संजय सिंह की गिरफ्तारी से भड़का विपक्ष, केजरीवाल बोले- हताश हैं पीएम मोदी; जानें किस नेता ने क्या कहा?

Sanjay Singh Arresting: संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद सियासत में उबाल आ गया है। विपक्षी नेताओं ने मोदी सरकार पर तीखे हमले तेज कर दिए हैं। तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं केजरीवाल ने ये दावा किया है कि मोदी जी आजाद भारत के सबसे भ्रष्ट प्रधानमंत्री हैं।

Sanjay Singh

संजय सिंह की गिरफ्तारी से सियासत में आया उबाल।

Delhi News: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को दिल्ली के कथित शराब घोटाले मामले में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इस घोटाले में ईडी की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिसमें आप नेता की गिरफ्तारी हुई है। इससे पहले मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी हुई थी। सिंह की गिरफ्तारी के बाद से विपक्ष भड़का हुआ है। बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेता भाजपा पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। वहीं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ये दावा किया है कि मोदी जी आजाद भारत के सबसे भ्रष्ट प्रधानमंत्री हैं। आपको बताते हैं कि आप नेता की गिरफ्तारी पर किस नेता ने क्या प्रतिक्रिया दी।

संजय सिंह की गिरफ्तारी पर क्या बोले केजरीवाल?

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आप नेता संजय सिंह के आवास पर पहुंचे। केजरीवाल अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल के साथ AAP सांसद संजय सिंह के परिवार के सदस्यों से मिले। संजय सिंह को दिल्ली शराब घोटाला मामले में ED ने गिरफ्तार कर लिया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि "आम आदमी पार्टी एक कट्टर ईमानदार पार्टी है। सब जानते हैं कि ईमानदारी का रास्ता बहुत कठिन होता है। आज अगर हम ईमानदारी का रास्ता छोड़ दें तो हमारी सारी समस्याएं खत्म हो जाएगी। इनकी दुखती रग यही है कि ये लोग सिर से पैर तक भ्रष्टाचारी हैं और इनके पास हमारी ईमानदारी का काउंटर नहीं है। इन लोगों ने हमें बदनाम करने की हर संभव कोशिश कर ली है। पिछले एक साल से इन्होंने शराब घोटाले का नया राग अलापा है। इन लोगों ने हजारों रेड मारी लेकिन इन लोगों को कुछ नहीं मिला। बस जबरन लोगों को गिरफ्तार किए जा रहे हैं।"
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, "आज इन्होंने संजय सिंह को गिरफ्तार किया। संजय सिंह नरेंद्र मोदी जी के भ्रष्टाचार के खिलाफ देश के सबसे बुलंद आवाज हैं। मोदी जी सर से पैर तक भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। मुझे लगता है कि मोदी जी आजाद भारत के सबसे भ्रष्ट प्रधानमंत्री हैं। कल जब इनकी सरकार नहीं रहेगी और इनके कारनामों की जांच की जाएगी तब पता चलेगा कि इन्होंने कितना भ्रष्टाचार किया है। उस भ्रष्टाचार के खिलाफ संसद के अंदर और बाहर संजय सिंह की आवाज थी जो मोदी जी से बर्दाश्त नहीं हो रही थी।"

बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भाजपा को कोसा

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने दिल्ली शराब नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा आप सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि जिस भी राज्य में क्षेत्रीय पार्टियां अच्छा काम कर रही हैं, वहां भाजपा उनके लिए परेशानी खड़ी कर रही है। पटना में पत्रकारों से बात करते हुए यादव ने कहा कि संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पांचवां समन भेजा गया है।

अखिलेश यादव ने मोदी सरकार पर लगाया आरोप

वहीं AAP सांसद संजय सिंह की गिरफ़्तारी पर समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में कहा कि 'ED, IT, CBI... लगातार जो घटनाक्रम हो रही है उससे विपक्ष के नेता इसके लिए पहले से तैयार हैं, यह कोई नई चीज़ नहीं हो रही है। दुर्भाग्य इस बात का है कि जो लोग जनता द्वारा चुनकर आए हैं वहीं इस तरीके का अन्याय कर रहे हैं।'

संजय सिंह के पिता से क्या बोले मनोज झा?

AAP सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर राजद सांसद मनोज झा ने कहा, "संजय सिंह जी की गिरफ्तारी ED ने नहीं की है, उन्हें भाजपा की इकाई ने गिरफ्तार किया है जिसमें ED, IT और CBI शामिल है। काले दिन शुरू हो गए हैं, तानाशाही के इस युग में, जो डर गया वो मर गया। तानाशाह खुद डरे हुए हैं। इस डर का जवाब जल्द ही दिया जाएगा।" दिल्ली में RJD सांसद मनोज झा ने AAP सांसद संजय सिंह के पिता दिनेश सिंह से कहा, "कोई चिंता नहीं करनी है।" मनोज झा ने दिनेश सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। बुधवार की शाम संजय सिंह को ED द्वारा गिरफ्तार किया गया है, सुबह से ED आबकारी नीति मामले में संजय सिंह के आवास पर छापेमारी कर रही थी।

ओमप्रकाश राजभर ने कहा- कुछ न कुछ तो है

AAP सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बोला कि कोई न कोई मामला है तभी ED-CBI गिरफ्तार कर रही है। संजय सिंह जी अगर निर्दोष हैं तो न्यायालय है और वे बरी हो जाएंगे। वहीं गुजरात आम आदमी पार्टी प्रमुख इसुदान गढ़वी ने कहा, "पूरी भाजपा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम को नुकसान पहुंचाने के तरीके ढूंढने में लगी है। एजेंसियों को कुछ नहीं मिलेगा। मनीष सिसोदिया के यहां भी कुछ नहीं मिला था।"
जदयू नेता के.सी. त्यागी ने कहा, "सरकार के इशारे पर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। जांच एजेंसी खुद भी जांच के घेरे में आ गई है। मैं संजय सिंह जी की गिरफ्तारी की निंदा करता हूं। काफी लंबे समय वे सरकार की गलत नीतियों को खिलाफ आवाज उठा रहे थे। जान बूझकर दिल्ली सरकार और AAP को बदनाम करने के लिए कार्रवाई की गई है। शासक दल के नए सहयोगी और साथी बने हैं, जिसमें ED और CBI प्रमुख हैं। हम जांच एजेंसियों के खिलाफ नहीं है उनके दुरुपयोग के खिलाफ हैं। हमें लगता है कि विपक्षी दल के प्रमुख नेताओं के विरुद्ध समय-समय पर बदले की भावना से ये कार्रवाई की जाती है।"

बेटे की गिरफ्तारी पर क्या बोलीं संजय सिंह की मां?

आप सांसद संजय सिंह की मां राधिका सिंह ने कहा, "एक निर्दोष व्यक्ति को इस प्रकार से गिरफ्तार करना गुनाह है। मेरा बेटा निर्दोष है, इतना ईमानदार लड़का मैंने नहीं देखा है... ये सारे आरोप बेबुनियाद हैं।"

मोदी के मंत्रियों ने कहा- 'न खाऊंगा न खाने दूंगा'

केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा, "विपक्ष के लोग शासन की व्यवस्था में राज करने और अपने घर परिवार को बेहतर करने के लिए आए हैं। ये मोदी सरकार है जिसने तय किया है कि ना खाऊंगा ना खाने दूंगा। देश की जांच एजेंसियां भारत के नियम और कानून के तहत बनाई गई है ताकि देश में भ्रष्टाचार न हो। भ्रष्टाचार करने के लिए इन्हें हमने नहीं कहा है अगर भ्रष्टाचार किया है तो जांच भी होगी और सजा भी होगी।"
AAP सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, "जो लोग भ्रष्टाचार करेंगे तो कानून तो अपना काम करेगा। मोदी जी ने कहा था न खाऊंगा न खाने दूंगा तो बेईमान लोगों को होशियार रहना चाहिए था। भ्रष्टाचार है तभी तो ईडी और CBI काम कर रही है। हमारे पास क्यों नहीं आती ईडी और CBI तु्म्हारे पास ही क्यों आती है? ईडी और CBI को वेतन इसलिए मिलता कि वो बेईमान के खिलाफ कार्रवाई कर सके।"
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | देश (india News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

आयुष सिन्हा author

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रक...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited