Rahul Gandhi Manipur: कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को मणिपुर के चुराचांदपुर कैंप पहुंचे और वहां हिंसा पीड़ितों से मुलाकात की। इस दौरान राहुल गांधी ने मणिपुर हिंसा पीड़ितों के परिवारों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना और उसे सरकार के सामने उठाने का भरोसा दिलाया।
राहुल गांधी हिंसा प्रभावित परिवारों की से की मुलाकात
राहुल गांधी ने जिब्रम और चुराचांदपुर जिलों में राहत शिविरों का दौरा कर मैतेई और कुकी-जोस के बीच जातीय हिंसा से विस्थापित लोगों से बातचीत की। हिंसा पिछले साल 3 मई को शुरू हुई थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के. मेघचंद्र ने पत्रकारों से कहा- "राहुल गांधी के दौरे का उद्देश्य लोगों को सहायता प्रदान करना और जमीनी स्तर पर स्थिति का आकलन करना है। उनका दौरा हालिया हिंसा से प्रभावित लोगों की चिंताओं को दूर करने के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।"
राज्यपाल से भी राहुल गांधी करेंगे मुलाकात
शाम छह बजे उनका राजभवन में राज्यपाल अनुसुइया उइके से भी मुलाकात का कार्यक्रम है। राज्य में जातीय हिंसा भड़कने के बाद राहुल गांधी ने पहले भी दो बार इस क्षेत्र का दौरा किया था। हाल ही में संसद सत्र के दौरान संसद में भी राहुल गांधी ने ये मुद्दा उठाया था। मणिपुर दौरे से पहले राहुल गांधी ने असम के सिलचर में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने केंद्र से राज्य को हरसंभव मदद और सहायता तत्काल मुहैया कराने का आग्रह किया।
मणिपुर पर राहुल गांधी का फोकस
राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा और लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत मणिपुर से की थी। मणिपुर की दो लोकसभा सीटें भी कांग्रेस के खाते में गईं - आंतरिक मणिपुर से अंगोमचा बिमोल अकोईजाम और बाहरी मणिपुर (अनुसूचित जनजाति) आरक्षित सीट से अल्फ्रेड कान-नगाम आर्थर ने जीत हासिल की है।
