​'झारखंड में बदल रही 'डेमोग्राफी', मुस्लिम युवकों से शादी कर रहीं आदिवासी महिलाएं', निशिकांत दुबे की राज्य में NRC की मांग

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राज्य में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (NRC) की कवायद शुरू करने की मांग की। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों को केंद्र शासित क्षेत्र बनाने की मांग की। निम्न सदन में शून्यकाल के दौरान गोड्डा से सांसद ने कहा कि झारखंड में आदिवासी समुदायत की आबादी 10 फीसदी तक घट गई है।

मुख्य बातें
  • झारखंड के गोड्डा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद हैं निशिकांत दुबे
  • लोकसभा में शून्य काल के दौरान कहा कि राज्य की डेमोग्राफी बदल रही
  • भाजपा सांसद ने कहा कि आदिवासी महिलाएं मुस्लिमों से शादी कर रही हैं
Nishikant Dubey : झारखंड से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने गुरुवार को लोकसभा में दावा किया कि राज्य में मुस्लिमों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। भाजपा सांसद ने राज्य में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (NRC) की कवायद शुरू करने की मांग की। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों को केंद्र शासित क्षेत्र बनाने की मांग की। निम्न सदन में शून्यकाल के दौरान गोड्डा से सांसद ने कहा कि झारखंड में आदिवासी समुदायत की आबादी 10 फीसदी तक घट गई है और आदिवासी महिलाएं मुस्लिम युवकों से शादी कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में घटती आदिवासी जनसंख्या पर रोक लगाने के लिए सत्तासीन झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है।

पूछा-दस फीसदी आदिवासी कहां खो गए?

भाजपा सांसद ने कहा कि विपक्ष के तमाम नेता आज एक ही बात कह रहे हैं कि संविधान खतरे में है। हालांकि, सच्चाई कुछ और है। संविधान नहीं, कुछ लोगों की राजनीति खतरे में है। बिहार से अलग होकर जब झारखंड एक अलग राज्य बना था तब संथाल परगना क्षेत्र में 2000 में आदिवासियों की संख्या 36 फीसदी थी जो आज 26 फीसदी है। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि दस फीसदी आदिवासी कहां खो गए? इस विषय पर इस सदन में कभी बात नहीं होती, सिर्फ वोट बैंक की राजनीति होती है।
End Of Feed