Nitish News: RJD को अब भी नीतीश पर भरोसा, 'बिहार की महागठबंधन सरकार में सबकुछ ठीक'

RJD On Nitish Kumar: बिहार के सियासी गलियारों में ये चर्चाएं होने लगी हैं कि नीतीश कुमार कभी भी महागठबंधन की सरकार से इस्तीफा दे सकते हैं, तो उधर लालू की राष्ट्रीय जनता दल को अभी भी भरोसा है कि सरकार में सब कुछ ठीक है। जानिए फिलहाल आरजेडी का क्या रुख है।

Nitish Kumar Next Plan For Bihar

नीतीश कुमार और लालू के बीच अब नहीं बनेगी बात?

Bihar Political Crisis: नीतीश कुमार ने लालू यादव और उनकी पार्टी आरजेडी से एक बार फिर नाता तोड़ने का मन बना लिया है, हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। मगर राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं को अब भी भरोसा है कि बिहार में महागठबंधन की सरकार में सबकुछ ठीक है। आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी और सांसद मनोज झा ने सारी अटकलों को खारिज किया है।

महागठबंधन की सरकार में सब कुछ ठीक- RJD

बिहार में राजनीतिक अनिश्चितता की स्थिति के बीच गठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने शनिवार को कहा कि राज्य में ‘महागठबंधन’ सरकार में सब कुछ ठीक है। राजद के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, 'राज्य में ‘महागठबंधन’ सरकार में सब कुछ ठीक है... जब चीजें सामान्य हैं।' हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि अगर कल कुछ अभूतपूर्व होता है तो राजद स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है।
तिवारी ने आगे कहा, 'मीडिया के एक वर्ग में राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति को लेकर काफी खबरें सामने आ रही है, ऐसे में तस्वीर साफ करना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जिम्मेदारी बनती है। चूंकि वह राज्य में ‘महागठबंधन’ सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं, इसलिए उन्हें स्थिति को स्पष्ट करना चाहिए।' उन्होंने कहा कि जनता ने राज्य में ‘महागठबंधन’ सरकार द्वारा किए गए कार्यों को देखा है।

मनोज झा का दावा, अफवाह से पैदा हुई है बेचैनी

राजद सांसद मनोज कुमार झा कहते हैं, 'ये सब अफवाह है और इस अफवाह से जो बेचैनी पैदा हुई है, उसे सिर्फ सीएम नीतीश कुमार ही संभाल सकते हैं। बिहार एक पूरे देश में चर्चा का विषय है, और अच्छे कारणों से भी, मुझे कोई दरार नहीं दिख रही है। अंत में इस 'महागठबंधन' के मुखिया नीतीश कुमार हैं। लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव ने विपक्षी गठबंधन INDIA की नींव रखी, जिसका उद्देश्य था पीएम मोदी द्वारा की जा रही नफरत की राजनीति को हराने के लिए।'
इस बीच विपक्षी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव पर चर्चा के लिए शनिवार को अपने सांसदों और विधायकों की बैठक बुलाई है। कुछ पहले तक नीतीश के लिए अपने दरवाजे बंद करने की बात कहने वाली भाजपा ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं, पर राष्ट्रीय जनतांत्रित गठबंधन (राजग) में उनकी संभावित वापसी के पर्याप्त संकेत दिए हैं। हालांकि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बृहस्पतिवार शाम दिल्ली में मुलाकात करने वाले भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा था कि बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई थी।

क्या बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी?

भाजपा के जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के साथ फिर से गठबंधन की अटकलों पर चौधरी ने कहा था, 'हमारे स्तर पर ऐसी किसी बात पर चर्चा नहीं हुई है।' उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि कल पटना में राज्य के नेताओं की बुलाई गयी बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव पर चर्चा होगी। वहीं सुशील से शुक्रवार को जब भाजपा के रुख के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा था, 'जहां तक जदयू या नीतीश कुमार का सवाल है, राजनीति में दरवाजा स्थायी तौर पर बंद नहीं रहते, आवश्यक्ता पड़ने पर दरवाजे खुल भी सकते हैं। लेकिन वे खुलेंगे या नहीं यह हमारे केंद्रीय नेतृत्व को तय करना है।'
एक अलग घटनाक्रम में बिहार कांग्रेस नेता शकील अहमद खान ने शनिवार दोपहर दो बजे पूर्णिया में पार्टी विधायकों और पूर्व विधायकों की बैठक बुलाई है। उन्होंने उन खबरों का भी खंडन किया कि बैठक का राज्य के नवीनतम राजनीतिक घटनाक्रम से कोई लेना-देना है। खान ने कहा कि सभी कांग्रेस विधायक वर्तमान और पूर्व तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता 29 जनवरी को बिहार में प्रवेश करने वाली राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' से संबंधित तैयारियों पर चर्चा करने के लिए शनिवार को पूर्णिया में बैठक कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | देश (india News) और चुनाव के समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |

लेटेस्ट न्यूज

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए...और देखें

End of Article

© 2024 Bennett, Coleman & Company Limited