पीएम मोदी की सुरक्षा में आज सिर्फ महिला सुरक्षाकर्मी तैनात, प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति को किया नमन

Modi on International Women's Day: पीएम मोदी की सुरक्षा में आज सिर्फ महिला सुरक्षाकर्मी तैनात की गई है। प्रधानमंत्री आज गुजरात का दौरा करेंगे। वहीं अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उन्होंने नारी शक्ति को नमन किया है। नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर कहा कि आज भारत महिलाओं की आवश्यकताओं और उनकी आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बना रहा है, निर्णय ले रहा है।

PM modi gujarat visit

पीएम मोदी (फाइल फोटो)

PM Modi's Security: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शनिवार को गुजरात के नवसारी जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिए पूर्णतः महिला पुलिस सुरक्षा तैनात की गई हैं। गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने घोषणा की कि भारत के इतिहास में यह पहली बार है कि किसी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था की देखरेख केवल महिला पुलिसकर्मी करेंगी। संघवी ने कहा, 'अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुजरात पुलिस एक अनूठी पहल कर रही है। प्रधानमंत्री के वानसी बोरसी गांव में हेलीपैड पर पहुंचने से लेकर कार्यक्रम के समापन तक सुरक्षा के हर पहलू का प्रबंधन केवल महिला पुलिस अधिकारी ही करेंगी।'

पीएम मोदी की सुरक्षा में आज सिर्फ महिला सुरक्षाकर्मी तैनात

सुरक्षा तैनाती में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों से लेकर कांस्टेबल तक यानि सभी रैंकों के पुलिसकर्मी शामिल होंगे। कुल मिलाकर 2,100 से अधिक कांस्टेबल, 187 उप-निरीक्षक, 61 पुलिस निरीक्षक, 16 पुलिस उपाधीक्षक, पांच पुलिस अधीक्षक, एक पुलिस महानिरीक्षक और एक अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ड्यूटी पर रहेंगे। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और गृह सचिव निपुण तोरावणे सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे और इस पहल का निर्बाध क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।

महिला दिवस पर दुनिया को एक शक्तिशाली संदेश देने की कोशिश

प्रधानमंत्री मोदी इस समय गुजरात और केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली के दो दिवसीय दौरे पर हैं। अपने कार्यक्रम के तहत वह शनिवार को वानसी बोरसी गांव में 'लखपति दीदी सम्मेलन' को संबोधित करेंगे। संघवी ने इस पहल के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह महिला दिवस पर दुनिया को एक शक्तिशाली संदेश देगा और गुजरात की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को प्रदर्शित करेगा।

प्रधानमंत्री राज्य सरकार की दो प्रमुख पहलों - जी-सफल (आजीविका बढ़ाने के लिए अंत्योदय परिवारों के लिए गुजरात योजना) और जी-मैत्री (ग्रामीण आय में परिवर्तन के लिए व्यक्तियों की गुजरात मेंटरशिप और त्वरण) का शुभारंभ करेंगे, जिनका उद्देश्य ग्रामीण आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

जी-मैत्री योजना उन स्टार्टअप्स को समर्थन देने के लिए तैयार की गई है, जो वित्तीय सहायता प्रदान करके एक स्थायी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देते हैं। इस बीच, जी-सफल कार्यक्रम गुजरात के दो आकांक्षी जिलों और 13 आकांक्षी ब्लॉकों पर ध्यान केंद्रित करते हुए अंत्योदय परिवारों की महिलाओं द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता और उद्यमशीलता प्रशिक्षण प्रदान करेगा।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पीएम मोदी ने नारी शक्ति को किया नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मातृ शक्ति को नमन किया। सोशल मडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने एक वीडियो शेयर कर दुनिया की सभी विद्याओं को देवी के स्वरूप की ही अभिव्यक्ति बताया। प्रधानमंत्री मोदी अपने एक्स पोस्ट में लिखा, 'हम महिला दिवस पर अपनी नारी शक्ति को नमन करते हैं! हमारी सरकार ने हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए काम किया है, जो हमारी योजनाओं और कार्यक्रमों में झलकता है। आज, जैसा कि वादा किया गया था, मेरी सोशल मीडिया प्रॉपर्टीज़ उन महिलाओं द्वारा संभाली जाएंगी जो विविध क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं!'

पीएम मोदी बोले- भारत में आज वूमेन लीड डेवलपमेंट का दौर है

वीडियो में पीएम मोदी ने कहा, 'सभी विद्याएं देवी के ही विभिन्न स्वरूपों की अभिव्यक्ति हैं और जगत की समस्त नारी शक्ति में भी उनका ही प्रतिरूप है। हमारी संस्कृति में बेटियों का सम्मान सर्वोपरि रहा है। इस सदी में ग्लोबल ग्रोथ में एक बहुत बड़ा फैक्टर महिलाओं की भागीदारी का होने वाला है। जो देश, जो समाज जितनी अधिक भागीदारी महिलाओं को देगा, उतना ही तेजी से ग्रो करेगा। भारत में आज वूमेन लीड डेवलपमेंट का दौर है।'

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'नारी, नीति, निष्ठा, निर्णय शक्ति और नेतृत्व की प्रतिबिंब होती हैं। आज भारत महिलाओं की आवश्यकताओं और उनकी आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बना रहा है, निर्णय ले रहा है। देश की नई शक्ति विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की सबसे बड़ी गारंटी है। तो आइए इस बार महिला दिवस पर हम सब मिलकर अदम्य नारी शक्ति को सेलिब्रेट करें, सम्मान करें, नमन करें।'

बता दें कि हर साल 8 मार्च को विश्व भर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मान देने और उनकी सराहना करने का अवसर है। इस दिन को महिलाओं के आर्थिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में योगदान के उत्सव के तौर पर देखा जाता है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुरुआत 1909 में हुई थी, और इसे औपचारिक मान्यता 1975 में मिली, जब संयुक्त राष्ट्र ने इसे एक थीम के साथ मनाना शुरू किया। इस खास दिन पर महिलाओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया जाता है, उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहन मिलता है, और भेदभाव को खत्म कर समानता व उनके अधिकारों पर जोर दिया जाता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

आयुष सिन्हा author

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रक...और देखें

End of Article

© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited