वक्फ बिल पेश होने से पहले लामबंद हुआ विपक्ष, तेजस्वी, PK, बर्क ने सरकार को दिखाए तेवर, लोकसभा में आज पेश होगा संशोधन विधेयक

Waqf Amendment Bill 2025 : सरकार वक्फ संशोधन विधेयक 2025 बुधवार को लोकसभा में पेश करने जा रही है। इस विधेयक के खिलाफ विपक्ष और लामबंद हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल, समाजवादी पार्टी और जनसुराज पार्टी ने इस विधेयक के खिलाफ अपने तेवर दिखाए और सरकार को निशाने पर लिया।

On Waqf Amendment Bill

वक्फ संशोधन विधेयक 2025।

Waqf Amendment Bill 2025 : सरकार वक्फ संशोधन विधेयक 2025 बुधवार को लोकसभा में पेश करने जा रही है। इस विधेयक के खिलाफ विपक्ष और लामबंद हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल, समाजवादी पार्टी और जनसुराज पार्टी ने इस विधेयक के खिलाफ अपने तेवर दिखाए और सरकार को निशाने पर लिया। राजद नेता तेजस्वी यादव ने इस विधेयक को 'असंवैधानिक' करार दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस संशोधन विधेयक को स्वीकार नहीं करेगी। समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान बर्क ने कहा कि यह विधेयक मुस्लिमों के अधिकारों को छीनने वाला है। तो वहीं जन सुराज पार्टी के मुखिया एवं चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कहा कि इस विधेयक के पारित होने के लिए भाजपा से ज्यादा नीतीश कुमार जिम्मेदार होंगे।

'नागपुर का कानून' थोपना चाहती है भाजपा-तेजस्वी

संशोधन बिल पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि यह एक असंवैधानिक विधेयक है। हम लोग संविधान में विश्वास करते हैं। भाजपा 'नागपुर का कानून' थोपना चाहती है। इस हम लोग स्वीकार्य नहीं करेंगे। हम 'गंगा-जमुनी तहजीब' में भरोसा करते हैं। विविधता देश की पहचान है। इस विधेयक का विरोध हमने संसद के दोनों सदनों और बिहार विधानभा में किया है। हम आज भी इस संशोधन विधेयक का विरोध करेंगे। लालू जी की तबीयत खराब है, फिर भी उन्होंने प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

ध्रुवीकरण के लिए जल्दबाजी में इसे लेकर आई सरकार-पीके

वहीं, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि वह इस संशोधन विधेयक को हिंदू या मुसलमान के खिलाफ नहीं देखते। यदि आप कोई ऐसा बदलाव करने जा रहे हैं जिससे एक समुदाय प्रभावित होगा तो उस समुदाय के लोगों को पहले भरोसे में लेना चाहिए। मुस्लिमों की एक बड़ी आबादी इस विधेयक को लेकर डरी हुई है। पीके ने कहा, 'उन्हें लगता है कि सरकार ध्रुवीकरण के लिए जल्दबाजी में इसे लेकर आई है। लोकसभा में सरकार के पास बहुमत है। नीतीश कुमार जैसे दलों के समर्थन से वह इसे संसद में पेश करने जा रही है। नीतीश जैसे नेता यदि समर्थन नहीं करते तो यह विधेयक संसद में नहीं आ पाता। यदि यह विधेयक पारित होता है तो भाजपा से ज्यादा नीतीश कुमार जिम्मेदार होंगे।'

हम इस विधेयक के खिलाफ-बर्क

वक्फ बिल पर संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जिया उर रहमान बर्क ने कहा कि हम पहले से ही इस विधेयक के खिलाफ हैं। यह बिल जब पहली बार संसद में आया तो हमारी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने इसका विरोध किया। इस विधेयक में कई चीजें ऐसी हैं जो मुस्लिमों के अधिकारों को छीन रही हैं। जेपीसी में भी इसकी खामियां दूर नहीं हुईं। आज जब यह संशोधन विधेयक लोकसभा में आएगा तो हम इसका खुलकर और मजबूती से विरोध करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

आलोक कुमार राव author

करीब 20 सालों से पत्रकारिता के पेशे में काम करते हुए प्रिंट, एजेंसी, टेलीविजन, डिजिटल के अनुभव ने समाचारों की एक अंतर्दृष्टि और समझ विकसित की है। इ...और देखें

End of Article

© 2025 Bennett, Coleman & Company Limited