​'झारखंड में बदल रही 'डेमोग्राफी', मुस्लिम युवकों से शादी कर रहीं आदिवासी महिलाएं', निशिकांत दुबे की राज्य में NRC की मांग

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राज्य में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (NRC) की कवायद शुरू करने की मांग की। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों को केंद्र शासित क्षेत्र बनाने की मांग की। निम्न सदन में शून्यकाल के दौरान गोड्डा से सांसद ने कहा कि झारखंड में आदिवासी समुदायत की आबादी 10 फीसदी तक घट गई है।

मुख्य बातें
  • झारखंड के गोड्डा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं निशिकांत दुबे
  • लोकसभा में शून्य काल के दौरान कहा कि राज्य की डेमोग्राफी बदल रही
  • भाजपा सांसद ने कहा कि आदिवासी महिलाएं मुस्लिमों से शादी कर रही हैं
Nishikant Dubey : झारखंड से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने गुरुवार को लोकसभा में दावा किया कि राज्य में मुस्लिमों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। भाजपा सांसद ने राज्य में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (NRC) की कवायद शुरू करने की मांग की। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों को केंद्र शासित क्षेत्र बनाने की मांग की। निम्न सदन में शून्यकाल के दौरान गोड्डा से सांसद ने कहा कि झारखंड में आदिवासी समुदायत की आबादी 10 फीसदी तक घट गई है और आदिवासी महिलाएं मुस्लिम युवकों से शादी कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में घटती आदिवासी जनसंख्या पर रोक लगाने के लिए सत्तासीन झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है।

पूछा-दस फीसदी आदिवासी कहां खो गए?

भाजपा सांसद ने कहा कि विपक्ष के तमाम नेता आज एक ही बात कह रहे हैं कि संविधान खतरे में है। हालांकि, सच्चाई कुछ और है। संविधान नहीं, कुछ लोगों की राजनीति खतरे में है। बिहार से अलग होकर जब झारखंड एक अलग राज्य बना था तब संथाल परगना क्षेत्र में 2000 में आदिवासियों की संख्या 36 फीसदी थी जो आज 26 फीसदी है। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि दस फीसदी आदिवासी कहां खो गए? इस विषय पर इस सदन में कभी बात नहीं होती, सिर्फ वोट बैंक की राजनीति होती है।

हमारे यहां, 123 प्रतिशत आबादी बढ़ी -निशिकांत

उन्होंने कहा कि हर जगह प्रत्येक पांच साल में 15-17 प्रतिशत वोटर बढ़ता है लेकिन हमारे यहां, 123 प्रतिशत आबादी बढ़ी है। मेरे लोकसभा क्षेत्र में आने वाले विधानसभा क्षेत्र मधुपुर में लगभग 267 बूथों पर मुसलमानों की आबादी 117 प्रतिशत बढ़ गई है। झारखंड में 25 ऐसी विधानसभा सीटें हैं जहां की आबादी 123 प्रतिशत, 110 प्रतिशत आबादी बढ़ी है, यह चिंता का विषय है।

यूनियन टेरिटरी बने मालदा-मुर्शिदाबाद

उन्होंने कहा कि पाकुड़ जिला में तारानगर इलामी, डांगापाड़ा में दंगा हो गया। दंगा इसलिए हुआ क्योंकि बंगाल से ममता बनर्जी की पुलिस और मालदा, मुर्शिदाबाद से लोग आकर हमारे लोगों को भगा रहे हैं। हिंदू गांव का गांव खाली हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि 'यह मैं ऑन रिकार्ड कह रहा हूं और सीरियस विषय है। अगर मेरी बात गलत होगी तो मैं इस्तीफा दे दूंगा। बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद से लोगों ने आकर हिंदुओं पर जुल्म किया। झारखंड पुलिस कोई काम नहीं कर पा रही है। उन्होंने आगे कहा कि पूरा मालदा, मुर्शिदाबाद, अररिया, कटिहार, किशनगंज से आकर लोगों ने हिंदुओं पर जुल्म किया। भारत सरकार से मैं इस मामले में हस्तक्षेप करने और इन इलाकों को यूनियन टेरिटरी बनाने की मांग करता हूं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | देश (india News) और बजट 2024 (Union Budget 2024) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

आलोक कुमार राव author

करीब 20 सालों से पत्रकारिता के पेशे में काम करते हुए प्रिंट, एजेंसी, टेलीविजन, डिजिटल के अनुभव ने समाचारों की एक अंतर्दृष्टि और समझ विकसित की है। इ...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited