सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने वाला शख्स जमशेदपुर से गिरफ्तार, ऐसे आया गिरफ्त में

शुरुआती धमकी भरा संदेश 18 अक्टूबर को मुंबई ट्रैफिक पुलिस के कंट्रोल रूम के नंबर पर भेजा गया था। कुछ दिनों बाद मुंबई ट्रैफिक पुलिस को उसी नंबर से एक और संदेश मिला...

सलमान खान धमकी मामले में शख्स गिरफ्तार

Threat to Salman Khan: सलमान खान को धमकी भरे संदेश भेजने के मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने जमशेदपुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान जमशेदपुर के सब्जी विक्रेता शेख हुसैन शेख मौसिन (24) के रूप में हुई है। पिछले सप्ताह मुंबई यातायात पुलिस की व्हाट्सऐप हेल्पलाइन पर अभिनेता से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग वाला एक धमकी भरा संदेश मिला था, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

माफी वाला संदेश भी मिला था

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने झारखंड में उस नंबर का पता लगाया और आरोपी को पकड़ने के लिए टीम भेजी गईं। उन्होंने बताया कि एक अन्य टीम गुवाहाटी भी भेजी गई। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने संदेश भेजने वाले का पता लगाने के लिए अपनी जांच शुरू की, लेकिन मुंबई यातायात पुलिस को उसी मोबाइल फोन नंबर से एक माफी वाला संदेश मिला है।

मुंबई पुलिस के मुताबिक, मुंबई ट्रैफिक पुलिस को धमकी भरा संदेश मिलने के बाद उसने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस ने कहा कि जमशेदपुर में स्थानीय पुलिस की मदद से जांच की गई और आज संदेश भेजने वाले को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे मुंबई लाया जाएगा। इससे पहले 21 अक्टूबर को, मुंबई पुलिस को इसी आरोपी की ओर से माफी का संदेश मिला थी जिसने 18 अक्टूबर को खान को धमकी दी थी। माफी वाले संदेश में कहा गया था कि संदेश गलती से भेजा गया था।

End Of Feed