग्रेस है। परजीवी वह होता है जो उस शरीर के साथ रहता है और उसी शहर को खाता है। कांग्रेस भी जिस पार्टी के साथ गठबंधन करती है, उसी का वोट खा जाती है। इसीलिए कांग्रेस परजीवी कांग्रेस बन चुकी है।

बच्चे से लोग कहते थे कि देखों चींटी मर गई-पीएम

जनता ने कांग्रसे को भी जनादेश दिया है। उसे विपक्ष में बैठने का जनादेश दिया है। तर्क खत्म हो जाए तो चीखते और चिल्लाते रहो। कांग्रेस का इतिहास का यह मौका है जब लगातार तीन बार कांग्रेस 100 आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। कांग्रेस के इतिहास में ये तीसरी सबसे बड़ी हार है। तीसरा सबसे खराब प्रदर्शन है। अच्छा होता कांग्रेस अपनी हार स्वीकार करती। आत्ममंथन करती लेकिन ये तो शीर्षासन करने में लगे हुए हैं। कांग्रेस और उसकी सयहोगी पार्टियां हिंदुस्तान के लोगों के मन में यह डालने की कोशिश कर रही हैं, उन्होंने हमें हरा दिया है। ऐसा क्यों हो रहा है..मैं बताता हूं जब कोई छोटा बच्चा साइकिल लेकर निकला है तो बच्चा गिर जाता है, रोने लगता है तो कोई बड़ा व्यक्ति आकर उससे कहता है कि देखो चींटी मर गई। चिड़िया उड़ गई। बड़े लोग बच्चे का ध्यान भटकाते हैं और उसका मन बहला देते हैं। आज कल बच्चे का मन बहलाने का काम चल रहा है। कांग्रेस के लोग और उनका इको सिस्टम आज कल मन बहलाने का काम कर रहा है। 1984 के चुनाव के बाद इस देश में लोकसभा के 10 चुनाव हुए। 1984 के बाद कांग्रेस 250 के आंकड़े को छू नहीं पाई है। इस बार किसी तरह 99 के चक्कर में फंस गए।

तीसरे टर्म में हम तीन गुना स्पीड से काम करेंगे-पीएम

हम चार करोड़ गरीबों के लिए घर बना चुके हैं। इस कार्यकाल में हम तीन करोड़ और घर बनाएंगे। 10 साल के बाद हमें अपने ही रिकॉर्ड तोड़ने हैं। देश की अर्थव्यवस्था को तीसरे नंबर पर ले जाना है। हमारे तीसरे टर्म में हम तीन गुना स्पीड से काम करेंगे। हमारी तीसरे टर्म का मतलब है कि हम तीन गुना शक्ति लगाएंगे। हम देश को तीन गुना परिणाम लाकर देंगे।

जम्मू-कश्मीर में पत्थरबाजी बंद है-पीएम

2014 से पहले आतंकवादी जहां चाहे वहां हमला करते थे। 2014 के बाद का हिंदुस्तान घर में घुसकर मारता है। सर्जिकल और एयर स्ट्राइक करता है। आतंक के आकाओं का भी सामर्थ्य दिखाता है। आज देश का हर नागरिक जानता है कि अपनी सुरक्षा के लिए भारत कुछ भी कर सकता है। अनुच्छेद 370 की पूजा करने वाले लोगों ने जम्मू कश्मीर के लोगों के अधिकार छीन लिए थे। यहां संविधान सिर पर रखकर नाचने वाले लोग जम्मू कश्मीर में लागू करने का साहस नहीं कर पाते थे। इनके दौर में सेनाओं पर पत्थर चलते थे। लोग कहते थे कि जम्मू-कश्मीर का कुछ नहीं हो सकता है। अनुच्छेद 370 की दीवार गिरी, पत्थरबाजी बंद है। लोकतंत्र मजबूत है। भारत का संविधान वहां लागू है। लोग बढ़चढ़कर मतदान करने आ रहे हैं।

लोग कहते थे कि इस देश का कुछ नहीं हो सकता-पीएम

2014 के सम हर जगह से यही सुनाई देता था कि इस देश का कुछ नहीं हो सकता। उस समय आए दिन घोटाले की खबरें पढ़ने को मिलती थीं। रोज नए घोटाले। यह घोटालों का एक कालखंड था। बेशर्मी के साथ सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर लिया जाता था कि दिल्ली से एक रुपए निकलता है तो 15 पैसे पहुंचता है। भाई-भतीजावाद इतना फैला हुआ था कि आम युवा को नौकरी मिलना मुश्किल था। गैस के कनेक्शन के लिए सांसदों के यहां लाइन लगती थी। बिना कट दिए गैस के कनेक्शन नहीं मिलते थे।

'विकसित भारत का लाभ सभी को

हम चुनाव में जनता के बीच गए। जनता ने विकसित भारत के संकल्प को चार चांद लगाकर हमें विजयी बनाकर देश की जनता की सेवा करने का मौका दिया। जब देश विकसित होता है, तो कोटि-कोटि जन के सपने पूरे होते हैं। जब देश विकसित होता है तो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत नींव उनके सपनों को पूरा करने के लिए तैयार होती है। विकसित भारत का सीधा-सीधा लाभ हमारे देश के नागरिकों को मिलता है, हमारे देश के नागरिकों की जीवन गुणवत्ता में सुधार होता है। गांव के जीवन में गौरव, गरिमा और विकास होता है। विकसित भारत का मतलब कोटि-कोटि नागरिकों को कोटि-कोटि अवसर उपलब्ध होते हैं।

हम संतुष्टिकरण के विचार को लेकर चले

इस देश ने लंबे अरसे तक तुष्टिकरण की राजनीति देखी। हम संतुष्टिकरण के विचार को लेकर चले हैं। हर योजना के तहत हम समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचते हैं। देश की जनता ने हमारी नीतियों पर मुहर लगाई है।

दुनिया भर में भारत का गौरव बढ़ा है-पीएम

आज दुनिया भर में भारत की साख बढ़ी है। दुनिया भर में भारत का गौरव बढ़ा है। इसका अनुभव हर भारतवासी करता है। देश की जनता ने देखा है कि हमारा एकमात्र लक्ष्य नेशन फर्स्ट है। हमारी हर नीति, हमारे हर निर्णय, हमारे हर कार्य का एक ही तराजू रहा है-भारत प्रथम। भारत की प्रथम की भावना के अनुसार हमने देश में आवश्यक सुधार किए। ये सुधार लगातार जारी हैं। 10 वर्ष हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास मंत्र को लेकर लोगों का कल्याण करने का प्रयास करती रही है।

10 साल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला-पीएम

पीएम ने कहा-हमें हर कसौटी पर कसने के बाद देश की जनता ने जनादेश दिया है। जनता ने हमारे 10 साल के ट्रैक रिकॉर्ड को देखा है। जनता ने देखा है कि गरीबों के कल्याण के लिए हमने जिस समर्पण भाव से जन सेवा ही प्रभु सेवा इस मंत्र को चरितार्थ करते हुए जो कार्य किया है, उसके द्वारा 10 साल में 25 करोड़ गरीब, गरीबी से बाहर निकले हैं। आजादी के कालखंड में इतने कम समय में इतने लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का यह सफल प्रयास इस चुनाव में हमारे लिए आशीर्वाद का कारण बना है।

सौमित्र खान बोले, बंगाल में हो रही भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या

लोकसभा की कार्यवाही के दौरान पश्चिम बंगाल के बिष्णुपुर से बीजेपी सांसद सौमित्र खान ने कहा, पश्चिम बंगाल में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के अलावा कोई चुनाव नहीं होता है। पश्चिम बंगाल में ये परंपरा बन गई है कि वो बात नहीं सुनेंगे। चाहे राज्यपाल हों, राष्ट्रपति हो और अदालत। चुनाव आयोग या केंद्रीय बलों की अनुपस्थिति में पश्चिम बंगाल में चुनाव नहीं हो सकते हैं। पश्चिम बंगाल में पंचायत या नगरपालिका चुनाव नहीं होते हैं। उन्होंने 200 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं को मार डाला है। हाल के चुनावों के बाद हमारे युवा मोर्चा कार्यकर्ता की हत्या कर दी गई। टीएमसी ने कूच बिहार में एक महिला को नग्न कर घुमाया, टीएमसी विधायक ने कहा कि यह एक मुस्लिम राष्ट्र है और एक महिला को सड़क पर पीटा गया।

अखिलेश बोले, ये चलने वाली सरकार नहीं है

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोकसभा में कहा- ये चलने वाली नहीं गिरने वाली सरकार है। लगता है जैसे कोई हारी हुई सरकार यहां बैठी है। मतदाताओं ने लोकतंत्र को एकतंत्र बनने से रोका। इस चुनाव में जोड़ने वाली राजनीति की जीत हुई। चुनाव परिणाम ने बताया कि मनमर्जी नहीं अब जनमर्जी चलेगी। वाराणसी में लोग क्योटो को ढूंढ़ रहे हैं। सरकार 5 ट्रिलियन इकोनॉमी की बात करती है, लेकिन हम हंगर इंडेक्स में कहां खड़े हैं।

एनडीए बैठक में पीएम मोदी ने दिया मंत्र

एनडीए संसदीय दल की बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, .आज, पीएम ने हमें एक मंत्र दिया जो बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सांसद देश की सेवा के लिए सदन में चुना गया है। चाहे वे किसी भी पार्टी के हों देश की सेवा हमारी पहली जिम्मेदारी है। हर एनडीए सांसद को देश को प्राथमिकता देकर काम करना है, यही पीएम ने आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पीएम ने सांसदों के आचरण को लेकर भी हमारा अच्छा मार्गदर्शन किया अपने निर्वाचन क्षेत्र के मामलों को सदन में बहुत अच्छी तरह से रखें, उन्होंने हमें हित के अन्य प्रमुख मुद्दों में विशेषज्ञता विकसित करने के लिए भी कहा - चाहे वह पानी हो, पर्यावरण हो, सामाजिक क्षेत्र हो, इसलिए पीएम ने हमें उन क्षेत्रों में विशेषज्ञता विकसित करने के लिए कहा एनडीए सांसदों से आग्रह किया कि वे संसद के नियमों, संसदीय लोकतंत्र प्रणाली और आचरण का पालन करें जो एक अच्छा सांसद बनने के लिए आवश्यक है... मुझे लगता है कि पीएम का यह मार्गदर्शन सभी सांसदों, खासकर पहली बार के सांसदों के लिए एक अच्छा मंत्र है... हमने इस मंत्र का पालन करने का निर्णय लिया है।

राहुल ने बोला पुरजोर हमला

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को भाजपा पर देश में सांप्रदायिक आधार पर विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया जिस पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने जोरदार तरीके से विरोध जताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पूरे हिंदू समाज को हिंसक कहना बहुत गंभीर विषय है। राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाये गए धन्यवाद प्रस्ताव पर विपक्ष की ओर से चर्चा की शुरुआत करते हुए कहा कि हिंदू कभी हिंसा नहीं कर सकता, कभी नफरत और डर नहीं फैला सकता। उन्होंने भाजपा पर युवाओं, छात्रों, किसानों, मजदूरों, दलितों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों में डर पैदा करने का आरोप भी लगाया।

राहुल के भाषणों का हिस्सा हटाया

हालांकि, लोकसभा में दिए गए राहुल के भाषणों का वो हिस्सा हटा दिया गया है जिस पर सत्ता पक्ष की ओर से आपत्ति जताई गई थी। स्पीकर ओम बिरला के निर्देश पर राहुल की कई टिप्पणियां हटाई गई हैं। इनमें हिंदुओं के लेकर बयान, आरएसएस पर बयान को हटाया गया है। बता दें कि राहुल ने कहा था कि हिंसा फैलाने वाले भाजपा के लोग हिंदू नहीं हैं। कोई हिंदू ऐसा काम कर ही नहीं सकता। बता दें कि बतौर नेता विपक्ष राहुल गांधी का सदन में यह पहला भाषण था। राहुल के इन्ही हमलों के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने बीच में ही उठकर कहा कि पूरे हिंदू समाज को हिंसक कहना...यह बहुत गंभीर विषय है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | देश (india News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

अमित कुमार मंडल author

करीब 18 वर्षों से पत्रकारिता के पेशे से जुड़ा हुआ हूं। इस दौरान प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल का अनुभव हासिल किया। कई मीडिया संस्थानों में मिले अनुभव ने ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited